भास्कर न्यूज | सासाराम
सासाराम के तेतरी गांव निवासी संतोष दूबे के पुत्र शुभम दुबे ने झारखंड का मान बढ़ाया। दुबई में आयोजित चौथे सिस्टोबॉल इंटरनेशनल मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत से देशभर में खेल प्रेमियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। झारखंड सिस्टोबॉल संघ के अध्यक्ष अवनीश यादव और सचिव राशिद अंसारी ने भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों को हार्दिक बधाई दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। विशेष रूप से बिहार के रोहतास जिले तेतरी गाँव के निवासी खिलाड़ी शुभम दुबे का चयन इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड से हुआ था। शुभम दुबे ने बेहतरीन प्रदर्शन कर न केवल झारखंड बल्कि अपने जिले रोहतास का भी नाम रोशन किया है। उनके इस योगदान से क्षेत्र में खेल के प्रति युवाओं का उत्साह और बढ़ा है। स्थानीय खेल प्रेमी दया दुबे, इंडिया सेस्टो बॉल संघ के जनरल सेक्रेटरी मोहम्मद आकिब अहमद तथा कोच अंकुर सिंघल ने खिलाड़ी को उसकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई दीं। लोगों ने शुभम दुबे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि बिहार सासाराम और झारखंड के लिए गर्व का क्षण है और आने वाले समय में राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.