दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली, स्पीकर ने पुलिस कमिश्नर को लिखी चिट्ठी – BBC

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को पर्सनल ई-मेल पर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा
इमेज स्रोत, PTI
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को पर्सनल ई-मेल पर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
दिल्ली विधानसभा के आधिकारिक एक्स हैंडल से इसकी जानकारी दी गई है, साथ ही कहा गया है कि इस बारे में संबंधित सुरक्षा विभाग को भी बताया गया है.
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक चिट्ठी भी लिखी है, जिसमें आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
इससे पहले राजधानी के धौला कुआं के आर्मी पब्लिक स्कूल और लोदी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध चीज़ नहीं मिली.
इमेज स्रोत, Punit PARANJPE / AFP via Getty Images
वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मुक़ाबला हो रहा है. ज़िम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.
दोनों टीमों के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मैच हो रहा है. वेस्ट इंडीज़ के कप्तान शाई होप हैं, जबकि ज़िम्बाब्वे की कप्तानी सिकंदर रज़ा कर रहे हैं.
ग्रुप-1 का हिस्सा वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे का सुपर-8 राउंड में यह पहला मुक़ाबला है. दोनों टीम टूर्नामेंट में अभी तक नहीं हारी हैं. वेस्ट इंडीज़ दो बार की चैंपियन रही है.
दोनों टीमें कुछ यूं हैं-
वेस्ट इंडीज़: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), ब्रैंडन किंग, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्डे, अक़ील हुसैन, शमर जोसेफ़, गुडाकेश मोती, जेडन सील्स, जॉनसन चार्ल्स (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर.
ज़िम्बाब्वे: सिकंदर रज़ा (कप्तान), बेन कुरेन, डायोन मेयर्स, ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ग्रीम क्रेमर, टिनोटेन्डा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुज़रबानी, रिचर्ड नगारवा, क्लाइव मदांडे (विकेटकीपर), तादिवानाशे मारुमानी.
इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मणिपुरी भाषा की फ़ीचर फ़िल्म 'बूंग' को अवॉर्ड मिलने पर ख़ुशी जताई है.
दरअसल, बाफ़्टा (ब्रिटिश एकेडमी ऑफ़ फ़िल्म एंड टेलीविज़न आर्ट्स) अवॉर्ड्स 2026 में भारत की मणिपुरी भाषा की फ़ीचर फ़िल्म 'बूंग' को अवॉर्ड मिला है.
ममता बनर्जी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "मैं यह जानकर बहुत ख़ुश हूं कि मणिपुरी फ़िल्म 'बूंग' ने बाफ़्टा अवॉर्ड्स में इतिहास रच दिया है. तमाम मुश्किलों के बावजूद इस फ़िल्म को बेस्ट चिल्ड्रन एंड फ़ैमिली फ़िल्म का ख़िताब मिला, यह इस ख़ास कैटेगरी में जीतने वाली पहली भारतीय फ़िल्म बनी."
"बूंग की पूरी टीम और कलाकारों को मेरी तरफ़ से ढेर सारी शुभकामनाएं. आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है."
यह फ़िल्म फ़रहान अख़्तर के 'एक्सेल इंटरटेनमेंट' प्रोडक्शन हाउस के तहत बनी है. इसे लक्ष्मीप्रिया देवी ने डायरेक्ट किया है.
इमेज स्रोत, Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images
भारत सरकार ने पहली एंटी-टेरर पॉलिसी जारी की है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी की गई पॉलिसी का नाम 'प्रहार' है. इसके मुताबिक़, 'भारत ने कभी आतंकवाद को किसी धर्म, जाति, देश या संस्कृति से नहीं जोड़ा.'
भारत सरकार की 'एंटी-टेरर पॉलिसी' में कहा गया है कि देश पानी, ज़मीन और हवा में 'आतंकवादी ख़तरों' का सामना कर रहा है.
भारत की ओर से जारी की गई पॉलिसी में 'क्रॉस बॉर्डर आतंकवाद, क्रिमिनल हैकर्स और साइबर हमले' का ज़िक्र है.
सरकार की ओर से जारी दस्तावेज़ के मुताबिक, "आतंकवाद-रोधी रणनीति प्रहार इन सिद्धांतों पर आधारित है: आतंकवादी हमलों को रोकना, ख़तरे के हिसाब से तेज़ और सही जवाब देना, सभी सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, मानवाधिकार और क़ानून के नियमों के तहत कार्रवाई, कट्टरपंथ और अतिवाद को रोकना, दुनिया के साथ मिलकर आतंकवाद पर कार्रवाई और समाज की मदद से तेजी से सुधार."
इमेज स्रोत, Indian Embassy
अमरीका-ईरान में चल रहे विवाद के बीच तेहरान स्थित भारत के दूतावास ने अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की अपील की है.
भारत सरकार ने जनवरी में जारी की गई एडवाइज़री को भी दोहराया है, जब ख़ामेनेई सरकार अपने ख़िलाफ़ हो रहे प्रदर्शनों पर सख़्ती दिखा रही थी.
भारतीय दूतावास की ओर से एडवाइज़री में कहा गया है, "ईरान की बदलती स्थिति को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्र, तीर्थयात्री, कारोबारी और पर्यटक) को सलाह दी जाती है कि वे उपलब्ध साधनों से ईरान छोड़ दें."
साथ ही कहा गया है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से कहा जाता है कि वे अपने यात्रा और इमिग्रेशन दस्तावेज़, जैसे पासपोर्ट और पहचान पत्र, हमेशा अपने पास रखें. किसी भी मदद के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करें.
भारतीय दूतावास ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं- +989128109115; +989128109109; +989128109102; +989932179359
इसके अलावा एक ईमेल आईडी भी जारी हुई है- cons.tehran@mea.gov.in
इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
कांग्रेस ने दावा किया है कि इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था, इसी मामले में उदय भानु को हिरासत में लिया गया है.
कांग्रेस ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और कई अन्य सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने एआई सम्मेलन में हुए विरोध की वजह से हिरासत में लिया है, हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं.
"विरोध करना लोकतंत्र का बुनियादी अधिकार है, कोई अपराध नहीं. यूथ कांग्रेस के सदस्य शांतिपूर्वक विरोध कर रहे थे, बिना किसी उकसावे या हिंसा के. उनका 'गुनाह' सिर्फ इतना था कि उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज़्ड हैं, जिसे मोदी सरकार बर्दाश्त नहीं कर सकी."
कांग्रेस ने पुलिस की इस कार्रवाई को 'सत्ता का साफ़ दुरुपयोग' और 'असहमति की आवाज़ दबाने की कोशिश' बताई.
कांग्रेस ने मांग हिरासत में लिए गए लोगों की तुरंत रिहाई और सभी आरोपों को वापस लेने की मांग की.
दरअसल, दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था. साथ ही पीएम मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी. कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को 'लोकतांत्रिक अधिकार' बताया था, जबकि बीजेपी समेत कई राजनीतिक दलों ने इसकी आलोचना की है.
इमेज स्रोत, X/@INCIndia
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'मोहम्मद दीपक' से मुलाक़ात की है. कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से दोनों की तस्वीरें पोस्ट हुई हैं. पोस्ट में दीपक को 'मोहब्बत की दुकान' का योद्धा बताया गया है.
कांग्रेस पार्टी ने लिखा, "नेता विपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के 'मोहम्मद दीपक' से मुलाक़ात की. मोहम्मद दीपक ने एकता, भाईचारे और हिम्मत की वो मिसाल पेश की है, जो देश के हर युवा को अन्याय और नफ़रत के खिलाफ लड़ने का हौसला देगा. दीपक 'मोहब्बत की दुकान' के योद्धा हैं, पूरे देश को इन पर गर्व है."
राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद दीपक ने कहा, "राहुल गांधी ने मुझे मिलने के लिए बुलाया था. उन्होंने मेरे परिवार से बात की और मुझे तसल्ली दी कि डरने की कोई ज़रूरत नहीं, आपने कोई ग़लत काम नहीं किया है. उन्होंने कहा है कि वे कोटद्वार आकर मुझसे मिलेंगे और मेरे जिम की मेंबरशिप लेंगे."
'मोहम्मद दीपक' का असली नाम दीपक कश्यप है, वे उत्तराखंड में कोटद्वार के रहने वाले हैं. 26 जनवरी को कुछ लोग दुकानदार वकील अहमद की दुकान पर पहुंचे और उन्हें दुकान का नाम बदलने के लिए कहने लगे. तभी दीपक ने बीच-बचाव किया और अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बता दिया था.
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty
उत्तराखंड के ज्योतिर्मठ के प्रमुख स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश में बाल यौन शोषण (पॉक्सो) के आरोपों में एफ़आईआर दर्ज होने पर सरकार और प्रशासन पर कई तरह के आरोप लगाए हैं.
उन्होंने कहा कि यह 'शंकराचार्य नाम की संस्था पर हमला' है. उनका कहना है कि जो शंकराचार्य सत्ता के साथ हैं, उन्हें सारी सुविधाएं दी जा रही हैं और जो सवाल करते हैं उन पर आरोप लगाए जाते हैं.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने ये आरोप सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान लगाए.
पुलिस ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के अलावा 2-3 अज्ञात लोगों पर बाल यौन शोषण के आरोपों में एफ़आईआर दर्ज की है.
प्रयागराज की पॉक्सो अदालत ने शनिवार को झूंसी पुलिस स्टेशन के एसएचओ को निर्देश दिए थे कि वह लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम यानी पॉक्सो क़ानून की धाराओं के तहत इन अभियुक्तों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज करें.
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने और क्या कहा?
उन्होंने कहा कि माघ मेले के दौरान जब वह प्रयागराज में धरने पर बैठे थे, उस वक्त हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे. ऐसे में सारी घटनाएं सीसीटीवी में दर्ज हैं.
उन्होंने यह भी कहा, "वे लड़के कभी हमारे गुरुकुल में नहीं आए, कभी पढ़ाई नहीं की और हमारा उनसे कोई संबंध नहीं है… जब वे कभी यहां आए ही नहीं और इस जगह से उनका कोई संबंध नहीं है, तो कोई उनके साथ कुछ कैसे कर सकता है?"
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि 'भ्रम फैला' रहे हैं कि एक सीडी है. उन्होंने सवाल किया, "उस सीडी को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा?"
संबंधित कहानी: अविमुक्तेश्वरानंद के ख़िलाफ़ बाल यौन शोषण मामले में एफ़आईआर, हाल ही में क्यों थे चर्चा में
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
मोहम्मद आमिर की अभिषेक शर्मा पर टिप्पणी: भारत की हार पर पाकिस्तान में कैसी चर्चा
एल मेंचो: एनकाउंटर में मारा गया मोस्ट वॉन्टेड ड्रग माफ़िया, 136 करोड़ रुपये का था इनाम
दिल्ली में 'भारत विरोधी पोस्टर' लगाने के आरोप में छह 'बांग्लादेशी' तमिलनाडु में गिरफ़्तार, अब तक क्या पता है
बदायूं: तीन मुस्लिम बुज़ुर्गों की पिटाई वाला वीडियो वायरल, क्या है पूरा मामला
एआई से जुड़े वे कोर्स, जो एक अच्छा करियर और सैलरी दे सकते हैं
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty
बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने खुले में मांस-मछली की बिक्री से जुड़ा एक बयान दिया है.
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाली जगह पर खुले तौर पर मांस और मछली की बिक्री उनकी 'भावनाओं को प्रदूषित' करती है. यह बात उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कही है.
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से, सामाजिक सौहार्द के लिए और बच्चों में हिंसक प्रवृत्ति को रोकने के लिए बिहार सरकार शैक्षणिक और धार्मिक संस्थानों के पास और भीड़भाड़ वाले खुले स्थानों में मांस और मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लगाएगी.
डिप्टी सीएम ने कहा कि लोग नियम के तहत काम करें.
उन्होंने कहा, "हमें खानपान से आपत्ति नहीं है, लेकिन सामाजिक सौहार्द, पवित्रता की भावनाओं को चोट न पहुंचे और प्रदूषित सामान लोगों के स्वास्थ्य को ख़राब न करे. लोग इस नियम का सख़्ती से पालन करें, नहीं करेंगे तो उस पर कार्रवाई भी होगी."
इमेज स्रोत, RSS
बीबीसी नेपाली सेवा के मुताबिक़, नेपाल के धाडिंग में एक बस दुर्घटना में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़, यह हादसा रविवार की आधी रात हुआ. अब तक हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है.
धाडिंग के मुख्य जिला अधिकारी विजय राज सुबेदी ने बताया कि पोखरा से काठमांडू जा रही बस धाडिंग में सड़क से उतरकर त्रिशुली नदी के किनारे जा गिरी. उन्होंने बताया कि बस सड़क से 'क़रीब 300 मीटर' नीचे गिरी.
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता अभिनारायण काफले ने बताया कि घटनास्थल पर ही 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई.
काठमांडू जिला पुलिस रेंज के एक प्रवक्ता के हवाले से राष्ट्रीय समाचार समिति ने बताया कि घायलों में से 12 का इलाज नेशनल ट्रॉमा सेंटर में और 10 का इलाज कलंकी के अस्पताल में किया जा रहा है.
इमेज स्रोत, Gareth Copley/Getty
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका से भारत की करारी हार के बाद पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने प्लेइंग इलेवन पर सवाल उठाया है.
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'एश की बात' में कहा, "आईपीएल वगैरह में टीम में बदलाव समझ में आता है, क्योंकि वहां 14 मैच होते हैं. लेकिन ऐसे आईसीसी कैंपेन्स (टी20 वर्ल्ड कप) में आप जितना टीम को स्थिर रख सकते हो उतना बेहतर है."
उन्होंने कहा, "मैं पूरी तरह सहमत हूं कि बाएं हाथ के बल्लेबाज़ के ख़िलाफ़ वॉशिंगटन सुंदर का इस्तेमाल करना है. लेकिन अक्षर पटेल टी20 में आपके एमवीपी (मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर) रहे हैं."
अश्विन ने कहा, "हमें नहीं भूलना चाहिए कि अक्षर पटेल पहले क्या कर चुके हैं. पिछले वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ इस मैच जैसी ही स्थिति थी. ऐसी ही स्थिति में वह बल्लेबाज़ी करने आए थे."
2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में अक्षर पटेल ने 31 गेंदों पर 47 रन बनाए थे.
अक्षर पटेल मौजूदा टी20 टीम के उप कप्तान हैं. इस वर्ल्ड कप में उन्होंने शुरुआती तीन मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल छह विकेट हासिल किए.
उन्होंने हर एक मैच में दो-दो विकेट झटके. हालांकि, बल्लेबाज़ी में अक्षर पटेल इस टूर्नामेंट में अब तक कुछ ख़ास नहीं कर पाए हैं.
अक्षर ने अमेरिका के ख़िलाफ़ 14 रन बनाए, जबकि नामीबिया और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए.
इमेज स्रोत, Burak Kara/Getty
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची का कहना है कि वह गुरुवार, 26 फ़रवरी को जिनेवा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ से मुलाक़ात कर सकते हैं.
वहीं, ओमान के विदेश मंत्री बदर अल-बुसैदी ने एक्स पर पुष्टि की कि ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर गुरुवार को जिनेवा में होगा.
बीबीसी फारसी के मुताबिक़, ईरान और अमेरिका ने पिछले दो हफ़्तों में दो दौर की बातचीत की है, एक बार ओमान की राजधानी मस्कट में और एक बार स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में.
दोनों देशों के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को लेकर बातचीत चल रही है. इस बीच अमेरिका मध्य-पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी भी बढ़ा रहा है.
इमेज स्रोत, Mike Marsland/WireImage via Getty
बाफ़्टा (ब्रिटिश एकेडमी ऑफ़ फ़िल्म एंड टेलीविज़न आर्ट्स) अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं की घोषणा हो चुकी है. भारत की ओर से मणिपुरी भाषा की फ़ीचर फ़िल्म 'बूंग' को यह अवॉर्ड मिला है.
'बूंग' ने 'बेस्ट चिल्ड्रेन्स एंड फ़ैमिली फ़िल्म' कैटेगरी में यह अवॉर्ड जीता है. इसके साथ ही यह इस कैटेगरी में बाफ़्टा अवॉर्ड जीतने वाली पहली भारतीय फ़िल्म बन गई है.
यह फ़िल्म फ़रहान अख़्तर के 'एक्सेल इंटरटेनमेंट' प्रोडक्शन हाउस के तहत बनाई गई थी. इसकी डायरेक्टर लक्ष्मीप्रिया देवी हैं.
लंदन के रॉयल फ़ेस्टिवल हॉल में आयोजित समारोह में अवॉर्ड लेने के लिए फ़रहान अख़्तर, रितेश सिधवानी, लक्ष्मीप्रिया देवी और एलन मैकएलेक्स मौजूद थे.
इमेज स्रोत, Sanjay Das
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का रविवार देर रात निधन हो गया है.
रॉय 71 साल के थे. कई तरह की बीमारियों के कारण वह लंबे समय से कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे.
अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि रॉय का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ.
वह लंबे समय से बीमार थे और अक्सर अस्पताल आते-जाते थे. उनके निधन की ख़बर मिलते ही उनके घर के सामने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है.
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक नेता ने बताया कि रॉय का शव दोपहर क़रीब 12 बजे विधानसभा परिसर ले जाया जाएगा. वहां विधानसभा अध्यक्ष समेत तमाम लोग उनको श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
इसके बाद शव को उत्तर 24 परगना ज़िले के कांचरापाड़ा स्थित उनके आवास पर ले जाया जाएगा.
रॉय साल 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर कृष्णनगर उत्तर सीट से जीते थे. बाद में वह तृणमूल कांग्रेस में लौट आए थे. लेकिन विधायक पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया था.
वह साल 2012 में केंद्र की तत्कालीन यूपीए सरकार में क़रीब छह महीने तक रेल मंत्री रहे थे.
अभिषेक बनर्जी ने जताया शोक
रॉय के निधन पर टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि बंगाल के राजनीतिक इतिहास का एक दौर समाप्त हो गया.
उन्होंने कहा, "वह व्यापक अनुभव वाले वरिष्ठ नेता थे. उनके योगदान ने बंगाल की सार्वजनिक और राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण फेज़ को आकार देने में अहम भूमिका निभाई."
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन के प्रति मुकुल रॉय की प्रतिबद्धता को सम्मान के साथ याद किया जाएगा.
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने मध्य-पूर्व मामलों के अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
विटकॉफ़ ने फ़ॉक्स न्यूज़ से शनिवार को कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यह सवाल कर रहे हैं कि मध्य-पूर्व में अमेरिका की सैन्य तैनाती बढ़ने के बावजूद ईरान ने अब तक "आत्मसमर्पण" क्यों नहीं किया.
विटकॉफ़ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने उस बयान के बाद ईरान के रुख़ को लेकर "जिज्ञासु" थे, जिसमें उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौता नहीं होने पर सीमित सैन्य कार्रवाई की बात कही थी.
अमेरिकी दूत के इस बयान पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी.
उन्होंने लिखा, "आप जानना चाहते हैं कि हम आत्मसमर्पण क्यों नहीं करते? क्योंकि हम ईरानी हैं."
अमेरिका मध्य-पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है. उसने अपने दो बड़े युद्धपोतों के नेतृत्व वाले विशाल नौसैनिक बेड़े तैनात किए हैं.
इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच समझौते को लेकर बातचीत भी जारी है.
इमेज स्रोत, Matthew Lewis-ICC/ICC via Getty
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को पहली बार हार का सामना करना पड़ा. सुपर-8 के मुक़ाबले में उसे दक्षिण अफ़्रीका से करारी हार मिली है.
इस हार के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनकी टीम मज़बूती से वापसी करेगी.
आईसीसी के मुताबिक़, मैच के बाद जब उनसे पूछा गया कि टूर्नामेंट के बाक़ी के मैचों में भारत को क्या बेहतर करना होगा, तो सूर्यकुमार ने जवाब दिया, "अच्छी बल्लेबाज़ी करें, अच्छी गेंदबाज़ी करें और अच्छी फील्डिंग करें. बस इतना ही."
उन्होंने कहा, "हम चीज़ों को सरल रखने की कोशिश करेंगे. उसी तरह का क्रिकेट खेलेंगे जैसा हम खेलना चाहते हैं और मुझे लगता है कि हम मज़बूती से वापसी करेंगे."
188 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पावरप्ले में अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. शुरुआत में ही टीम के लड़खड़ाने और फिर मैच हार जाने पर सूर्यकुमार यादव ने अफ़सोस जताया.
उन्होंने कहा, "कभी-कभी आपको सोचना होता है कि अगर आप 180-185 रन का पीछा कर रहे हैं तो आप पावरप्ले में मैच नहीं जीत सकते, लेकिन पावरप्ले में मैच हार सकते हैं."
भारतीय कप्तान ने कहा, "हमने पावरप्ले में बहुत ज़्यादा विकेट गंवा दिए. फिर हम छोटी-छोटी साझेदारियां नहीं बना पाए, जैसा हम 180-185 रन का पीछा करते समय करना चाहते थे."
उन्होंने कहा, "लेकिन यह खेल का हिस्सा है. हमने इससे सीखा है, हम बैठकर समीक्षा करेंगे और फिर मज़बूती से वापसी करेंगे."
इमेज स्रोत, Ajay Aggarwal/Hindustan Times via Getty
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि बुधवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसराइल दौरे पर आ रहे हैं.
नेतन्याहू ने रविवार को कैबिनेट मीटिंग की शुरुआत में यह घोषणा की. साथ ही उन्होंने इस दौरे के 'ऐतिहासिक महत्व' पर बात की.
इस दौरे को लेकर इसराइली प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "इसराइल और भारत के बीच संबंधों का आधार विश्व के दो नेताओं के बीच मज़बूत गठबंधन है. हम इनोवेशन, सिक्योरिटी और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण में साझेदार हैं."
उन्होंने कहा, "हम साथ मिलकर ऐसे देशों का गठबंधन बना रहे हैं जो स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध हैं. एआई से लेकर क्षेत्रीय सहयोग तक, हमारी साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंच रही है."
नेतन्याहू ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी, यरूशलम में आपसे मुलाक़ात का इंतज़ार है!"
बिन्यामिन नेतन्याहू के इस सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने भारत-इसराइल संबंधों पर नेतन्याहू के शब्दों का समर्थन किया.
पीएम मोदी ने कहा, "भारत इसराइल के साथ मज़बूत और स्थायी दोस्ती को बहुत महत्व देता है. यह दोस्ती आपसी भरोसे, इनोवेशन और शांति और प्रगति की साझा आकांक्षा पर आधारित है."
पीएम मोदी ने पुष्टि की कि वह जल्द ही इसराइल दौरे पर जाने वाले हैं. हालांकि, उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर इस दौरे के समय या तारीख़ का ज़िक्र नहीं किया.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी अब तक प्रधानमंत्री मोदी के इसराइल दौरे को लेकर जानकारी नहीं दी है.
इमेज स्रोत, ANI
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है. इसको लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान जारी किया है.
बयान में कहा गया, "भारत अफ़ग़ान क्षेत्र में पाकिस्तानी हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है. इसकी वजह से पवित्र रमज़ान के महीने के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिकों की जान गई है."
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "यह पाकिस्तान की अपनी आंतरिक नाकामियों का दोष दूसरों पर डालने की एक और कोशिश है. भारत अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपना समर्थन दोहराता है."
पाकिस्तान ने शनिवार को दावा किया था कि उसने अफ़ग़ान सीमा क्षेत्र में 'सात आतंकवादी शिविरों' को निशाना बनाया है.
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह 'उचित समय पर' इसका जवाब देगा.
संबंधित कहानी: अफ़ग़ानिस्तान पर हवाई हमलों के बाद तालिबान ने पाकिस्तान को दी चेतावनी
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News