Feedback
SUV लेने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पैसा कितना सेफ रहेगा. तो अब टेंशन छोड़ दीजिए. Volkswagen ने अपनी मशहूर एसयूवी Taigun का नया फेसलिफ्ट वर्जन आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए लॉन्च कर दिया है. बीते दिनों कंपनी ने इस एसयूवी से पर्दा उठाया था और आज इसकी कीमतों का ऐलान कर दिया गया है. इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है.
फॉक्सवैगन ने नई Taihun को एक ख़ास ऑफर के साथ पेश किया है, जो सिर्फ कार नहीं, बल्कि एक स्मार्ट डील बनकर सामने आया है. 10.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत वाली इस SUV में जहां नए फीचर्स और प्रीमियम लुक मिलते हैं, वहीं 75 प्रतिशत तक का बायबैक गारंटी इसे बाकी कारों से अलग खड़ा करती है.
फॉक्सवैगन अपने अस्योर्ड बायबैक प्रोग्राम के तहत इस एसयूवी की खरीद पर 3 साल या 30,000 किलोमीटर तक कार की एक्स-शोरूम कीमत का 75 प्रतिशत तक वैल्यू वापस देने की गारंटी दे रही है. यानी यूजर इस कार को 3 साल बाद या 30 हजार किमी चलाने के बाद भी इसे रिटर्न कर सकता है. जिसके बदले उसे वेरिएंट के हिसाब से एक्स-शोरूम कीमत का 75% पैसा वापस कर दिया जाएगा. यह ऑफर फिलहाल 31 मई 2026 तक की बुकिंग पर लागू है. इंडियन पैसेंजर कार मार्केट में यह अब तक का सबसे ज्यादा बायबैक वैल्यू बताया जा रहा है.
लुक और डिजाइन के मामले में कंपनी ने ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं, लेकिन जो भी किया है वह कार को ज्यादा प्रीमियम बनाता है. आगे की तरफ अब पतली ग्रिल के साथ फुल-विड्थ लाइट बार दिया गया है. साथ ही इल्यूमिनेटेड Volkswagen लोगो दिया गया है, जो आजकल ट्रेंड में है. बंपर में पियानो ब्लैक फिनिश दिया गया है और साइड प्रोफाइल में नए अलॉय व्हील्स देखने को मिलते हैं.
एसयूवी के पीछे की तरफ नए LED टेललैंप्स दिए गए हैं, जिनमें सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर मिलता है. इसके अलावा हल्का अपडेटेड बंपर और लाइट्स में वेलकम और गुडबाय एनिमेशन फीचर भी जोड़ा गया है. इस एसयूवी को कुल 9 कलर ऑप्शन में पेश किया गया है. जिसमें अवाकाडो पर्ल, स्टील ग्रे, कैंडी व्हाइट, डीप ब्लैक, वाइल्ड चेरी रेड, लावा ब्लू, रिफ्लेक्स सिल्वर, कॉर्बन स्टील और कॉर्बन स्टील मैट कलर शामिल हैं.
नई Taigun में 1.0 लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 114 bhp की पावर और 178 Nm टॉर्क जेनरेट करता है. वहीं 1.5 लीटर TSI इंजन 148 bhp की पावर और 250 Nm टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन की बात करें तो 1.0 लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है. जबकि 1.5 लीटर इंजन में 7-स्पीड ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक मिलता है. मैकेनिकली इस एसयूवी में सबसे बड़ा बदलाव यही है कि, इसमें अब 8-स्पीड ऑटोमेटिक गियर दिया जा रहा है.
कार के अंदर आपको वही जाना-पहचाना लेआउट मिलेगा, लेकिन इसमें कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं. नए कलर ऑप्शन और टू-टोन फिनिश के साथ इसे ज्यादा प्रीमियम बनाया गया है. अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से 6 तरह के अपहोल्स्ट्री ऑप्शन मिलते हैं. इसमें बड़ा 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10.1-इंच का अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. यह सिस्टम अब ज्यादा स्मूद सॉफ्टवेयर, नए ग्राफिक्स और AI बेस्ड फीचर्स के साथ आता है, जिससे रियल टाइम जानकारी और बेहतर वॉइस कंट्रोल मिलता है.
Taigun फेसलिफ्ट में अब 40 से ज्यादा फीचर्स दिए गए हैं. इसमें फुल LED हेडलैंप्स के साथ ऑटोमैटिक लेवलिंग दी गई है. इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स इसे और आरामदायक बनाते हैं. AC सिस्टम को भी अपडेट किया गया है, जिससे कूलिंग पहले से बेहतर हो गई है.
सेफ्टी के मामले में भी यह SUV काफी मजबूत है. फॉक्सवैगन का दावा है कि, इस एसयूवी में 40 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्र्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD) के साथ एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट, ISOFIX माउंट्स और ऑटो डिमिंग IRVM जैसे फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी का कहना है ये नया मॉडल भी पिछले वर्जन की ही तरह 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग के साथ आता है.
कंपनी इस SUV के साथ 4 साल या 1 लाख किलोमीटर की वारंटी दे रही है. इसके अलावा 4 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और 3 फ्री लेबर सर्विस भी मिलती हैं. कुल मिलाकर, नई Taigun फेसलिफ्ट अब पहले से ज्यादा स्टाइलिश, फीचर-लोडेड और टेक्नोलॉजी से लैस हो गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू