इमेज स्रोत, Getty Images
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है.
वेस्टइंडीज ने भारत के सामने जीत लिए 196 रन का लक्ष्य रखा था. इसे भारतीय टीम ने 19.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.
भारत की जीत के हीरो संजू सैमसन रहे जिन्होंने 50 गेंद में 97 रन की नाबाद पारी खेली. संजू सैमसन को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
भारत छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहा है.
अब पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर भारत की टक्कर दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
197 रन के लक्ष्य का भारत ने इस लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और भारत ने दो विकेट जल्दी गंवा दिए.
ओपनर अभिषेक शर्मा 11 गेंद में 10 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए. अकील हुसैन ने अभिषेक का विकेट लिया.
अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन भी 10 रन बनाकर आउट हो गए. होल्डर ने उनका विकेट लिया.
समाप्त
दो विकेट जल्दी गिरने के बाद संजू सैमसन के साथ मिलकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भारत की पारी को संभाला. लेकिन कप्तान सूर्यकुमार 18 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए हैं.
हालांकि सूर्यकुमार और संजू सैमसन के बीच तीसरे विकेट के लिए 35 गेंद पर 58 रन की पार्टनरशिप हुई.
संजू सैमसन एक छोर पर मजबूती के साथ डटे रहे. तिलक वर्मा ने 15 गेंद पर 27 रन की पारी खेलकर संजू सैमसन का अच्छा साथ दिया.
संजू सैमसन और तिलक शर्मा के बीच चौथे विकेट के लिए 42 रन की पार्टनरशिप हुई.
इसके बाद हार्दिक पंड्या के साथ मिलकर संजू सैमसन भारत को जीत के करीब लेकर गए. हालांकि 179 के स्कोर पर हार्दिक पंड्या आउट हो गए.
लेकिन संजू सैमसन आखिर तक डटे रहे और उन्होंने टीम को 97 रन की नाबाद पारी खेलकर सेमीफाइनल में पहुंचा दिया.
इमेज स्रोत, Getty Images
टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत सधी हुई रही. लेकिन भारत के गेंदबाजों ने मिडिल ओवर्स में जोरदार वापसी की.
वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 195 रन बनाए. वेस्टइंडीज के लिए होल्डर ने 22 गेंद में 37 और पावेल ने 19 गेंद में 34 रन की नाबाद पारी खेली.
भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 36 रन खर्च कर दो विकेट लिए. हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला.
बुमराह ने 12वें ओवर में कमाल किया. इस ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने हेटमायर का विकेट लिया, जबकि 5वीं गेंद रॉस्टन चेज को आउट किया.
वेस्टइंडीज के लिए हेटमायर ने 12 गेंद में 27 रन बनाए. वहीं चेज ने 25 गेंद में 40 रन की पारी खेली. कप्तान शे होप ने 33 गेंद में 32 रन बनाए.
लेकिन होल्डर और पावेल ने वेस्टइंडीज ने आखिरी ओवर्स में अच्छी पार्टनरशिप की. दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की साझेदारी हुई.
इन दोनों की पार्टनरशिप की बदौलत ही वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर चार विकेट के नुकसान पर 196 रन तक पहुंचने में कामयाब रही.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था.
इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग 11 में इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ. वहीं वेस्टइंडीज की टीम में एक बदलाव हुआ. वेस्टइंडीज की प्लेइंग 11 में अकील हुसैन की वापसी हुई है और ब्रैंडन किंग बाहर हुए.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया ये मुकाबला वर्चुअल क्वार्टर फाइनल था.
भारत के अलावा इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही हैं.
चार मार्च को पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की टक्कर न्यूजीलैंड के साथ होगी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.