UP News Live
UP News Live: राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे करीब 1000 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक आकलन में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। आग दोपहर बाद रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में लगी और तेज हवाओं तथा झग्गियों में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैल गई। धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग की तीव्रता के कारण कई छोटे रसोई गैस सिलेंडरों में विस्फोट हुए, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, यूपी में अल नीनो का प्रभाव पड़ने लगा है। इसका प्रभाव लगातार तीन से चार माह तक पड़ेगा। इससे हीट वेव पीक पर होगी। बारिश कम होने की संभावना भी जताई जा रही है। बुधवार को पांचवें विक्षोभ और तेज धूप से दिन का पारा 38.2 डिग्री के पार चला गया। यह सामान्य से अधिक है। यही नहीं रात का पारा 3.4 डिग्री बढ़ गया। मौसम विभाग ने 72 घंटों में हीट वेव की संभावना जताई है।
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप
बुलंदशहर के कोतवाली क्षेत्र के गांव नयाबांस में मंगलवार की देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के भाई ने उसके पति, सास-ससुर व देवर के विरुद्ध दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस को दी तहरीर के अनुसार हापुड़ जिले के थाना सिंभावली के गांव टोडरपुर निवासी रोहित कुमार ने अपनी बहन भारती उम्र 26 वर्ष का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के गांव नयाबांस निवासी विपिन के साथ किया था। आरोप है कि तभी से आरोपियों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर भारती के साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि मंगलवार को विवाहिता ने फोन कर परिजनों को बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है।
लखनऊ में आग की घटना पर मुख्यमंत्री योगी लिया संज्ञान
लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में लगी भीषण आग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी संसाधनों का पूरा उपयोग करने और स्थिति पर लगातार नजर रखने के भी निर्देश दिए हैं। फिलहाल दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस भी घटनास्थल पर तैनात है और क्षेत्र को सुरक्षित रखने में जुटी है।
पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल खत्म, लोगों में हड़कंप
श्रावस्ती के कोतवाली भिनगा क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। सिरसिया थाना क्षेत्र के भींगा मंगल भट्टा स्थित पेट्रोल पंप पर अचानक डीजल और पेट्रोल खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इतना ही नहीं, भुजंगा पेट्रोल पंप और पड़री हरैया तराई क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन पूरी तरह खत्म हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि दूर-दराज से तेल भरवाने आए लोग बिना ईंधन लिए ही मायूस होकर वापस लौट रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन सप्लाई न होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार के बाद निराश होना पड़ा। खासकर बाइक और चार पहिया वाहन चालकों के साथ-साथ किसानों को भी बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चलती ट्रेन में दिन दहाड़े डकैती, गन पॉइंट पर यात्रियों से 7 लाख लूटे
यूपी के रामपुर में चलती ट्रेन में व्यापारी के कर्मचारियों से बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दिन-दिहाड़े 7 लाख रुपये लूट लिए। साथ ही हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश ट्रेन से ही कूदकर भाग गए। उधर, घटना से आरपीएफ व जीआरपी यूपी-उत्तराखंड में हड़कंप मच गया। टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर मामले की जांच पड़ताल की।
चलती ट्रेन में दिन दहाड़े डकैती, गन पॉइंट पर यात्रियों से 7 लाख लूटे
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के खिलाफ संत ने शिकायत दर्ज कराई, माघ मेले में धार्मिक गतिविधियों को प्रभावित करने का आरोप
लखनऊ में श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के खिलाफ लखनऊ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महाराज का आरोप है कि माघ मेला के दौरान धार्मिक गतिविधियों को सुनियोजित तरीके से प्रभावित किया गया और इसमें उच्च स्तर पर षड्यंत्र रचा गया।
महाराज के अनुसार इस प्रकरण में कथित रूप से भू शंकराचार्य की भूमिका रही, जिन्होंने लखनऊ से फोन कर निर्देश दिए। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
आशियाना में मोती महल रेटोरेंट में लगी आग
लखनऊ में आशियाना स्थित मोती महल रेस्टोरेंट में बुधवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग एसी के आउटर में लगी थी। देखते देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग पड़ोस स्थित गीतांजलि शोरूम में भी पहुंच गई। कर्मचारियों ने पहले खुद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख लिगों ने दमकल को सूचना दी। आस पड़ोस के लीग भी घरों से बाहर निकल आए। अफरा तफरी मच गई।
सब स्टेशन को फ़ोन कर बिजली की सप्लाई बंद कराई। आलमबाग और पीजीआई फायर स्टेशन से पहुँचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घण्टे भर की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। स्थिति सामान्य है।
दो पक्षों में हुई मारपीट में महिलाओं समेत 23 लोग घायल
रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में मकान की खरीददारी को लेकर दो पक्षों के बीच हुईकहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से एक दर्जन महिलाओं समेत 23 लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। इसमें 18 घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर पुलिस जांच में जुट गई।
क्षेत्र के सेरसन का पुरवा मजरे बेड़ारू गांव के रहने वाले रामेश्वर ने गांव के ही राजकुमार से उनका घर खरीदा था। इसके बाद राजकुमार ने गांव के ही रहने वाले रामकिशुन के हाथ घर को दोबारा बेंच दिया। बुधवार सुबह वे उसी घर में भूसा रख रहे थे कि राम किशुन आदि ने मना किया। इसी बीच दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी मारपीट शुरू हो गई।
अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बहरी गांव में बुधवार की सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। एसपी चारू निगम ने घटनास्थल का जायजा लिया।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बहरी गांव में झाड़ियों के बीच एक युवती का शव पड़ा ग्रामीणों ने सुबह देखा।जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जयसिंहपुर पुलिस के साथ ही एसपी चारू निगम मौके पर पहुंची। युवती के शव की शिनाख्त नही हो सकी। सीओ जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार युवती की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवती के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था।
घर के सामने खाना खाने के विवाद में मारपीट, चाकूबाजी कई घायल
अयोध्या कैंट थाना क्षेत्र के रेतिया मोहल्ले में घर के बाहर खाना खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल नौ लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष की तरफ से एक युवक के द्वारा चाकू चलने का आरोप है। जिसमें 6 लोग घायल हो गए हैं। इसमें दो घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है
करनैलगंज में धू-धूकर जली बाइक, चपेट में आई किराना दुकान में लाखों का नुकसान
गोंडा के करनैलगंज कोतवाली के निकट मंगलवार की देर रात दुकान के सामने टीन शेड के नीचे खड़ी एक बाइक में लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से पास की किराना दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई, वहीं दुकान में रखा सामान भी जल गया। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से आग पर काबू पाया गया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, करनैलगंज तहसील मोड़ स्थित चौरसिया किराना एवं पूजन भंडार के मालिक ने रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की थी। रात करीब 8:30 बजे बाइक से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, तेज हवा के झोंकों ने आग को विकराल बना दिया।
बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क न बनने से ग्रामीण परेशान, डीएम से मरम्मत की मांग
तहसील जमुनहा के अंतर्गत भिनगा–मल्हीपुर संपर्क मार्ग पर वीरपुर गांव को जाने वाली सड़क पूर्व में आई बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी। बाढ़ के कारण सड़क के किनारे का हिस्सा कट गया था, जिसे अब तक ठीक नहीं कराया गया है। इससे गांव के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का किनारा कट जाने से रास्ता संकरा और जोखिम भरा हो गया है, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेष कर बारिश के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है।
इस समस्या को लेकर गांव के दिनेश कुमार आर्य, शब्बीर अहमद, शुभम पाठक, जय मंगल पाठक, गुरुदेव, शिव शंकर सलीम सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
फौजी सहित दो घर में चोरी पर केस दर्ज
पयागपुर में चोरों ने रविवार रात में फौजी सहित दो के घर में चोरी की वारदात की थी। फौजी सरहद पर तैनात है। पीड़िता मां की तहरीर पर चोरी की वारदात मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है। हालांकि चार दिन बाद भी पुलिस मामले का खुलासा नही कर सकी है।
पयागपुर थाने सहसरांवा के मजरे मिश्रनपुरवा निवासनी शांति देवी पत्नी राधे किशुन के तीन बेटे फौज में सरहद पर तैनात है। रविवार रात चोरो ने इस घर में वारदात कर तीनो फौजी भाईयो की पत्नी के जेवर व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नही चोरों ने इन्ही के पड़ोसी शिवराम वर्मा के घर से भी लाखों की सम्पत्ति गायब कर दी थी। चोर लगभग दस लाख की सम्पत्ति व नगदी ले गए। पीड़िता मां शांति देवी की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की गई है। चार दिन बाद भी चोरी का खुलासा नही हुआ है।
निगोहा में विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला,मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा काटा
निगोहां के नन्दौली गांव में मंगलवार देर रात एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के बरामदे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना को लेकर ससुराल पक्ष जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नन्दौली निवासी रूबी (25) पत्नी सूरज रावत ने मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार रात करीब 1 बजे सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
जांच में पता चला कि मृतका का पति सूरज मंगलवार शाम करीब 5 बजे पड़ोसी गांव जमुरिया में शादी कार्यक्रम में लकड़ी काटने गया था। रात करीब 9:30 बजे उसने फोन पर पत्नी से बात कर खाना-पीना पूछते हुए दो घंटे में लौटने की बात कही थी। रात करीब 1 बजे घर लौटने पर सूरज ने पत्नी का शव बरामदे में पंखे से लटका देखा।
अधेड़ श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
बहराइच में एक श्रमिक घर से मजदूरी करने निकला था। उसकी मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पता चला है कि काम के दौरान उसे किसी मारपीट कर धक्का दे दिया। फिर मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
फखरपुर थाने के घासीपुर निवासी मुस्ताक (45) पुत्र मोहम्मद शफी रोज की भांति मजदूरी करने घर से फखरपुर इलाके के किसी गांव में गया था। साइड पर ही श्रमिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कुछ लोग उसे मृतकावस्था में उसके घर छोड़ कर फरार हो गए।
डीआरएम ने बछरावां रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने बीती देर रात बछरावां रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर वहां पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों को देखा। संबंधित अधिकारियों से उन्होंने कार्यों में तेजी लाने की निर्देश दिए और समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा। साथ ही अपने हाथों से छूकर लगाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता को भी परखा। रेल यात्रियों की सहूलियतों को बेहतर बनाए जाने के कड़े निर्देश भी दिए।
मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा बीती देर रात अचानक बछरावां रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो वहां पर हड़कंप मच गया। अमृत भारत योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को उन्होंने लगभग डेढ़ घंटे तक हर स्थान पर पहुंच कर बारीकी से देखा।
ट्रांसपोर्टर की मौत के मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अम्बेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में सप्ताह भर पूर्व हुई सड़क दुर्घटना में बुलेट सवार ट्रांसपोर्टर की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम इटौरी निवासी बलवंत सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई रोमिन्त सिंह 8 अप्रैल की देर शाम मालीपुर से अकबरपुर की ओर अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी बीच सैदपुर भीतरी मुख्य मार्ग पर सिंह धर्मकांटा के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर के बीच से ओवरटेक करते हुए आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बुलेट में साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
एक सप्ताह पूर्व मायके आई विवाहिता ने फंदे से लटक कर दी जान
बाराबंकी के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कनवा गांव में मंगलवार की रात एक युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह अपने मायके में थी। परिवार अन्य सदस्य रात में खेत में गेहूं की मड़ाई करने गया था। रामलौटन की पुत्री श्यामा (21) घर में अकेली थी। आधी रात के बाद परिजन घर आए तो नीचे के कमरे में बेटी को छत से लटका देख स्तब्ध रह गए। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई।
आनन-फानन में श्यामा को नीचे उतारकर परिजन सीएचसी हैदरगढ़ ले गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि 6 फरवरी 2026 को उसका विवाह जनपद रायबरेली के थाना महराजगंज के अटरहटा गांव निवासी प्रांशू पुत्र रामकिशोर के साथ हुआ था। एक सप्ताह पहले ही बेटी मायके आई थी।
अमेठी में युवती की धारदार हथियार से हत्या, दुष्कर्म की आशंका
अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के चतुरीपुर गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब 23 वर्षीय युवती का शव गांव के बाहर नहर किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रायबरेली-प्रतापगढ़ बॉर्डर पर मुठभेड़ में तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार
रायबरेली-प्रतापगढ़ बॉर्डर पर बुधवार सुबह-सुबह पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से चली गोलीबारी में एक बदमाश जख्मी हो गया। इसके बाद पुलिस ने लूट के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना नसीराबाद क्षेत्र में 11 अप्रैल 2026 को महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ रायबरेली-प्रतापगढ़ बॉर्डर पर नसीरपुर नहर के पास हुई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अफजल उर्फ गोरखा पुत्र नसीर निवासी जालिम का पुरवा मजरे बाबूपुर थाना जामो जनपद अमेठी, गुड्डू उर्फ रिजवान पुत्र मोहम्मद शाहिद निवासी तारापुर थाना नसीराबाद जनपद रायबरेली और मुकीम उर्फ मोदी पुत्र शफीक निवासी तारापुर थाना नसीराबाद जनपद रायबरेली शामिल हैं।
कपड़ा कारोबारी किशोरी को लेकर फरार
बहराइच में एक कपड़ा व्यवसायी ने दर्जी की पुत्री का अपहरण कर लिया। पीड़ित पिता ने बेटी की सभी संभावित जगहों पर तलाशा। पता न चलने पर कपड़ा व्यवसायी को नामजद कर अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है।
पयागपुर थाने के एक गांव निवासी व्यक्ति कपड़े सिलाई की दुकान विशेश्वरगंज थाने के विशेश्वरगंज थाने के वनघुसरा झलिया चौराहे पर खोली हुई है। बगल में ही पयागपुर थाने के सोहरियांवा के मजरे तुलसीराम पुरवा निवासी किशुन शुक्ला की कपड़े की दुकान है। किशुन का दर्जी के घर आना जाना था। सोमवार सुबह लगभग चार बजे दर्जी की 14 वर्षीय बेटी घर से बाहर खेत में गई थी। उसका कपड़ा व्यवसायी अपहरण कर फरार हो गया।
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने फांसी लगाई, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
गोंडा में नवाबगंज नगर पालिका के हड्डी पुरवा वार्ड में बुधवार सुबह महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन करने में जुटी है।
सुनीता (35) का शव सुबह घर के कमरे में टीन शेड में लगी बल्ली से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।महिला की 12 वर्षीय बेटी काजल ने बताया कि वह सुबह करीब छह बजे कमरे में झाड़ू लगाने गई थी तभी उसने अपनी मां को फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। महिला का पति श्यामा निषाद बेंगलुरु में प्राईवेट नौकरी करता है। एसओ अभय सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play