कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईंराम अपने तीन दिवसीय दौरे पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) पहुंचे। दौरे के पहले चरण में वे रायपुर एयरपोर्ट से सीधे गेवरा हाउस गए, जिसके बाद उन्होंने कुसमुंडा मेगाप्रोजेक्ट का दौरा किया।
इस दौरान एसईसीएल के सीएमडी हरिश दुहन उनके साथ मौजूद रहे। चेयरमैन ने नीलकंठ साकार व्यू पॉइंट से खदान का अवलोकन किया। उन्होंने माइन प्लान, चालू वित्त वर्ष के उत्पादन लक्ष्य, मूल्यांकन रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की।
इसके बाद उन्होंने एनआईएमएल (NIML) पैच का दौरा कर खनन गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने एफएमसी (FMC) सिस्टम, साइलो के उपयोग, डिस्पैच प्रक्रिया और भविष्य की निकासी योजनाओं की समीक्षा की। कुसमुंडा व्यू पॉइंट पर भी उन्होंने समग्र परिचालन परिदृश्य का आकलन किया।
कर्मचारियों और अधिकारियों को किया गया सम्मानित
एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र के दौरे के दौरान, चेयरमैन बी. साईंराम ने अलग-अलग विभागों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर 42 CuM शॉवेल ऑपरेटर, डोजर ऑपरेटर, डंपर ऑपरेटर, ड्रिलर, हाइड्रोलिक शॉवेल मेंटेनेंस स्टाफ और रिपेयर टीम सहित विभिन्न संवर्गों के कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया
इसके अलावा कोल इंडिया और सार्वजनिक उपक्रमों की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस सम्मान से टीम भावना और संगठनात्मक गौरव को मजबूती मिली।
दौरे के दौरान चेयरमैन ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
चेयरमैन ने ली समीक्षा बैठक
कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन ने 03 अप्रैल 2026 को गेवरा क्षेत्र स्थित गेवरा हाउस में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में अन्य सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन की समीक्षा की गई और वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान पर्यावरण स्वीकृतियों की स्थिति, सुरक्षा से जुड़े विषय, मानसून पूर्व तैयारियां, एफएमसी (FMC), सीएचपी (CHP), साइलो और रेल कनेक्टिविटी जैसे यांत्रिक डिस्पैच सिस्टम के बेहतर उपयोग, कैपेक्स योजना और विविधीकरण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.