Feedback
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का 5 मार्च को जन्मदिन है और इस दिन वह 5 बड़े संकल्प लेने जा रहे हैं. शिवराज सिंह चौहान पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन को लेकर पंच पर प्रण लेंगे. वह अपने जन्मदिन पर विदिशा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान वह विदिशा क्षेत्र की जनता को सौगात देते हुए मामा कोचिंग क्लास, प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान और मामा चलित अस्पताल जैसी अभियानों का शुभारंभ करेंगे.
विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए उन्होंने ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ की शुरुआत करने की घोषणा की है. इसकी शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरुंदा से होगी. यहां बैंकिंग, SSC, MPPSC, DRDO और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली तैयारी कराई जाएगी. शिवराज सिंह चौहान ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा है कि, इस बार उनके जन्मदिन पर कोई भी होर्डिंग न लगाए, शॉल या बुके लेकर न आए.
उन्होंने आग्रह किया कि यदि कोई उन्हें शुभकामना देना चाहता है, तो वह एक पौधा अवश्य लगाए. केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा, ‘धरती माता को बचाने के इस पुण्य अभियान में मेरा साथ दें, आने वाली पीढ़ी के लिए जीवन सुरक्षित करना ही मेरा सबसे बड़ा उपहार होगा. मेरे जन्मदिन पर पौधे लगाने वाले लोग एक क्यूआर कोड के जरिए अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड करके शिव वृक्ष मित्र बन सकेंगे.’
यह भी पढ़ें: सड़क पर तड़पते युवक को देख कृषि मंत्री शिवराज ने रुकवा दिया काफिला, खुद की गाड़ी से पहुंचवाया अस्पताल
माता-पिता की स्मृति में प्रतिभा सम्मान
शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ शुरू करने का निर्णय लिया है. विदिशा लोकसभा की आठों विधानसभाओं में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को ₹51,000, ₹31,000 और ₹21,000 की सम्मान राशि दी जाएगी. लोकसभा स्तर पर प्रथम तीन स्थान पाने वालों को विशेष बड़े पुरस्कारों से नवाजा जाएगा.
मामा चलित अस्पताल का करेंगे शुभारंभ
विदिशा संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सभी आठों विधानसभाओं में मामा चलित अस्पताल शुरू किए जाएंगे. इन वाहनों में आधुनिक जांच सुविधाएं और योग्य डॉक्टरों की टीम होगी, जो गांव-गांव और मजरे-टोलों में जाकर निशुल्क इलाज और परामर्श देगी. मामा चलित अस्पताल का संचालन पूर्ण रूप से सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: ‘अब दिल्ली जाने के बाद आपकी जुबान क्यों बंद है?’ भोपाल में गरजे खड़गे, ट्रेड डील को लेकर शिवराज सिंह चौहान को भी घेरा
दिव्यांगों को देंगे मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक विशेष पहल तेज कर दी है. इस अभियान के तहत क्षेत्र में दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट की जा रही है, ताकि उनकी दैनिक आवाजाही सुगम हो सके और वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपने कार्य कर सकें. अपने जन्मदिन के मौके पर भी शिवराज सिंह चौहान दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरित करेंगे.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू