पाकिस्तान में 28.9 फ़ीसदी हुई ग़रीबी दर, पूर्व वित्त मंत्री बोले- असल में बहुत ज़्यादा – BBC

पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. भूकंप की तीव्रता 5.6 थी, इसकी गहराई 73 किलोमीटर थी और इसका केंद्र अफ़ग़ानिस्तान के हिंदुकुश इलाक़े में था.
सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा
इमेज स्रोत, CSEM-EMSC
पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. भूकंप की तीव्रता 5.6 थी, इसकी गहराई 73 किलोमीटर थी और इसका केंद्र अफ़ग़ानिस्तान के हिंदुकुश इलाक़े में था.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, भूकंप के झटके शाम 6:10 बजे महसूस किए गए थे. भूकंप ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के कई इलाक़ों में महसूस किया गया. इनमें संघीय राजधानी इस्लामाबाद, स्वात, पेशावर और एबटाबाद शामिल हैं.
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक़,भूकंप से कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ. हालांकि, भूकंप आने पर लोग घबरा गए थे और अपने घरों से बाहर निकल आए.
इमेज स्रोत, ANI
बीजेपी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन किया.
इससे पहले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआई इम्पैक्ट समिट में टी-शर्ट उतारकर विरोध किया था. बीजेपी नेताओं ने इसे दुनिया के सामने 'भारत की छवि खराब करने वाला काम' बताया था.
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे भाजयुमो के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया. इनका कहना है कि राहुल गांधी के कहने पर ही यूथ कांग्रेस ने एआई समिट में विरोध किया था. इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला भी जलाया.
इससे पहले बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस पर हमला किया था.
बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कांग्रेस के विरोध को 'शर्मनाक' बताया. वहीं यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने इसे लोकतांत्रिक अधिकार कहा.
इमेज स्रोत, Wodicka/ullstein bild via Getty Images
गुजरात हाई कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि, "पत्नी के मायके में बिना बताए रात बिताने पर पति एक बार थप्पड़ मारता है तो यह क्रूरता नहीं माना जाएगा. इसे भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 498A के तहत वैवाहिक क्रूरता का अपराध नहीं माना जाएगा."
बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस गीता गोपी ने यह टिप्पणी उस समय की जब उन्होंने एक व्यक्ति को बरी कर दिया. उस व्यक्ति को पहले सेशंस कोर्ट ने पत्नी के साथ क्रूरता करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दोषी ठहराया था.
जज ने अपनी टिप्पणी में कहा, "पत्नी के मायके में बिना बताए रात बिताने पर पति की ओर से एक बार थप्पड़ मारने की घटना को आपराधिक क्रूरता नहीं माना जा सकता."
जस्टिस गीता गोपी ने कहा कि भले ही लगातार मारपीट के आरोप लगाए गए थे, लेकिन कभी भी पुलिस या समाज के बुज़ुर्गों के सामने कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई. इसके अलावा, ऐसी मारपीट से चोट लगने का कोई मेडिकल सबूत या इलाज का काग़ज़ भी पेश नहीं किया गया.
कोर्ट ने अभियुक्त की आपराधिक अपील को मंज़ूरी दी. इस अपील में उसने 2003 में वलसाड की सेशंस कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उसे आईपीसी की धारा 498A (क्रूरता) और 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत दोषी ठहराया गया था.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)
इमेज स्रोत, MEA India
विदेश मंत्रालय ने स्वीकार किया कि भारत ऑब्ज़र्वर के तौर पर बोर्ड ऑफ़ पीस की बैठक में शामिल हुआ. साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'ग़ज़ा पीस प्लान' का समर्थन भी किया.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता की. इसमें उन्होंने कहा कि भारत ने वाशिंगटन डीसी में हुई बोर्ड ऑफ़ पीस बैठक में शिरकत की थी. इस बैठक में भारत बतौर ऑब्ज़र्वर शामिल हुआ था. भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'ग़ज़ा पीस प्लान' की पहल को समर्थन किया.
जब रणधीर जायसवाल से भारत-पाकिस्तान संघर्ष के मद्देनज़र ट्रंप के दावे के बारे में पूछा गया तो जायसवाल ने कहा कि भारत के रक्षा मंत्रालय ने यह बात पहले ही स्पष्ट कर दी है. इस संबंध में आप रक्षा मंत्रालय से संपर्क करें, क्योंकि ये ऑपरेशनल जानकारियां हैं.
इमेज स्रोत, x/IYC
दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया.
बीजेपी नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की है. जबकि यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि हमारा मक़सद केवल विरोध करना था, लोकतांत्रिक देश में इतना अधिकार होता है.
यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, "हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, इससे देश की छवि को नुक़सान नहीं पहुंचता. छवि तब ख़राब होती है जब देश के प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे बड़े यौन अपराधी (जेफ़री एपस्टीन) की सलाह पर काम करते हैं."
कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर फ़िलहाल बड़े नेताओं की प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने इसे दुनिया के सामने 'छवि धूमिल करने वाला कृत्य' बताया है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "जब पूरा विश्व भारत को एआई इम्पैक्ट समिट की मेज़बानी करते हुए देख रहा था और तकनीक व नवाचार के क्षेत्र में हमारे बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बन रहा था, उस समय कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना."
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी इसकी निंदा की है.
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार और चुनाव आयोग के बीच चल रहे गतिरोध पर सुनवाई की. कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में न्यायिक अधिकारियों को शामिल करने के निर्देश दिए हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ़ जस्टिस से कहा है कि वे सेवारत और कुछ पूर्व एडीजे रैंक के न्यायिक अधिकारियों को नियुक्त करें, ताकि वे एसआईआर प्रक्रिया में लोगों की आपत्तियों और दावों पर फ़ैसला लेने में मदद करें.
कोर्ट ने पश्चिम बंगाल की राज्य सरकार को हाईकोर्ट के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि उनके काम करने के लिए माहौल बनाएं.
लाइव लॉ के मुताबिक़, न्यायिक अधिकारी इस प्रक्रिया में इलेक्टोरल रजिस्टर ऑफ़िसर (ईआरओ) का काम करेंगे. कोर्ट ने यह क़दम इसलिए उठाया क्योंकि इस बात पर विवाद था कि क्या राज्य ने पर्याप्त ग्रुप बी अधिकारी (एसडीएम स्तर के) चुनाव आयोग को दिए हैं ताकि वे ईआरओ के रूप में काम कर सकें.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पश्चिम बंगाल राज्य और चुनाव आयोग के बीच दुर्भाग्यपूर्ण आरोप-प्रत्यारोप का खेल चल रहा है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने एसआईआर प्रक्रिया को लागू करने में पश्चिम बंगाल राज्य के 'असहयोग' की निंदा की.
कोर्ट ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि राज्य सरकार ईआरओ-एईआरओ के लिए योग्य अधिकारी मुहैया करा पाने में नाकाम रही है.
इमेज स्रोत, Sean Gallup/Getty Images
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि वे रूस से समझौते के लिए तैयार हैं, लेकिन ऐसा समझौता नहीं जो आज़ादी और संप्रभुता की क़ीमत पर हो.
ज़ेलेंस्की ने क्योडो न्यूज़ से बातचीत करते हुए कहा, "हम अमेरिका के साथ समझौते पर बात करने को तैयार हैं. लेकिन रूस से बार-बार अल्टीमेटम लेने के लिए नहीं. वे हमलावर हैं. सबने इसे माना है. बहुत से देश जो शुरुआत से ही इस युद्ध में मध्यस्थ बने या बनने की कोशिश करते रहे, वे सब मानते हैं कि रूस ही हमलावर है."
ज़ेलेंस्की ने कहा कि हम कॉम्प्रोमाइज़ कर रहे हैं कि हमलावर से समझौते की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "रूस ने हमारे लगभग 20% इलाक़े पर क़ब्ज़ा कर लिया. फिर भी हम इस समय शांति की बात करने को तैयार हैं, इस आधार पर कि 'जहां हम हैं, वहीं रहें', यह बड़ा कॉम्प्रोमाइज़ है."
ज़ेलेंस्की ने सवाल उठाया, "रूस हमें कॉम्प्रोमाइज़ करने के बाद भी क्या देता है? वे कहते हैं कि हम आपके बाक़ी इलाक़ों पर क़ब्ज़ा नहीं करेंगे. लेकिन यह आतंकवाद है. ऐसी भाषा भी आतंकवाद है."
"मैं तुम्हें मारने के लिए तैयार नहीं हूं, हमें सब कुछ दे दो. इसका मतलब क्या है? यह समझौता नहीं है. यह अल्टीमेटम है. इसलिए मैंने कहा, हम ऐसे समझौते के लिए तैयार हैं जो यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता, हमारी सेना, हमारे लोग और हमारे बच्चों का सम्मान करे. लेकिन हम अल्टीमेटम के लिए तैयार नहीं हैं."
इमेज स्रोत, x/IYC
दिल्ली में चल रही एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की.
कांग्रेस ने इस विरोध को अपना कर्तव्य बताया, जबकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर देश की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया.
इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "एआई समिट के चमकदार मंच के पीछे सच दबाया नहीं जा सकता. जब देशहित से ऊपर कॉरपोरेट हित दिखें और विदेश नीति में नरमी साफ़ नज़र आए, तब विरोध कर्तव्य बन जाता है."
"इसलिए इंडियन यूथ कांग्रेस के जांबाज़ कार्यकर्ता भारत मंडपम पहुंचे, ताकि 'कॉम्प्रोमाइज़्ड पीएम' के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद हो और देश की अस्मिता पर हो रहे समझौते पर मोदी सरकार को जवाब देना पड़े."
बीजेपी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "जब भारत एक बड़े और सम्मानित ग्लोबल एआई सम्मेलन की मेज़बानी कर रहा है, जहां देश अपनी तकनीक और नेतृत्व दिखा रहा है, उस समय कांग्रेस पार्टी ने गरिमा बनाए रखने की जगह बाधा डालना चुना."
"राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर हंगामा करने लगे. यह काम साफ़ तौर पर भारत को दुनिया के सामने शर्मिंदा करने के लिए किया गया."
बीजेपी ने लिखा, "राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुक़सान पहुंचाना सही नहीं है. भारत इससे बेहतर का हक़दार है."
इमेज स्रोत, OfficialVinodJakhar
कांग्रेस ने अपने स्टूडेंट विंग नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ़ इंडिया (एनएसयूआई) के अध्यक्ष के रूप में विनोद जाखड़ को नियुक्त किया है. विनोद राजस्थान से ताल्लुक रखते हैं.
जाखड़ राजस्थान एनएसयूआई के अध्यक्ष हैं. इससे पहले राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
विनोद जाखड़ की नियुक्ति की जानकारी कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल की ओर से मिली है.
राजस्थान यूनिवर्सिटी का छात्रसंघ चुनाव लड़ने से पहले जाखड़ एनएसयूआई में ही थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर बाग़ी होकर चुनाव लड़ा. चुनाव जीतने के बाद वे फिर से एनएसयूआई में शामिल हो गए थे. विनोद जाखड़ को सचिन पायलट के क़रीबी माने जाते हैं.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
भारत के एआई समिट की चर्चा विदेशी मीडिया में कुछ और ही वजह से
बांग्लादेश: तारिक़ रहमान के प्रधानमंत्री बनते हुए शुरू हुआ विवाद, भारत से नरमी के संकेत
एपस्‍टीन फ़ाइल: केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के बारे में अब तक क्या सामने आया है?
साहिल की माँ बोलीं: 'अगर उनका बेटा होता तो क्या छोड़ देते…'
'धुरंधर' के संजय दत्त पर क्या बोलीं चौधरी असलम की पत्नी?
इमेज स्रोत, ANI
मध्य प्रदेश के जबलपुर के सिहोरा में बीती रात दो पक्षों के बीच झड़प के बाद तनाव फैल गया. अब तक इस मामले में पुलिस ने 25 लोगों को हिरासत में लिया है.
पुलिस के मुताबिक़, इलाक़े में अब शांति है और भारी पुलिस बल तैनात है.
जबलपुर के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मुताबिक़, "यह घटना सिहोरा थाने के आज़ाद चौक की है. गुरुवार को यहां दो बच्चों के बीच विवाद हुआ, जिसमें ईंट-पत्थर चले."
एसपी ने बताया कि इस घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है और धार्मिक तौर पर कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, "पुलिस ने मौक़े पर तत्काल पहुंचकर लोगों को नियंत्रित किया. हल्का बल प्रयोग भी किया गया है."
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी की मदद से मामले की जांच की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को एक बार फिर इस घटना को लेकर अपडेट दिया.
समाचार एजेंसी पीटीआई को उन्होंने बताया, "सिहोरा में अब शांति है और सभी लोग अपने कामकाज में लगे हुए हैं. महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल तैनात है और लगातार नज़र रखी जा रही है."
उन्होंने कहा, "जो दोषी हैं, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई करने के लिए भी टीमें अलग से लगी हुई हैं. क़रीब 25 लोग हिरासत में लिए गए हैं और अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है."
एसपी संपत उपाध्याय ने यह भी कहा कि सिहोरा में नमाज और अन्य गतिविधियां पहले की तरह होंगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका और इंडोनेशिया सरकार ने एक समझौते को अंतिम रूप देने की बात कही है.
इस समझौते के तहत इंडोनेशिया पर लागू अमेरिकी टैरिफ़ को 32 फ़ीसदी से घटाकर 19 फ़ीसदी किया गया है.
व्हाइट हाउस ने गुरुवार को बताया कि इस समझौते के तहत इंडोनेशिया अमेरिका से होने वाले 99 फ़ीसदी से अधिक आयात पर व्यापारिक बाधाओं को कम करेगा. इसमें कृषि, स्वास्थ्य सेवा, सीफ़ूड, टेक्नोलॉजी और कारों से जुड़े सामान शामिल हैं.
अमेरिका ने कहा कि उसने कुछ इंडोनेशियाई सामानों पर टैरिफ़ में छूट दी है. इनमें कुछ कपड़े और टेक्सटाइल शामिल हैं, जो अमेरिका में प्रोड्यूस होने वाले कपास और मानव निर्मित सामग्री से बने हैं.
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीयर ने कहा कि यह समझौता "व्यापार बाधाओं को तोड़ेगा" और साथ ही अमेरिकी लोगों के हितों को आगे बढ़ाएगा.
यह समझौता इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिअंतो की अमेरिका यात्रा के दौरान हुआ. वह ट्रंप की अगुवाई वाले 'बोर्ड ऑफ़ पीस' की पहली बैठक में शामिल होने पहुंचे थे.
इंडोनेशिया की ओर से समन्वय बनाने वाले मंत्री एयरलंगा हार्तार्तो ने कहा कि टैरिफ़ को लेकर इंडोनेशिया की लगभग 90 प्रतिशत मांगों को अमेरिका ने मान लिया है.
इमेज स्रोत, MONEY SHARMA/AFP via Getty
सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में 'बाबर या बाबरी मस्जिद' के नाम पर किसी भी धार्मिक ढांचे के निर्माण या नामकरण पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका की सुनवाई से इनकार कर दिया.
क़ानून मामलों को रिपोर्ट करने वाली संस्था लाइव लॉ और समाचार एजेंसी पीटीआई ने इसकी जानकारी दी है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच के सामने यह मामला आया.
याचिकाकर्ता के वकील ने 'बाबर के नाम मस्जिद' के निर्माण से जुड़ी गतिविधियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने सुनने से मना कर दिया.
पिछले साल दिसंबर में तृणमूल कांग्रेस से निकाले गए विधायक हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' के नाम पर एक मस्जिद की नींव रखी थी.
हुमायूं कबीर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले की भरतपुर सीट से विधायक हैं.
संबंधित कहानी: हुमायूं कबीर ने रखी 'बाबरी मस्जिद की नींव', बीजेपी ने कहा- ममता आग से खेल रही हैं
इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष में कई प्लेन मार गिराए गए थे.
लेकिन, इस बार उन्होंने मार गिराए गए प्लेन के आंकड़े पिछली बार से ज़्यादा बताए हैं.
वॉशिंगटन डीसी में आयोजित 'बोर्ड ऑफ़ पीस' की पहली बैठक में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की मौजूदगी में ट्रंप ने 11 विमानों के नुक़सान का दावा किया.
उन्होंने कहा, "लोगों को अंदाज़ा नहीं है, कई सारे लोगों कह रहे हैं 'क्या वे (भारत और पाकिस्तान) लड़ रहे थे?' हां, वे लड़ रहे थे. 11 जेट मार गिराए गए थे. ये बहुत महंगे जेट थे और सभी अंदर थे."
इससे पहले भी ट्रंप कई बार भारत-पाकिस्तान के बीच चले संघर्ष में फ़ाइटर जेट मार गिराने का दावा कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने अलग-अलग आंकड़े बताए.
वहीं, भारत सरकार ने भारत को हुए नुक़सान को लेकर स्पष्ट तौर पर आंकड़े बताने से परहेज किया है. हालांकि सरकार का कहना है कि जंग के दौरान नुक़सान होना, जंग का एक हिस्सा है.
पिछले साल अगस्त में एयर चीफ़ मार्शल एपी सिंह ने दावा किया था कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमानों और एक बड़े विमान को मार गिराया था.
वहीं, ट्रंप ने पिछले साल जुलाई में कहा था कि भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष में 'पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया था.'
पिछले साल ही अगस्त में ट्रंप ने दावा करते हुए कहा था, "भारत और पाकिस्तान का युद्ध परमाणु युद्ध बन सकता था. उन्होंने पहले ही 7 लड़ाकू विमान गिरा दिए थे, यह बहुत भयंकर था.
इस साल जनवरी में ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष में 8 विमान गिरे थे.
इमेज स्रोत, ANI
भारत अमेरिका की अगुवाई वाले रणनीतिक गठबंधन 'पैक्स सिलिका' में औपचारिक रूप से शामिल हो गया है. एआई इंपैक्ट समिट के बीच पैक्स सिलिका डिक्लरेशन पर हस्ताक्षर हुए हैं.
अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक़, 'पैक्स सिलिका' एआई और सप्लाई चेन सिक्योरिटी के लिए किया गया प्रयास है.
इसका काम सहयोगियों और विश्वसनीय भागीदारों के बीच नई आर्थिक सुरक्षा सहमति को आगे बढ़ाना है.
इस पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "हम यहां सिर्फ़ एक शिखर सम्मेलन आयोजित नहीं कर रहे हैं, हम भविष्य का निर्माण कर रहे हैं. हम युवा पीढ़ी के लिए नींव रख रहे हैं."
वहीं, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, "पैक्स सिलिका में भारत की एंट्री केवल प्रतीकात्मक नहीं है. यह रणनीतिक और आवश्यक है."
उन्होंने कहा, "भारत एक ऐसा देश है जिसके पास बहुत टैलेंट है, इतना टैलेंट कि वह प्रतिद्वंद्वियों को टक्कर दे सके."
इमेज स्रोत, Harun Ozalp/Anadolu via Getty
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने 'बोर्ड ऑफ़ पीस' की बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ़ की है.
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की 'सफल कूटनीति ने दुनियाभर में शांति सुनिश्चित करने में मदद की' है.
उन्होंने कहा, "आपने (ट्रंप) समय से और बहुत प्रभावी तरीक़े से पाकिस्तान और भारत के बीच युद्धविराम कराने के लिए हस्तक्षेप किया, जिससे लाखों लोगों की जान बच गई."
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "आपने वास्तव में ख़ुद को शांति के दूत के रूप में साबित किया है. मैं कहना चाहता हूं कि आप वास्तव में दक्षिण एशिया के सेवियर हैं."
गुरुवार को वॉशिंगटन डीसी में ग़ज़ा के लिए ट्रंप के बनाए 'बोर्ड ऑफ़ पीस' की पहली बैठक आयोजित हुई. इसमें पाकिस्तान समेत कई देशों के नेता शामिल हुए.
बीबीसी वेरिफ़ाई ने पुष्टि की है कि एक अन्य अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर मध्य-पूर्व की ओर बढ़ रहा है.
बीबीसी वेरिफ़ाई के मुताबिक़, बुधवार को दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत यूएसएस जेराल्ड आर फ़ोर्ड की लोकेशन कुछ समय के लिए मोरक्को के अटलांटिक तट के पास थी.
जिन 48 मिनटों तक उसकी लोकेशन सार्वजनिक रही, उस दौरान युद्धपोत भूमध्य सागर की ओर बढ़ता हुआ प्रतीत हुआ. हालांकि, अब तक इस एयरक्राफ़्ट कैरियर को जिब्राल्टर स्ट्रेट पार कर भूमध्य सागर में प्रवेश करते नहीं देखा गया है.
जेराल्ड आर फ़ोर्ड से ऑपरेट होने वाला एक विमान गुरुवार को अटलांटिक की ओर लौटता हुआ ट्रैक किया गया.
सोमवार को बीबीसी वेरिफ़ाई ने एक और एयरक्राफ़्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन की पहचान शनिवार को ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में की. यह युद्धपोत ओमान के तट से लगभग 700 किलोमीटर दूर और ईरान से क़रीब 430 मील की दूरी पर था.
बीबीसी वेरिफ़ाई ने बीते कुछ हफ़्तों में मध्य-पूर्व क्षेत्र में विध्वंसक जहाज़ों, युद्धपोतों और लड़ाकू विमानों की संख्या में बढ़ोतरी को ट्रैक किया है.
जेराल्ड आर फ़ोर्ड और अब्राहम लिंकन दोनों अपने साथ कई गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर युद्धपोतों वाले समूहों का नेतृत्व करते हैं. इनके संचालन में 5,600 से अधिक कर्मचारी शामिल हैं और ये दर्जनों विमान लेकर चलते हैं.
मंगलवार को अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच स्विट्ज़रलैंड में दूसरे दौर की बातचीत हुई. इस बातचीत में कुछ प्रगति होने की बात कही गई है.
वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि दुनिया को " शायद अगले 10 दिनों में" पता चल जाएगा कि अमेरिका ईरान के साथ समझौते पर पहुंचेगा या सैन्य कार्रवाई करेगा.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दुनिया को "शायद अगले 10 दिनों में" पता चल जाएगा कि अमेरिका ईरान के साथ समझौते पर पहुंचेगा या सैन्य कार्रवाई करेगा.
वॉशिंगटन डीसी में 'बोर्ड ऑफ पीस' की उद्घाटन बैठक में ट्रंप ने परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान के साथ चल रही बातचीत के बारे में कहा, "हमें एक ऐसा समझौता करना होगा जो सार्थक हो, नहीं तो बुरी चीज़ें होंगी."
हाल के दिनों में अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है. उधर, स्विट्ज़रलैंड में अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों के बीच बातचीत में प्रगति की भी ख़बरें आई हैं.
डेमोक्रेटिक सांसदों और कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने अमेरिकी संसद की मंज़ूरी के बिना ईरान में किसी भी संभावित सैन्य कार्रवाई का विरोध जताया है.
अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और जैरेड कुशनर ने ईरान के साथ "कुछ बहुत अच्छी बैठकें" की हैं. कुशर ट्रंप के दामाद भी हैं.
ट्रंप ने कहा, "सालों से यह साबित हुआ है कि ईरान के साथ एक सार्थक समझौता करना आसान नहीं है."
इमेज स्रोत, X/@ForeignOfficePk
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 'भारत मौजूदा सरकार के तहत कट्टर हिंदुत्व विचारधारा की आड़ में स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म को बढ़ावा देने वाला प्रमुख देश बन गया' है.
पाकिस्तान का यह बयान भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के मामले से जुड़े एक सवाल के जवाब में आया है.
गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान उनसे सवाल किया गया कि 'भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में दो अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश के मामले में गिरफ़्तार किया गया है. दुनियाभर में भारत की गतिविधियां उजागर हो रही हैं, इस पर आपका क्या कहना है?'
इस सवाल के जवाब में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, "हमने इस मुद्दे से जुड़ी रिपोर्ट्स देखी हैं. विदेशी ज़मीन पर हुई हत्याओं से जुड़े कैंपेन में भारत के संबंधों को पाकिस्तान लगातार हाइलाइट कर रहा है. यह न केवल पाकिस्तान में हो रहा है, बल्कि अमेरिका समेत कई देशों में हो रहा है."
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने भारत की ओर से प्रायोजित आतंकवाद और सीमा पार से पाकिस्तान में ऑपरेट होने वाले आतंकवादी समूहों से जुड़े पुख़्ता सबूत भी साझा किए हैं."
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "भारत मौजूदा सरकार के तहत कट्टर हिंदुत्व विचारधारा की आड़ में स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म को बढ़ावा देने वाला प्रमुख देश बन गया है और यह चिंता की बात है. हम इस पर नज़र बनाए हुए हैं."
बीते हफ़्ते भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क में सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की 2023 में हत्या की नाकाम साज़िश रचने के आरोप में दोष स्वीकार किया था.
54 साल के निखिल गुप्ता ने मैनहैटन के फेडरल कोर्ट में सुपारी देकर हत्या, हत्या की साज़िश और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश के आरोपों में दोष स्वीकार किया.
संबंधित कहानी: भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने सिख अलगाववादी पन्नू की हत्या की साज़िश की बात कबूली
इमेज स्रोत, Reuters
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को पुलिस ने रिहा कर दिया है. उन्हें गुरुवार को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के शक में गिरफ़्तार किया गया था.
हालांकि, उनके ख़िलाफ़ चल रही जांच अभी जारी रहेगी.
गुरुवार शाम जारी एक अपडेट में टेम्स वैली पुलिस ने पुष्टि की है कि एंड्रयू को "जांच प्रक्रिया के तहत रिहा कर दिया गया है". बयान में यह भी कहा गया कि नॉरफ़ॉक में की जा रही तलाशी अब पूरी हो चुकी है.
किंग चार्ल्स तृतीय ने एंड्रयू की गिरफ़्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "क़ानून को अपना काम करने दिया जाना चाहिए". उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को उनका "पूरा समर्थन और सहयोग" है.
टेम्स वैली पुलिस ने पहले कहा था कि वह यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन के साथ एंड्रयू के संबंधों से जुड़े आरोपों की जांच पर विचार कर रही है.
पुलिस ने यह भी कहा कि वह जेफ़री एपस्टीन के साथ कथित रूप से गोपनीय जानकारी साझा किए जाने के आरोपों की भी समीक्षा कर रही है.
हाल ही में अमेरिकी सरकार की ओर से जारी किए गए दस्तावेज़ों में एपस्टीन और एंड्रयू की बातचीत शामिल थी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News