भास्कर न्यूज | जगदलपुर
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026के तहत 10 अप्रैल को होने वाली हिन्दी परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए बस्तर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।
जिला कार्यालय के प्रेरणा हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में डिप्टी कलेक्टर मनीष वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने परीक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों को विस्तार से दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण में परीक्षा संचालन के साथ-साथ सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने निर्धारित रूट के थानों की पूरी जानकारी रखें और समन्वय केंद्र से प्राप्त रूट चार्ट के अनुसार परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रूप से केंद्रों तक पहुंचाएं। साथ ही, परीक्षा समाप्ति के बाद सील्ड पेटियों को थानों में जमा कराने की जिम्मेदारी भी तय की गई है। इस दौरान संबंधित थाना प्रभारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, थानों में तैनात पर्यवेक्षक अधिकारियों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया। उन्हें निर्देशित किया गया कि केंद्राध्यक्षों के पहुंचने से पहले वे अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और उनकी निगरानी में ही प्रश्नपत्रों के पैकेट खोले जाएं।
वन टाइम लॉक के यूनिक नंबर का मिलान और समय-सारिणी के अनुसार सही प्रश्नपत्र निकालना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा के दौरान परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परिवहन अधिकारी रूट चार्ट के अनुसार परीक्षा सामग्री का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेंगे। वहीं थानों में तैनात अधिकारी प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए वन टाइम लॉक के नंबर और विषय का मिलान करेंगे। सभी अधिकारियों को कार्य पूर्ण होने के बाद नोडल अधिकारी को अनिवार्य रूप से रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.