आईआरसीटीसी की ओर से जयपुर से एक खास धार्मिक टूर पैकेज चलाया जा रहा है। यह यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से 9 से 20 अप्रैल तक कराई जाएगी। कुल 11 रात और 12 दिन की इस यात्रा में दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिरों और दर्शनीय स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
इस ट्रेन में चित्तौड़गढ़, उदयपुर, प्रतापगढ़ के यात्री चित्तौड़गढ़ जंक्शन से ट्रेन में चढ़ सकेंगे। ट्रेन जयपुर से रवाना होकर अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और रतलाम स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
अभी तक कुल 189 बुकिंग हो चुकी है और इसमें चित्तौड़गढ़ के यात्रियों की बुकिंग भी शामिल है।
तिरुपति से कन्याकुमारी तक बड़े मंदिरों के दर्शन
इस पैकेज में यात्रियों को दक्षिण भारत के कई बड़े तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा के दौरान तिरुपति में भगवान श्री वेंकटेश्वर मंदिर, रामेश्वरम में श्री रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै में मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, गांधी मंडप और सनसेट पॉइंट तथा मार्कापुर के पास मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन शामिल हैं।
यह यात्रा खास तौर पर धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों के लिए तैयार की गई है, ताकि एक ही पैकेज में कई बड़े और प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन हो सकें।
ट्रेन में कुल 780 बर्थ उपलब्ध हैं, जिनमें 380 स्टैंडर्ड और 400 कम्फर्ट श्रेणी की सीटें हैं। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी, इसलिए इच्छुक यात्रियों को समय रहते बुकिंग कराने की सलाह दी गई है।
रहने, खाने और घूमने की पूरी व्यवस्था एक ही पैकेज में
इस यात्रा पैकेज में यात्रियों को 3एसी क्लास में ट्रेन यात्रा कराई जाएगी। साथ ही नाश्ता, दोपहर और रात का शुद्ध शाकाहारी भोजन दिया जाएगा। स्थानीय घूमने के लिए बस की व्यवस्था रहेगी।
स्टैंडर्ड श्रेणी में यात्रियों को नॉन-एसी बजट होटलों में डबल या ट्रिपल शेयरिंग पर ठहराया जाएगा और नॉन-एसी बस से भ्रमण कराया जाएगा।
इस श्रेणी का किराया 31,005 रुपए प्रति पर्सन है, जबकि 5 से 11 वर्ष तक के बच्चे के लिए 27,905 रुपए तय किया गया है।
कम्फर्ट श्रेणी में एसी बजट होटल और एसी बस की सुविधा मिलेगी। इसका किराया 36,320 रुपए प्रति पर्सन और बच्चे के लिए 32,685 रुपए रखा गया है।
होटल में वॉश एंड चेंज की भी सुविधा शामिल है, जिससे यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं के लिए EMI और LTC की सुविधा भी उपलब्ध
चित्तौड़गढ़ जिले के श्रद्धालुओं के लिए यह पैकेज खास माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें अपने ही शहर से यात्रा शुरू करने का मौका मिलेगा। लंबी धार्मिक यात्रा एक ही बार में पूरी करने का यह अच्छा अवसर है।
इस टूर में एलटीसी की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा इच्छुक यात्री ईएमआई के माध्यम से भी भुगतान कर सकते हैं, जिसकी सुविधा आईआरसीटीसी के पोर्टल पर सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों के जरिए दी जा रही है।
इस पैकेज की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com� पर की जा सकती है। रेलवे से जुड़ी यह विशेष भारत गौरव ट्रेन यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सुविधा और किफायती खर्च का बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.