भास्कर न्यूज | जालंधर
जीयो जिंदगी ग्रुप की ओर से 100 वर्ष तक कैसे जिएं विषय पर एक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता डॉ. एसपीएस ग्रोवर ने स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए व्यावहारिक सुझाव साझा किए। उन्होंने बताया कि सही जीवनशैली अपनाकर कोई भी व्यक्ति 100 वर्ष की आयु तक स्वस्थ जीवन जी सकता है।
डॉ. ग्रोवर ने कहा कि 60 वर्ष की आयु के बाद शरीर में तीन प्रमुख बदलाव शुरू हो जाते हैं- आंतों द्वारा पोषक तत्वों का अवशोषण कम होना, शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ना तथा मांसपेशियों की टोन में कमी आना। इन समस्याओं से बचाव के लिए डॉ. रमन चावला, डॉ. अमरजीत सिंह, डॉ. सुमीत गुप्ता और डॉ. संजीव गोयल ने भी अपने विचार रखे।
विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को कार्बोहाइड्रेट कम लेने, कम या बिना चीनी वाला भोजन अपनाने, संतृप्त वसा व कम सोडियम युक्त आहार लेने की सलाह दी। साथ ही दैनिक आहार में फल और हरी सब्जियों को शामिल करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि केवल सामान्य सैर पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रशिक्षकों की देखरेख में मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले व्यायाम भी जरूरी हैं। मानसिक स्वास्थ्य को समान रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए खुश रहने और प्रतिदिन 7–8 घंटे की नींद लेने की सलाह दी गई। सेमिनार के अंत में मुख्य वक्ता डॉ. एसपीएस ग्रोवर को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक सुरजीत सिंह अरोड़ा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसपी सेठी, अनिल सिंगला, अरविंद अब्रोल, इकबाल सिंह अरोड़ा सहित अन्य मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.