शहर
शिवसेना प्रमुख और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (फाइल फोटो)
Maharashtra Politics: चुनाव खत्म हो चुके हैं, अब पार्टी को मजबूत करने का समय शुरू हो गया है। राज्य में शिवसेना को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं तक पहुंचे, जनता की समस्याओं पर तुरंत काम करें और पार्टी के विस्तार में योगदान दें , ऐसे निर्देश शिवसेना प्रमुख और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी विधायक, सांसद, क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख, सह-संपर्क प्रमुख और लोकसभा संपर्क प्रमुखों को दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की बारीकी से जांच करने के लिए बूथ स्तर पर प्रतिनिधियों की नियुक्ति करें। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि अगर काम दिखाई नहीं दिया, तो पद भी नहीं रहेगा।
हाल ही में शिवसेना की ओर से संपर्क प्रमुख, क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख और लोकसभा संपर्क प्रमुखों की नियुक्ति की गई थी। इन सभी की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन समीक्षा और मार्गदर्शन बैठक उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में आयोजित की गई। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को पद का अहंकार छोड़कर कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करने के निर्देश दिए। मतदान क्षेत्रों के पुनर्गठन के बाद स्थानीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एकनाथ शिंदे ने संपर्क प्रमुखों को काम का पूरा रोडमैप दिया। उन्होंने साफ कहा कि लोकसभा संपर्क प्रमुख अपने क्षेत्र की हर विधानसभा में अलग-अलग बैठक करें और उन बैठकों की फोटो व पूरी जानकारी रोज उन्हें भेजें, जिसे वे खुद देखेंगे।
चुनाव आयोग द्वारा राज्य में चलाए जा रहे ‘एसआईआर’ अभियान को लेकर अब तक किसने कितने बीएलओ नियुक्त किए, कितनी बार अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और कितनी बैठकें कीं? इसकी जानकारी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संपर्क प्रमुखों से मांगी।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिनके पास काम का कोई रिपोर्ट नहीं होगा और जो काम नहीं करेंगे, उन्हें सीधे पद से हटा दिया जाएगा। एकनाथ शिंदे ने निर्देश दिया कि विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन को ध्यान में रखते हुए हर नेता मतदाता सूची की बारीकी से जांच के लिए दो बीएलए नियुक्त करे और उनके साथ रोज बैठक करे। पार्टी संगठन को और मजबूत व प्रभावी बनाने के लिए हर पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में ज्यादा मेहनत और जिम्मेदारी से काम करने की भी हिदायत दी गई।
सनद रहे कि शिवसेना ने हाल ही में क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख, सह-संपर्क प्रमुख और लोकसभा संपर्क प्रमुखों की घोषणा की थी। इसमें सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, सांसद नरेश म्हस्के, मंत्री योगेश कदम, मंत्री भरत गोगावले, मंत्री प्रकाश आबिटकर, मंत्री संजय राठौड़, विधायक डॉ. मनीषा कायंदे, विधायक किरण सामंत, विधायक निलेश राणे, विधायक दिलीप लांडे, विधायक तुकाराम काते, विधायक किशोर अप्पा पाटिल, शिवसेना सचिव भाऊसाहेब चौधरी और पूर्व सांसद राहुल शेवाले को पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आज का मौसम कैसा रहेगा. शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now … और देखें