कौन हैं सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा जिन पर अरबों की संपत्ति और कई विदेशी पासपोर्ट रखने के हैं आरोप? – BBC

इमेज स्रोत, Riniki Bhuyan Sarma/Facebook
असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को चुनाव होने वाले हैं लेकिन उससे ठीक पहले प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा काफी चर्चा में आ गई हैं.
वैसे तो 52 साल की रिनिकी की अब तक की छवि अराजनीतिक रही है और उनको एक उद्यमी महिला के तौर पर ही असम में जाना जाता है.
लेकिन कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया कि रिनिकी भुइयां सरमा के पास यूएई, मिस्र, एंटीगुआ और बारबुडा जैसे देशों के कई विदेशी पासपोर्ट हैं.
हालांकि, कांग्रेस नेता के इस आरोप को रिनिकी भुइयां और सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ख़ारिज किया है.
कांग्रेस नेता ने अपने आरोपों में रिनिकी की स्वामित्व वाली एक कंपनी का बजट 3,467 करोड़ अमेरिकी डॉलर बताया और दावा किया कि वह अमेरिका में होटल खोलने की योजना बना रही हैं.
इन आरोपों के बाद प्रदेश में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है.
दरअसल रिनिकी को लेकर कांग्रेस के कई नेता पहले भी कई आरोप लगा चुके है, जिसके जवाब में मानहानि मुकदमे तक हुए हैं. लेकिन चुनाव के ठीक चार दिन पहले रिनिकी पर लगे आरोपों ने तमाम मुद्दों को पीछे धकेलते हुए उनको सुर्खियों में ला दिया है.
सीएम हिमंत सरमा ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए ख़ारिज किया और कहा कि इस मामले में उनकी पत्नी ने एफ़आईआर दर्ज करवाई है.
समाप्त
हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में कहा, "कल पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने दो प्रेस कॉन्फ़्रेंस कीं, एक दिल्ली में और एक गुवाहाटी में. जब आप किसी चुनाव के नतीजे या आउटकम को प्रभावित करने के लिए इन आरोपों का इस्तेमाल फ़र्ज़ी डॉक्यूमेंट्स के साथ करते हैं, तो उस पर ज़्यादा सज़ा का प्रोविज़न लगता है और उसकी सज़ा उम्रक़ैद है."
इमेज स्रोत, Dilip Kumar Sharma
मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.
एपिसोड
समाप्त
असम के सबसे बड़े मीडिया हाउसेस में से एक 'प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट' की मैनेजिंग डायरेक्टर रिनिकी का जन्म 31 जुलाई, 1973 को गुवाहाटी में हुआ था.
उनके पिता जाधव चंद्र भुइयां असम के जाने-माने उद्योगपति थे. वह अपने पांच भाई-बहन में सबसे बड़ी हैं.
गुवाहाटी के सेंट मैरी स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद रिनिकी ने कॉटन कॉलेज से स्नातक (ग्रेजुएशन) और स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) की पढ़ाई पूरी की. स्कूल और कॉलेज के दिनों में लोग उन्हें एक अच्छी टेनिस खिलाड़ी के तौर पर जानते थे.
इंटरनेशनल टेनिस फ़ेडरेशन से प्रशिक्षित तथा राज्य के जाने-माने टेनिस कोच कल्याण दास ने रिनिकी को स्कूल के दिनों से टेनिस की ट्रेनिंग दी थी.
कल्याण दास ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "रिनिकी जब 10 साल की थी तभी से उन्होंने टेनिस खेलना शुरू किया था. मुझे याद है 1987 का वो साल जब रिनिकी अपनी कई सहेलियों के साथ एक ग्रुप में टेनिस सीखने आती थी. वह बहुत अच्छी टेनिस खिलाड़ी थीं और स्टेट के लिए खेल चुकी हैं."
रिनिकी को लेकर मौजूदा विवाद पर कल्याण दास कहते हैं, "अब रिनिकी का ताल्लुक चूंकि राजनीति से जुड़े व्यक्ति से है, सीएम की पत्नी हैं, इसलिए उनको सॉफ्ट टारगेट बनाया जाता है. वह एक अच्छी इंसान हैं. जिस दौर में वह टेनिस खेलती थीं, उस समय कई तरह के अभाव थे लेकिन अब वह स्थानीय खिलाड़ियों की पूरी मदद करती हैं."
रिनिकी की मुलाक़ात हिमंत बिस्वा सरमा से उस दौरान हुई थी जब वे गुवाहाटी के कॉटन कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रहीं थीं.
उस समय हिमंत कॉटन कॉलेज छात्र संघ के जनरल सेक्रेटरी थे.
अपने कई इंटरव्यू में रिनिकी ने हिमंत के साथ अपनी लव स्टोरी का ज़िक्र करते हुए कहा है, "10वीं की परीक्षा पास करने के बाद ही मेरी मुलाक़ात हिमंत से हुई थी. 1992 का साल था, जब हमने प्यार का इज़हार किया था."
अपने इसी इंटरव्यू में रिनिकी ने बताया था कि 1994 में जब उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता के लिए आवेदन किया तो उनका चयन हो गया था और उन्हें मुंबई बुलाया गया.
इमेज स्रोत, Dilip Kumar Sharma
वह इसी इंटरव्यू में कहती हैं, "मैंने सोचा कि एक बॉयफ्रेंड के तौर पर शायद हिमंत इस ख़बर से काफी खुश होंगे. लेकिन उन्होंने मुझे तब समझाया था कि यह प्रतियोगिता अच्छी नहीं होती. इस तरह वह मुझे कई दिनों तक हर सुबह अपने साथ ले जाकर समझाते. दरअसल वह मुझे मुंबई जाने देना नहीं चाहते थे."
10 साल तक एक-दूसरे को जानने-समझने के बाद रिनिकी और हिमंत ने 2001 में शादी कर ली. इस दंपति के अब दो बच्चे हैं. एक बेटा और एक बेटी.
'प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड' की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर रिनिकी की यह कंपनी 14 साल पहले बनी थी. उस दौरान हिमंत प्रदेश की सरकार में मंत्री थे.
इस कंपनी के तहत रिनिकी कई टीवी चैनलों का संचालन करती हैं, जिनमें 'न्यूज़ लाइव', 'नॉर्थ ईस्ट लाइव', 'रंग', 'रामधेनु' और 'इंद्रधनु' जैसे चैनल शामिल हैं. इसके साथ ही वह एक असमिया दैनिक अख़बार 'नियमिया वार्ता' का प्रबंधन भी करती हैं.
2026 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हिमंत ने जो शपथनामा दाखिल किया है, उसमें उनके नाम पर न तो कोई ज़मीन है और न ही कोई वाहन. लेकिन रिनिकी के नाम पर गुवाहाटी में 22 हजार वर्ग फ़ीट से ज्यादा ज़मीन है. इसके अलावा शपथनामा में एक जगह रिनिकी के नाम पर एका एस्टेट्स एलएलपी का जिक्र किया गया है.
एका एस्टेट्स एलएलपी एक लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप फ़र्म है, जिसे 25 दिसंबर 2020 को इनकॉरपोरेट किया गया था. यह रजिस्ट्रार ऑफ़ कंपनीज, शिलॉन्ग में रजिस्टर्ड है. इसमें योगदान की कुल बाध्यता 60 लाख रुपये है. एका एस्टेट्स एलएलपी के नामित भागीदार रिनिकी भुइयां सरमा और नंदिल बिस्वा सरमा हैं.
इमेज स्रोत, Dilip Kumar Sharma
'प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड' के अलावा रिनिकी भुइयां सरमा की राधाकृष्ण टी एस्टेट्स एलएलपी, अर्कासिस पब्लिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड, वशिष्ठ रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड, फिफ्थ पिलर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियों में हिस्सेदारी है.
रिनिकी के कारोबार को लेकर अक्सर विपक्षी दलों के आरोप लगते रहे हैं लेकिन उन्होंने हमेशा अपना जवाब कानूनी कार्रवाई के ज़रिये दिया है.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के ख़िलाफ़ क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज कर चुकीं रिनिकी ने मीडिया के समक्ष कहा, "तीन देशों का पासपोर्ट रखने की बात पेड़ पर गाय के चढ़ने जैसी है. यह पूरी तरह झूठ है. दिमाग से काम करने वाले लोग ऐसा नहीं करेंगे. मैंने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है. जिसने यह गलत काम किया है उसको सज़ा मिलेगी. हिमंत से लड़ नहीं सकते तो मुझे सॉफ्ट टारगेट बनाया है… झूठ बोलने की भी एक हद होती है."
हालांकि 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए दायर चुनावी हलफनामे में रिनिकी की कुल संपत्ति 32 करोड़ 79 लाख से ज्यादा है, जो कि उनके 2011 के हलफनामे में उल्लेख की गई संपत्ति से 1400 फ़ीसदी ज्यादा है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News