Feedback
मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज इन दिनों एक विवाद में आ गए हैं और इसकी वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर उनकी लाइक की हुई एक पोस्ट है. उन पर आरोप लग रहे हैं कि उन्होंने कथित तौर पर एक ऐसी रील को लाइक किया है, जिसमें ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ देखने वाले दर्शकों की तुलना नाजियों से की गई थी.
अब ये तो सभी को पता है कि इंटरनेट की दुनिया में छोटी से छोटी बात भी लोगों की नजरों से नहीं बचती, और विशाल भारद्वाज के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और लोग डायरेक्टर की पसंद पर सवाल उठा रहे हैं.
क्या था आखिर उस पोस्ट में?
यह पूरा मामला तब गरमाया जब ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने एक स्क्रीनशॉट शेयर किया. इस स्क्रीनशॉट में दावा किया गया कि विशाल भारद्वाज ने एक रील को लाइक किया है जिसका टाइटल था— ‘आपने ‘धुरंधर‘ क्यों नहीं देखी?’ इस रील में अगस्त लैंडमेसर की उस ऐतिहासिक तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें वह हिटलर को सैल्यूट करने से इनकार करते हुए भीड़ के बीच अकेले खड़े नजर आते हैं. रील के जरिए बेहद विवादास्पद तरीके से यह संकेत देने की कोशिश की गई कि ‘धुरंधर’ के प्रशंसक नाजियों की विचारधारा के समान हैं.
डायरेक्टर की हुई आलोचना
जैसे ही इस लाइक का स्क्रीनशॉट सार्वजनिक हुआ, यह तेजी से वायरल हो गया इसे शेयर करने वाले यूजर ने तीखा कैप्शन लिखते हुए ‘हैदर’ जैसी फिल्मों के डायरेक्टर पर निशाना साधा. यूजर ने लिखा कि विशाल भारद्वाज उस पोस्ट को पसंद कर रहे हैं जिसमें फिल्म के दर्शकों की तुलना जर्मनी के नाजियों से हो रही है. साथ ही तंज कसते हुए यह भी कहा गया कि स्टैंडअप कॉमेडियन ज़ाकिर खान की बात सच साबित हो रही है कि फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता ने कई लोगों को परेशान कर दिया है.
वहीं Reddit पर कुछ लोगों ने आगे आकर भारद्वाज का बचाव भी किया. एक यूज़र ने, जो खुद को ‘धुरंधर’ का फैन बता रहा था, कहा – ‘लोगों को अपनी पसंद की फिल्मों की आलोचना करने या उन्हें नापसंद करने का पूरा हक होना चाहिए. भारद्वाज एक आम नागरिक हैं, जिनके अपने मजबूत राजनीतिक विचार हैं और यह उनका अधिकार है. हां, यह सच है कि ‘धुरंधर 2′ में कुछ प्रोपेगैंडा वाली बातें थीं, लेकिन कुल मिलाकर यह एक बेहतरीन फिल्म है. अलग-अलग विचारों का सम्मान करना ही तो सबसे जरूरी है, है ना?’
एक यूजर ने मजे लेते हुए पूछा – ‘भारत में लोग फिल्मों को इतनी गंभीरता से क्यों लेते हैं? और सच कहूं तो, बॉलीवुड के दीवाने इस देश में यह सवाल वाकई में काफी जायज है.’
जिन लोगों को इस बारे में जानकारी नहीं है, उनके लिए बता दें कि आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ एक स्पाई-एक्शन थ्रिलर फिल्म का सीक्वल है. इस फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, आर माधवन, अक्षय खन्ना और सारा अर्जुन जैसे सितारे हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू