Vaishali Latest News: वैशाली में गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. रामनवमी पर्व पर गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए, जिसमें 16 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई.
Trending Photos
Vaishali News: वैशाली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां पर गंगा नदी में एक परिवार के पांच लोग डूब गए, जिसमें एक 16 साल की लड़की की मौत हो गयी. वहीं, दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. यह घटना महनार अनुमंडल अंतर्गत देसरी थाना क्षेत्र के गनियारी घाट की है.
दरअसल, गंगा नदी में स्नान करने आए एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मिली जानकारी के अनुसार, रामनवमी पर्व को लेकर परिवार के सभी सदस्य गंगा स्नान करने घाट पहुंचे थे. स्नान के दौरान अचानक एक महिला गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी.
महिला को बचाने के लिए साथ मौजूद परिवार के अन्य चार लोग भी नदी में उतर गए, लेकिन गंगा की तेज धारा और गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण सभी पांचों लोग डूबने लगे. घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया. लोगों की मदद से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी जान बच गई. हालांकि, इस हादसे में एक 16 वर्षीय किशोरी की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं, एक महिला और एक बच्ची अभी भी लापता बताई जा रही हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है. घटना की सूचना मिलते ही देसरी थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और लापता महिलाओं की तलाश तेज कर दी गई है. रामनवमी जैसे पावन पर्व के दिन हुए इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह
यह भी पढ़ें: छपरा में सरयू नदी ने छीनी 3 जिंदगियां, वैशाली में गंगा की धारा में बहे 5 लोग
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.