भास्कर न्यूज | बक्सर
गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर आदर्श गौशाला परिसर में बैठक हुई। बैठक में संत समाज, गौ भक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में बनारस से पधारे पूज्य संत ओंकार दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके सान्निध्य में पूरे आयोजन को आध्यात्मिक दिशा एवं ऊर्जा प्राप्त हुई।
बैठक में मुख्य रूप से छात्र नेता खुशबू पाठक ने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई। उनके साथ पूनम चौबे, हरिशंकर गुप्ता, आदित्य चौधरी, रोहतास गोयल सहित कई सक्रिय गौ भक्त एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत गौमाता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए की गई, जिसके पश्चात “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के उद्देश्यों, रणनीतियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान समय में गौवंश की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और इसके संरक्षण के लिए समाज एवं सरकार दोनों को मिलकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। छात्र नेता खुशबू पाठक ने कहा कि “गौ सम्मान आह्वान अभियान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक राष्ट्रव्यापी चेतना आंदोलन है, जो देशभर के पूज्य साधु-संतों के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य गौमाता को उचित सम्मान दिलाना, उनके संरक्षण के लिए सशक्त एवं प्रभावी कानून बनवाना तथा समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.