खान एवं पेट्रोलियम विभाग सचिव अपर्णा अरोड़ा ने कहा है कि एमई-एसएमई एयरकंडीशनर ऑफिस से बाहर निकलकर फील्ड में जाएं और मई के अंत तक प्रदेश के सभी वे-ब्रिज पर आटोमेशन सिस्टम को लाइव कराएं।
खान सचिव अपर्णा अरोड़ा ने बुधवार को प्रदेश के उच्च अधिकारियों सहित सभी एमई-एसएमई की वीसी के जरिए मीटिंग ली। मीटिंग का एजेंडा प्रदेश के सभी वे-ब्रिज पर 5 लाख रुपए की लागत से नए आटोमेशन सिस्टम को लगवाकर लाइव कराना था। वीसी के दौरान सचिव ने कहा कि एमई-एसएमई अपने एसी कार्यालयों से बाहर निकलकर फील्ड में वे-ब्रिज पर जाए।
वहां नए आटोमेशन सिस्टम में आ रही समस्याओं को समझे और उन्हें दूर कराएं। सभी एमई-एसएमई से कहा गया है कि चिह्नित किए गए 153 वे-ब्रिज पर इसी माह माह आटोमेशन सिस्टम पूरी तरह लाइव हो जाना चाहिए। उसके बाद मई के अंत तक प्रदेश के सभी वे-ब्रिज पर आटोमेशन सिस्टम शुरू कराया जाए। सचिव ने इस संबंध में डीएमजी एमपी मीणा को दिशा-निर्देश दिए। खान सचिव खुद वे-ब्रिज पर पहुंची और वहां आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। गौरतलब है कि प्रदेश में 6503 वे-ब्रिज हैं। इनमें 4000 से ज्यादा एक्टिव हैं। सभी वे-ब्रिज पर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की निगरानी और रवन्ना में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए 5 लाख रुपए का आटोमेशन सिस्टम लगाना अनिवार्य किया गया है। लेकिन, नए सिस्टम में गड़बड़ियों, विभाग के सॉफ्टवेयर में दिक्कत के कारण वह सही तरीके से काम नहीं कर रहा। इसके अलावा 5 मिनट बाद दूसरी गाड़ी का वे-ब्रिज पर आने की अनिवार्यता से जाम लग रहा है। इन समस्याओं के कारण वे-ब्रिज संचालक नए सिस्टम से हाथ खींच रहे हैं।
भास्कर में 7 अप्रैल को प्रकाशित खबर।
समस्या समाधान के लिए व्हाट्सअप ग्रुप बनेगा
खान विभाग के उच्च अधिकारियों का एक व्हाट्सअप ग्रुप बनेगा जिसमें आटोमेशन सिस्टम से आ रही समस्याओं की जानकारी मिलने पर उन्हें दूर किया जाएगा। व्हाट्सअप ग्रुप में खान सचिव, डीएमजी, एडीएम स्तर के अधिकारी होंगे। एमई-एसएमई फील्ड में जाकर समस्याओं के बारे में उच्च अधिकारियों को बताएंगे। उच्च अधिकारी ग्रुप में डालेंगे और चर्चा कर समाधान किया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.