Feedback
ओडिशा के गंजाम जिले के ब्रह्मपुर शहर में बच्चों से भीख मंगवाने के आरोप में पुलिस ने चार महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नौ नाबालिग बच्चों को भी मुक्त कराया. पुलिस के अनुसार बचाए गए बच्चों में तीन लड़कियां भी शामिल हैं और उनकी उम्र चार महीने से लेकर 12 वर्ष के बीच बताई गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मणि सिंधे (65), अजया काजरी सिंधे (30), रानी सिंधे (30), पूजा पावर (20) और सीता पावर (40) के रूप में हुई है. सभी आरोपी ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन के पास, गोसानी नुआगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हालांकि पुलिस अभी उनकी पहचान और अन्य विवरणों का सत्यापन कर रही है.
यह भी पढ़ें: ओडिशा में पिकनिक पर जा रहीं दो बसें पलटीं, गंजाम में एक की मौत, गजपति में छह समेत 21 लोग घायल
सूचना के बाद शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, बच्चों से भीख मंगवाने वाले एक समूह की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी. इसके बाद पुलिस, जिला बाल संरक्षण इकाई और जिला बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्यों की संयुक्त टीम ने मंगलवार से मामले की जांच और निगरानी शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी सुबह के समय बच्चों को एक ऑटो-रिक्शा में लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचते थे. इसके बाद उन्हें ट्रैफिक सिग्नल और भीड़भाड़ वाले स्थानों के पास छोड़ दिया जाता था, जहां उनसे भीख मंगवाई जाती थी.
सिग्नल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भेजे जाते थे बच्चे
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बच्चों के साथ मौजूद बड़े लोग सड़क किनारे कुछ दूरी पर खड़े रहते थे और नजर रखते थे, जबकि बच्चे ट्रैफिक सिग्नल पर भीख मांगते थे. इसके अलावा बच्चों को शहर के कई व्यस्त स्थानों पर भी छोड़ दिया जाता था और उनसे भीख मंगवाई जाती थी.
पुलिस का कहना है कि यह गतिविधि पिछले कई महीनों से चल रही थी. पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक सरवाना विवेक एम ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी अपनी पहचान और बच्चों से संबंध के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए. उन्होंने बताया कि आरोपी हिंदी में बातचीत कर रहे थे और उनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है. मामले की आगे की जांच जारी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू