भास्कर न्यूज | जालंधर
‘कजो नैण मिलाए जिंदे मेरिए, कजो चैन चुराया हो जानी मेरिये’ और ‘ठंडी-ठंडी हवा झूलदी ओ झूलदे चीलां दे डालू, ओ जीणा कांगड़े दा’ जैसे पहाड़ी गीतों की मधुर धुनों से रविवार को रेलवे क्लब गूंज उठा। माहौल ऐसा बना कि मानो जालंधर की धरती पर हिमाचल की वादियां सजी हों।
मौका था हिमाचल जन कल्याण सभा की ओर से रेलवे क्लब में आयोजित 33वें वार्षिक समारोह का, जिसमें बड़ी संख्या में हिमाचली भाईचारे के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सनातन परंपरा के अनुसार हवन यज्ञ से हुई। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सभा के प्रबंधकों और सदस्यों ने हवन कुंड में आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान के संपन्न होने के बाद सभा के वरिष्ठ सदस्यों ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया।
सांस्कृतिक सत्र के दौरान गायक काकू राम एंड पार्टी ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक हिमाचली लोकगीत पेश कर पूरे रेलवे क्लब को पहाड़ी रंग में रंग दिया। मधुर धुनों और पारंपरिक गीतों पर श्रोता झूमने को मजबूर हो गए और पूरा माहौल देर तक आनंदमय बना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। सभा के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी तक अपनी परंपराओं को पहुंचाना ही सभा का मुख्य उद्देश्य है।
समारोह के अंत में आए हुए मेहमानों के लिए प्रीति भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधान दविंदर मिंटू, महासचिव मदन लाल, अंकित, रवि कुमार, टीपी सिंह, तारा सिंह, अर्जुन सिंह, शाम ठाकुर, विशाल डोगरा, अरुण ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
यज्ञ से लेकर सांस्कृतिक रंग तक पूरा दिन रहा खास .सनातन परंपरा के अनुसार हवन से कार्यक्रम की शुरुआत .वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना .ज्योति प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज .काकू राम एंड पार्टी ने पेश किए हिमाचली लोकगीत
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.