Feedback
शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ थिएटर्स में एक अलग ही सक्सेस स्टोरी लिख रही है. फिल्मों के बिजनेस पर कमेंट्री करने वाले कई सोशल मीडिया हैंडल्स ने इसे रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस के लिए कमजोर साबित करना शुरू कर दिया था. लेकिन ‘ओ रोमियो’ का बॉक्स ऑफिस पर अब दूसरा हफ्ता चल रहा है और ये अभी भी अच्छे-खासे तरीके से टिकी हुई है.
इस फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की वायलेंट लव स्टोरी लगातार जनता को एंटरटेन कर रही है. दूसरे मंडे को भी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म जनता की फर्स्ट चॉइस बनी रही, लेकिन क्या ये हिट कहलाने के लिए काफी होगा?
शाहिद के ‘रोमियो’ ने जनता को बनाया दीवाना
डायरेक्टर विशाल भारद्वाज की ‘कमीने’, ‘हैदर’ और ‘रंगून’ जैसी फिल्मों ने शाहिद कपूर के जानदार एक्टिंग टैलेंट को तगड़े अंदाज में बड़े पर्दे पर पेश किया है. ‘ओ रोमियो’ में उन्होंने शाहिद को जैसे खूंखार गैंगस्टर और दिलदार आशिक के रोल में दिखाया है, उसे क्रिटिक्स और दर्शकों ने खूब सराहा है.
शाहिद जिस तरह स्टाइलिश एक्शन करते नजर आ रहे हैं, उस तरह उन्हें स्क्रीन पर कभी पेश नहीं किया गया. ऊपर से तृप्ति डिमरी के साथ उनकी केमिस्ट्री बहुत पसंद की जा रही है. कहानी के कॉन्फ्लिक्ट का सेंटर तृप्ति का किरदार है, जिसे उन्होंने दमदार तरीके से निभाया है. इन दमदार लीड परफॉर्मेंस के साथ ‘ओ रोमियो’ की सपोर्टिंग कास्ट का काम भी खूब सराहा जा रहा है.
बॉक्स ऑफिस का स्ट्रगल
‘ओ रोमियो’ को रिव्यूज मिक्स मिले और फिल्म को शुरुआती बज न होने का भी नुकसान हुआ. पहले वीकेंड में इसने करीब 34 करोड़ का कलेक्शन किया और हाफ सेंचुरी के साथ पहला हफ्ता खत्म करते हुए इसका टोटल 52 करोड़ के पार चला गया. दूसरे वीकेंड में लगभग 12 करोड़ कलेक्शन के साथ ‘ओ रोमियो’ के लिए मंडे बड़ा स्पीड ब्रेकर बना. ट्रेड रिपोर्ट्स का अनुमान कहता है कि 11वें दिन फिल्म का कलेक्शन 2 करोड़ के करीब पहुंचा है. अब फिल्म का टोटल कलेक्शन 66 करोड़ रुपये के करीब है.
इस सोमवार को भी बुक माय शो पर शाहिद की फिल्म के लिए दोनों नई फिल्मों ‘अस्सी’ और ‘दो दीवाने शहर में’ से ज्यादा टिकट बिकते दिखे. इससे ये तो साफ हो गया कि ‘ओ रोमियो’ अभी भी थिएटर्स जाने वाले लोगों के लिए पहली चॉइस है. लेकिन फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, वो बहुत अच्छा इशारा नहीं है.
ईद पर ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ के क्लैश से पहले तक ‘ओ रोमियो’ के सामने कोई बड़ी फिल्म नहीं आने वाली. इसलिए ये धीरे-धीरे 85 करोड़ तक तो पहुंच सकती है. ऐसे में ओटीटी और बाकी राइट्स की डील मिलाकर ‘ओ रोमियो’ मेकर्स के लिए तो फायदेमंद साबित हो जाएगी. लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर्स और थिएटर्स को इससे कोई बहुत बड़ा फायदा नहीं होगा. 130 करोड़ के बजट में बनी ‘ओ रोमियो’ थिएट्रिकल बिजनेस के मामले में तो फायदेमंद नहीं ही कही जाएगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू