उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू हो गईं। जौनपुर के डोभी स्थित श्री गणेश राय इंटर कॉलेज में परीक्षा के पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
हाईस्कूल (10वीं) के छात्रों के लिए हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा पहली पाली में संपन्न हुई। वहीं, इंटरमीडिएट (12वीं) के विद्यार्थियों के लिए हिंदी और सामान्य हिंदी की परीक्षाएं दूसरी पाली में आयोजित की गईं।
पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित थी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए थे।
परीक्षा के पहले दिन छात्र समय पर अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। श्री गणेश राय इंटर कॉलेज के गेट पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति देखी गई। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसके लिए प्रशासन द्वारा पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
श्री गणेश राय इंटर कॉलेज, कर्रा के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उनके विद्यालय में हाईस्कूल के 1045 और इंटरमीडिएट के 943 छात्र उपस्थित थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.