Feedback
भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एक नई स्वदेशी AI+ कंपनी तेजी से अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है. Ai+ Smartphone ने अपनी नई Nova Series लॉन्च कर दी है. इस लॉन्च के साथ कंपनी ने ये क्लियर कर दिया है कि सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, ब्लिक पूरे इकोसिस्टम पर काम कर रही है.
इस लॉन्च में कंपनी ने एक साथ तीन नए 5G स्मार्टफोन्स Nova 2, Nova 2 Ultra और Nova Flip पेश किए हैं. इसके साथ ही कंपनी ने टैबलेट, ऑडियो प्रोडक्ट्स और वियरेबल डिवाइस भी लॉन्च किए हैं. यानी यह सिर्फ एक प्रोडक्ट लॉन्च नहीं, बल्कि एक बड़ी स्ट्रैटिजी का हिस्सा है. दिलचस्प ये है कि TWS की कीमत 699 रुपये से ही स्टार्ट है.
सबसे सस्ता फ्लिप स्मार्टफोन लॉन्च
Nova Series की सबसे बड़ी खासियत इसका प्राइस सेगमेंट है. Nova 2 की शुरुआती कीमत 8,999 रुपये रखी गई है, जबकि Nova 2 Ultra 14,999 रुपये से शुरू होगा. वहीं Nova Flip, जो एक फ्लिप डिजाइन वाला स्मार्टफोन है, उसे 29,999 रुपये में पेश किया गया है.
अगर Nova 2 की बात करें तो यह एक एंट्री-लेवल 5G फोन है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का कैमरा और 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. कंपनी का फोकस यहां उन यूजर्स पर है जो कम कीमत में लंबी बैटरी और भरोसेमंद परफॉर्मेंस चाहते हैं.
वहीं Nova 2 Ultra इस सीरीज का थोड़ा प्रीमियम वर्जन है. इसमें Sony IMX752 सेंसर के साथ 50 मेगापिक्सल कैमरा दिया गया है, जो OIS सपोर्ट करता है. इसके अलावा इसमें MediaTek Dimensity 7400 प्रोसेसर, VC कूलिंग और कुछ कस्टमाइजेशन फीचर्स भी मिलते हैं.
पहला स्वदेशी फ्लिप फोन!
सबसे अलग Nova Flip है, जो पुराने फ्लिप फोन डिजाइन को नए अंदाज में वापस लाने की कोशिश करता है. इसमें 6.9 इंच की AMOLED डिस्प्ले, 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा और एक अलग डिजाइन अप्रोच दी गई है. कंपनी इसे स्टाइल और एक्सप्रेशन पर फोकस करने वाले यूजर्स के लिए पेश कर रही है.
इन सभी स्मार्टफोन्स में Android 16 पर बेस्ड NxtQuantum OS दिया गया है. कंपनी इसे भारत का पहला सोवरेन मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम बता रही है, जिसमें प्राइवेसी और ट्रांसपेरेंसी पर खास ध्यान दिया गया है. इसके साथ NxtPrivacy Dashboard भी मिलता है, जिससे यूजर अपने डेटा पर ज्यादा कंट्रोल रख सकते हैं. कंपनी का दावा है कि डेटा लोकलाइजेशन का खास ध्यान दिया गया है.
Pulse Tab भी लॉन्च
सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, कंपनी ने PulseTab नाम से अपना पहला टैबलेट भी लॉन्च किया है. इसमें 10.95 इंच की डिस्प्ले, 90Hz रिफ्रेश रेट और 8000mAh बैटरी दी गई है. इसकी कीमत 9,999 रुपये रखी गई है, जो इसे बजट टैबलेट सेगमेंट में मजबूत बनाती है.
ईयरबड्स भी लॉन्च
इसके अलावा कंपनी ने NovaPod Beats और NovaPods Air जैसे ऑडियो प्रोडक्ट्स और RotateCam 4G नाम का स्मार्टवॉच भी पेश किया है. खास बात यह है कि RotateCam 4G में रोटेटिंग कैमरा दिया गया है, जो इसे बाकी स्मार्टवॉच से अलग बनाता है.
Ai+ का कहना है कि वह एक ऐसा कनेक्टेड इकोसिस्टम बनाना चाहता है, जहां सभी डिवाइस एक-दूसरे के साथ आसानी से काम करें. लेकिन असली चुनौती यही होगी कि क्या यह नया ब्रांड Xiaomi, Realme और Samsung जैसे बड़े खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह बना पाता है या नहीं.
फिलहाल कीमत और फीचर्स को देखते हुए यह लॉन्च काफी इंप्रेसिव जरूर लगता है. अब देखना होगा कि यूजर्स इसे कितना अपनाते हैं और क्या यह ब्रांड वाकई भारतीय बाजार में अपनी पहचान बना पाता है.
यहां पढ़ें आज लॉन्च हुए सभी AI+ डिवाइसेज के फीचर्स और फुल स्पेसिफिकेशन्स
AI+ Nova 2: फुल स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
Nova 2 एक बजट 5G स्मार्टफोन है, जिसमें 6.745 इंच की HD+ डिस्प्ले दी गई है और ये 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है.
फोन में ऑक्टा-कोर 6nm प्रोसेसर दिया गया है और Mali-G57 GPU मिलता है. इसमें 4GB RAM के साथ 64GB स्टोरेज और 6GB RAM के साथ 128GB स्टोरेज का ऑप्शन है.
कैमरे की बात करें तो इसमें 50 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है. बैटरी 6000mAh की है, जो 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है.
यह फोन Android 16 बेस्ड NxtQuantum OS पर चलता है और इसमें 5G, ब्लूटूथ 5.0, ड्यूल बैंड WiFi, Type-C पोर्ट और IP64 रेटिंग भी मिलती है.
Nova 2 Ultra: फुल स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
Nova 2 Ultra इस सीरीज का ज्यादा पावरफुल वर्जन है. इसमें 6.78 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 2500 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आती है.
इसमें MediaTek Dimensity 7400 प्रोसेसर मिलता है, जो 4nm टेक्नोलॉजी पर बना है. फोन में 6GB और 8GB RAM के साथ 128GB स्टोरेज ऑप्शन दिए गए हैं.
कैमरे में 50 मेगापिक्सल Sony IMX752 सेंसर के साथ OIS सपोर्ट मिलता है, साथ में 8 मेगापिक्सल वाइड एंगल और 13 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है.
इसमें 6000mAh बैटरी है, जो 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. इसके अलावा WiFi 6, ब्लूटूथ 5.4, ड्यूल स्पीकर्स, VC कूलिंग और IP64 रेटिंग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
Nova Flip: फुल स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
Nova Flip इस लाइनअप का सबसे अलग और प्रीमियम डिवाइस है. इसमें 6.9 इंच की AMOLED इनर डिस्प्ले दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 2790×1188 है, साथ ही 3.1 इंच की कवर डिस्प्ले भी मिलती है.
इसमें MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर दिया गया है और 8GB RAM के साथ 256GB स्टोरेज मिलता है. कैमरे में 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर, 2 मेगापिक्सल डेप्थ सेंसर और 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है.
फोन में 4325mAh बैटरी है, जो 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. इसके अलावा इसमें NFC, GPS L1+L5, USB-C पोर्ट, IP64 रेटिंग और साइड फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
Pulse Tab: फुल स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
PulseTab कंपनी का पहला टैबलेट है, जिसमें 10.95 इंच की FHD डिस्प्ले दी गई है और यह 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. इसमें 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलता है, जिसे 1TB तक बढ़ाया जा सकता है.
टैबलेट में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है. बैटरी 8000mAh की है और इसमें फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें ड्यूल सिम और WiFi सपोर्ट दिया गया है और ऑडियो के लिए क्वाड स्पीकर्स मिलते हैं.
NovaPod Betas ईयरबड्स स्पेसिफिकेशन्स
ऑडियो सेगमेंट में NovaPod Beats पेश किए गए हैं, जिनमें 13mm ड्राइवर, एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन और हेल्थ ट्रैकिंग फीचर्स जैसे हार्ट रेट और SpO2 मॉनिटरिंग मिलती है. वहीं NovaPods Air एक किफायती TWS ऑप्शन है, जिसमें 22 घंटे तक का बैटरी बैकअप, क्वाड माइक ENC और 50ms लो लेटेंसी दी गई है.
वियरेबल सेगमेंट में RotateCam 4G स्मार्टवॉच दी गई है, जिसमें 4G LTE कॉलिंग, रोटेटिंग कैमरा, GPS, Play Store सपोर्ट और 2GB RAM के साथ 16GB स्टोरेज मिलता है. इसमें 1520mAh बैटरी और IP68 रेटिंग भी दी गई है, जो इसे एक अलग कैटेगरी का प्रोडक्ट बनाती है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू