UP Latest Breaking News Today LIVE Updates: लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर को हुए सामूहिक हत्याकांड में फरार आरोपी बदरुद्दीन की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पड़ोसी अलीम खान, आफताब और अन्य परिचितों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन कोई ठोस जानकारी न मिलने पर सभी को छोड़ दिया। आरोपी अरशद ने घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर स्थानीय लोगों पर आरोप लगाए थे और धर्म परिवर्तन कर हिंदू धर्म अपनाने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस की अब तक की जांच में इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि वह तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में हुई प्रगति की अगले महीने समीक्षा करें और उन्हें यथाशीघ्र पूर्ण रूप से राज्य में लागू करें। दिल्ली नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्री के कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान शाह ने आदित्यनाथ को यह संदेश दिया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को हर 15 दिन में तीन नए कानूनों को लागू करने में हुई प्रगति की समीक्षा करनी चाहिए और मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सप्ताह में एक बार इसकी समीक्षा करनी चाहिए।
प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और मंदिरों के लिए प्रसिद्ध शहर अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सारी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। बयान में कहा गया है कि प्रयागराज महाकुंभ के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सारी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। बयान में कहा गया है कि दस हजार लोगों के ठहरने के इंतजाम के साथ ही उनकी मूलभूत सुविधाओं को ध्यान रखते हुए नगर निगम द्वारा जगह-जगह पेयजल, शौचालय व प्रकाश व्यवस्था के भी इंतजाम किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ठंड के मौसम में आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए और हिदायत दी कि महाकुंभ में स्वास्थ्य विभाग का दस्ता लगातार भ्रमण करके लोगों का हाल पूछे और जरूरत हो तो उपचार भी मुहैया कराये। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में कहा, ‘‘पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर चल रही है। यह समय बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर रोग से ग्रस्त लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने वाले है।”