UP News: महिला आरक्षण पर विपक्ष का रवैया द्रौपदी के चीरहरण जैसा: योगी, सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का आगाज – Hindustan Hindi News

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath
UP News Live: सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए यात्रियों को गुजरात रवाना किया। लखनऊ से रविवार को यात्रा रवाना की गई। श्रद्धालु सोमनाथ के दर्शन के लिए भेजे गए हैं। संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित न हो पाने के बाद, बीजेपी ने विपक्ष को घेरने की रणनीति बनाई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ स्थित बीजेपी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार कार्य में ‘बाधक’ बने थे नेहरू: सीएम योगी
यूपी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार कार्य में ‘बाधक’ बनने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने (नेहरू) तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने से मना किया था। मुख्यमंत्री ने रविवार को लखनऊ में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश’ की शुरुआत के अवसर पर कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश की सनातन आस्था पर प्रहार किया गया था। उन्होंने कहा, भारत माता के महान सपूत और देश की अखंडता के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर की दुर्दशा देखकर इसके पुनरुद्धार का संकल्प लिया था, लेकिन इस मार्ग में बाधक पंडित नेहरू बने।
सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार कार्य में ‘बाधक’ बने थे नेहरू, सीएम योगी का कांग्रेस पर तीखा हमला
लखनऊ से सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का शुभारंभ, 1000 श्रद्धालुओं को लेकर ट्रेन रवाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत लखनऊ में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश का शुभारंभ किया। इस दौरान ट्रेन से 1000 से अधिक श्रद्धालु गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों और जनपदों से कम से कम 11-11 श्रद्धालुओं को इस यात्रा के लिए चुना है। इनमें उद्यमी, नौजवान, महिला उद्यमी, छात्र और शिक्षक शामिल हैं। इन श्रद्धालुओं के लिए रेलवे द्वारा निःशुल्क ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जबकि अन्य खर्च पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा वहन किया जा रहा है।
शिकायत से पहले ही थम गईं सांसें, बेटे के सामने ढहा बुजुर्ग की मौत
सिद्धार्थनगर के इटवा थाने के बाहर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 65 वर्षीय वृद्ध अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद उसके बेटे ने आस पड़ोस के लोगों की मदद से उसे तत्काल इटवा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान बेनीपुर उर्फ पुरैना निवासी रामनेवास पुत्र मिठ्ठू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामनेवास का अपने सगे भतीजे के साथ घरेलू जमीन पर निर्माण को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी। इसको लेकर रामनेवास अपने बेटे जीतेन्द्र के साथ शिकायत दर्ज कराने इटवा थाने पर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह थाने के बाहर पहुंचा, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह वहीं गिर पड़े थे।
महराजगंज में संदिग्ध हालाकत मेंएक ही गांव की दो किशोरियां लापता
महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक ही गांव की दो किशोरियां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार शनिवार की सुबह करीब सात बजे दोनों किशोरियां गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक चौराहे की ओर गई थीं। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका। थक-हारकर परिजन थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों किशोरियों को बरामद कर लिया जाएगा।
नेम प्लेट पर चप्पलें मारीं, कालिख पोती; सपा सांसद के घर भाजपाइयों का हंगामा
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित न हो पाने पर बीजेपी नेता और महिला कार्यकर्ताओं ने फतेहपुर से सपा के सांसद नरेश उत्तम के कानपुर स्थित आवास पर जुट गए। इसके बाद वहां जमकर नारेबाजी करते हुए उनके गेट पर लगी नेम प्लेट पर चप्पलें मारीं, इसके बाद कालिख पोत दी। सपा और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की
कन्नौज का नाम बदलकर गोरखपुर कर देंगे; स्मृति ईरानी के चैलेंज पर बोले अखिलेश
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेत्री स्मृति ईरानी के सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को गोरखपुर से चुनाव लड़ने का चैलेंज दिया था। जिस पर अब सपा मुखिया ने जवाब दिया है। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने कहा कि हम कन्नौज का नाम बदलकर गोरखपुर कर देंगे। दरअसल कुछ दिन पहले स्मृति ने कहा अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर उनमें दम है तो पैतृक सीट या गढ़ छोड़कर कहीं से चुनाव जीत कर दिखा दें। जिस पर तंज कसते हुए सपा चीफ ने कहा कि हम कन्नौज का नाम गोरखपुर कर देंगे।
फूट डालने पर टिकी है भाजपा की राजनीति: अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संसद में नारी शक्ति संशोधन विधेयक पारित न होने के मामले को लेकर रविवार को सत्‍तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार किया और कहा कि जब तक जनगणना पूरी नहीं हो जाती तब तक महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा नहीं की जा सकती। यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, ‘सरकार के इरादों की हार और परिसीमन विधेयक को पास कराने में नाकामी का मतलब है कि सरकार लोगों की इच्छा का प्रतिनिधित्व नहीं करती और इसलिए उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। असल मायने में विपक्ष ही लोगों की इच्छा का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति फूट डालने पर आधारित है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा की राजनीति फूट डालने पर टिकी है। पहले वे लोगों के बीच अविश्वास पैदा करते हैं, फिर उन्हें अलग-अलग गुटों में बांटते हैं और एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर देते हैं और आखिर में डर का इस्तेमाल करके अपना समर्थन पक्का करते हैं।
मां – बेटे समेत तीन लोगों को पीटा, मुकदमा दर्ज
धानेपुर में थ्रेसर का मुंह दूसरी तरफ करने की बात कहने पर विपक्षियों ने मां बेटे सहित तीन लोगों को लाठी डंडा से पीटकर लहूलुहान कर दिया, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पृथ्वीपाल गंज ग्रंट के मजरा लक्ष्मनडीह निवासिनी महिला धर्मा देवी पत्नी जीतेन्द्र प्रताप के मुताबिक शनिवार की देर शाम तकरीबन सात बजे उसके गांव के रहने वाले विपक्षी उसके घर के सामने ही थ्रेसर लगाकर गेहूं की मड़ाई करने लगे जिससे उसके घर में अंदर पूरा गर्दा गुब्बार भर गया इस पर जब उसने थ्रेसर का मुंह दूसरी तरफ करने के लिए कहा कि इस पर विपक्षी आग बबूला हो गए और लाठी डंडा लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया इस पर डर के मारे भागकर वह घर में घुस गयी।
किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे खेत देखने निकली एक 13 वर्षीय दलित किशोरी के साथ जबरन हुए दुष्कर्म के मामले में स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुकदमा दर्ज करने के महज कुछ ही घण्टो के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दलित 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी कि माँ द्वारा थाने पर दी गई तहरीर में बताया कि मेरी नाबालिग बेटी शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे अपना खेत देखने गई थी जहां गांव के ही एक युवक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म कर दिया। पीड़िता ने घर पहुंच कर रोते हुए सारी बात परिजनों को बताई।
अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला गंभीर रूप से घायल
गोंडा-अयोध्या हाईवे पर रविवार के मध्यान्ह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा कस्बे के कटी तिराहे के पास उस समय हुआ जब पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे मे वजीरगंज क्षेत्र के मझारा गांव निवासी खुशबू देवी 30 अपने ससुर शिव प्रसाद और निखिल के साथ बाइक से मायके नगवा के गडरियन पुरवा से वापस घर लौट रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही उनकी बाइक कटी तिराहे के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में खुशबू देवी को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
आरक्षण नहीं देना चाहते भाजपाई: अखिलेश यादव
यह बिल नहीं था भाजपा की दरार वादी सोच का दस्तावेज था। यह बिल 35% महिलाओं को हक देने के लिए नहीं बल्कि उनके हक करने और भाजपा की सामंतवादी सोच के लिए लाया जा रहा था। यह 33% महिलाओं को आरक्षण दे नहीं रहे थे उनके आरक्षण से खेल रहे थे। इसके सहारे जातिवाद जनगणना नहीं करना चाहते थे। वह जानते थे जातिवार जनगणना होगी तो जातिवार आरक्षण देना होगा। यह आरक्षण नहीं देना चाहते हैं। भाजपा जमानत जब्त होते देख कर महिला आरक्षण बिल लाने का नाटक कर रहे थे।
अब नई सोच वाले नहीं देंगे भाजपा को वोट: अखिलेश यादव
इंडी के सभी लोग यहां मौजूद हैं। जो भी निर्णय होंगे, पूरा गठबंधन इसमें सहयोग करेगा। अपनी सुरक्षा स्वास्थ्य शिक्षा के लिए भाजपा को हराएंगे। भाजपाइयों पुरानी सोच वाली महिलाओं को अपनी तरफ खींचना चाहते हैं क्योंकि नए समाज की नई सोच अब उनको वोट देने वाली नहीं है। यह चाहते हैं कि महिला एकता ना बन पाए। उनकी सोच और उनके साथियों की यह गहरी चाल थी। जिनकी महिलाओं के बारे में सोच समझ आती है। भाजपा की सोच महिलाओं को लेकर सामंतवादी है।
भाजपाइयों की चाल जनता के बीच खुली: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाइयों का और उनके साथियों का सीएम फार्मूला आप पढ़ चुके हैं। आज तक चली भाजपाइयों की चाल जनता के बीच में खुल चुकी है। अब उनकी हार होना शुरू हो गई है। लोकसभा चुनाव में यूपी की जनता भाजपा की इसी साजिश की जानकारी देगी और उन्हें करारी हार देगी।
बिल गिरना मतलब सरकार की हार: अखिलेश यादव
महिला आरक्षण बिल के पास न होने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि संसद में सरकार की बदनीयती की हार हुई है। सरकार अब इस हार के बाद सत्ता में रहने के लायक नहीं बची है। बिल का गिरने का मतलब सरकार की हार हुई है। उन्होंने कहा कि जो खतरे में हो वह कुछ नहीं कर सकता है। भाजपा वाली केवल अपना उल्लू सीधा करना जानते हैं। भाजपा वाले सरकार बचाने और सत्ता पाने के लिए कोई भी साजिश कर सकते हैं और यह कितना भी नीचे गिर सकते हैं।
परशुराम जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब
अमेठी के प्रमुख स्थानों भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जगह-जगह जयकारों और धार्मिक गीतों के साथ है बाइक रैली का भी आयोजन हुआ।
मुसाफिरखाना में संजीव कुमार उर्फ अंशू तिवारी के नेतृत्व में बिसारा चौराहे से भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से होते हुए पूरे कस्बा क्षेत्र में निकाली गई।
अमेठी गौरीगंज जामों कस्बे में भी शोभायात्रा में सजे-धजे रथ, आकर्षक झांकियां और चारों ओर लहराते भगवा ध्वज लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। भक्तगण भगवान परशुराम के जयकारों के साथ पूरे जोश और भक्ति भाव से आगे बढ़ते नजर आए।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
रायबरेली में मिल एरिया थाना क्षेत्र में रायबरेली अयोध्या हाईवे पर रविवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी । घटना में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम में भेज दिया है। पुलिस ने चालक व कार की तलाश शुरू कर दी है।
गुरबक्श गंज थाना क्षेत्र के किलौली गांव निवासी अरमान 32 वर्ष पुत्र उस्मान मिल एरिया थाना क्षेत्र के अमावा में ब्याही अपनी बहन के यहां आया था। आज दोपहर 11:00 बजे अरमान बाइक से ही अपने घर वापस लौट रहा था। तभी रायबरेली अयोध्या हाईवे पर मनचितपुर के पास विपरीत दिशा से आई एक तेज रफ्तार कार ने अरमान की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मड़ाई को लेकर विवाद, जातिसूचक गाली और मारपीट का आरोप
अमेठी में थाना भाले सुलतान शहीद स्मारक क्षेत्र में मड़ाई के दौरान विवाद का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम पूरे पंछी पासी मजरे टाण्डा निवासी आलोक चन्द्र ने थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने निजी ट्रैक्टर से ग्राम सरैया मजरे टाण्डा में गेहूं की मड़ाई करने गया था। मड़ाई के दौरान गेहूं की लाक नरम होने के कारण उसका ट्रैक्टर बंद हो गया, जिससे संभावित नुकसान को देखते हुए उसने मड़ाई करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर वहां मौजूद अलाउद्दीन ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी।
गेस्ट हाउस कांड के पाप धोने का अवसर खो दिया: योगी
सीएम योगी ने कहा कि इन दलों के पास अपने पाप के परिमार्जन के लिए एक अच्छा अवसर था लेकिन इनलोगों ने उसे खो दिया। ऐसा कहा जाता है कि देख सपाई बिटिया घबराई। स्टेट गेस्ट हाउस कांड के पाप को धोने का अवसर इनके पास था लेकिन दुर्भाग्य है कि ये लोग बैरियर बनकर बैठे हैं। सब कुछ इनके परिवार को मिले, युवाओं बेरोजगारों को उनका हक नहीं मिले, यही सोच लेकर ये लोग बैठे हैं।
महिला आरक्षण पर विपक्ष की सोच कुत्सित: सीएम योगी
सीएम योगी कहा कि महिला आरक्षण पर विपक्ष की सोच कुत्सित है, किसी का हक नहीं छीना जा रहा है। विपक्ष ने देशहित में लिए गए फैसले का विरोध किया। पीएम ने विपक्ष को आश्वासन दिया था कि परिसीमान से किसी भी राज्य की सीट कम नहीं होगी। इस आश्वासन के बाद भी विपक्ष की छोटी सोच सामने आ गई।
शाह बानो प्रकरण में कांग्रेस ने पाप किया, तब कहां थे महिलाओं के हक की दुहाई देने वाले: योगी
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी बताए के महिला आरक्षण से जुड़ा ये मुद्दा प्रोग्रेसिव कदम था। वो तब कहां थे जब शाह बानो प्रकरण में कांग्रेस ने पाप किया था। पीएम मोदी ने देश में ट्रिपल तलाक पर कानून बनाया तो भी इन लोगों ने विरोध किया था। आज महिलाओं के हक की दुहाई देने वालों ने देश में सबसे अधिक समय तक शासन किया, लेकिन नारी, युवा, किसान और गरीब के लिए ये कुछ अच्छा नहीं कर पाए।
विपक्ष का रवैया संसद में द्रौपदी के चीर हरण जैसा रहा: योगी
सीएम ने कहा कि संसद का विशेष अधिवेशन इसी बात के लिए हुआ था, राज्यों के हक का भी इस दौरान पूरा ध्यान रखा गया। सभी राज्यों में सीटें समान अनुपात में बढ़ाई गई, किसी का हक कम नहीं होना था। उत्तर के राज्य हों या दक्षिण के राज्य। सदन के अंदर इंडी गठबंधन की टिप्पणियां, द्रौपदी के चीर हरण जैसा दृश्य था। समाजवादी पार्टी ने मुस्लिम महिलाओं के आरक्षण के बात की, ये संविधान की दुहाई देने वाले लोग बाबा साहब की भावना के विपरीत आचरण करते हैं। संविधान बनते वक्त धर्म के आधार पर आरक्षण की बात आई तो बाबा साहब ने कहा था के एक बार विभाजन हो गया, दोबारा विभाजन नहीं हो सकता।
कांग्रेस, सपा, आरजेडी, तृणमूल, डीएमके हैं पाप के भागी, आधी आबादी आक्रोशित: योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया से कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था देश में चार ही जाति है। नारी, युवा, गरीब और किसान। भारत को कमजोर करने की नीयत से जिन्होंने जातिवाद के नाम पर देश को लूटा है उनके लिए ये एक चुनौती थी। इसीलिए, उन्होंने ऐसे प्रोग्रेसिव कदम का कांग्रेस और उनके पार्टनर ने विरोध किया है। आधी आबादी के मन में विपक्ष के इस नारी विरोधी आचरण को लेकर भारी आक्रोश है। कांग्रेस, सपा, आरजेडी, तृणमूल, डीएमके जैसे जो दल इस पाप में भागी थे, उनसे आधी आबादी आक्रोशित है। ये लोग सुधारवादी कदमों के बैरियर के रूप में आगे जाकर षडयंत्र करता है।
पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव
बाराबंकी में कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह मोहब्बतपुर निवासी एक युवक का शव गांव से कुछ दूर फंदे पर पेड़ से लटका मिला। मृतक घर का इकलौता पुत्र था। उसकी पत्नी मायके में रहती आ रही थी। मोहब्बतपुर मजरे मिठवारा निवासी इंद्रजीत गौतम 27वर्ष, भूमिहीन, मजदूरपेशा युवक था। घर में पिता राम प्रकाश व मां लज्जावती के भरणपोषण का वही सहारा था। उसका विवाह थाना रामपुर मथुरा जिला सीतापुर क्षेत्र में मामी की पुत्री से हुआ था।
दोनों के एक तीन वर्षीय पुत्री है। शादी के कुछ माह बाद इंद्रजीत से अनबन होने पर वह मायके चली गयी। बाद में ग्राम प्रधान बलराज व रिश्तेदारों के समझाने बुझाने पर दोनों साथ रहने लगे। लेकिन करीब दो वर्ष पूर्व पुत्री को लेकर पत्नी फिर मायके चली गई थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे कुछ लोग खेत पर पानी लगाने जा रहे थे। तभी मोहब्बतपुर से कुछ दूर बेहड़ा खैरातपुर मार्ग पर एक पेड़ में रस्सी के फंदे पर युवक का शव झूलता देखा।
सपा और कांग्रेस के युवराज केवल अपने परिवार की बेहतरी चाहते: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह केवल बिल नहीं गिरा, महिलाओं की आकांक्षाओं को तोड़ा गया। विपक्ष 50 साल तक सत्ता में रहे, तब नहीं सोचे। अब जब लगता है कि ओबीसी के बिना चुनाव नहीं जीत सकते तब वह ओबीसी की बात कर रहे। प्रधानमंत्री ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया। सपा मुखिया अखिलेश यादव मुस्लिम महिलाओं के आरक्षण की बात करते हैं। हमारा संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था नहीं देता। सपा और कांग्रेस के युवराज केवल अपने परिवार की बेहतरी चाहते हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं। नारीशक्ति की अपेक्षाओं को ठेस पहुंचाई गई। महिलाएं इन्हें माफ नहीं करेंगी।
महिलाएं सिखाएंगी विपक्ष को सबक: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सपा तुष्टिकरण की राजनीति करती है। मुस्लिम बहनों के लिए आरक्षण की मांग करते हैं, जबकि हमारा संविधान किसी को भी धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के दिन विपक्ष ने महिलाओं की अपेक्षाओं में पानी फेरा है। उस दिन को उन्होंने काला दिन बना दिया। इसके विरोध में महिलाएं लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। आने वाले समय में वोट की ताकत से भी महिलाएं विपक्ष को सबक सिखाएंगी।
सीएम योगी संग केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने की प्रेस कांफ्रेंस
संसद में महिला आरक्षण बिल पास न होने को लेकर आज राजधानी लखनऊ में रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपना पक्ष रखा और विपक्ष पर निशाना साधा।
मोपेड सवार को बचाने के प्रयास में पलटी कार
बहराइच लखनऊ हाईवे के कटी गोदाम के पास रविवार दोपहर में तेज रफ्तार वाहन कार के सामने अचानक मोपेड सवार बुजुर्ग फेरी वाला आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का नियंत्रण खो गया। अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर पलट गई।
कार के बैलून खुलने से चालक सहित छह सवार बाल बाल बच गए। यह हादसा रविवार दोपहर में लगभग 11:30 बजे घटा। बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली के कस्बे निवासी सुमित शर्मा पुत्र राम अभिलाख अपने अन्य पांच साथियों के साथ बहराइच से बाराबंकी की ओर जा रहे थे। सुमित शर्मा ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित है। हालांकि कार को काफी क्षति पहुंची है।
सड़क किनारे रेलिंग से टकराया बाइक सवार, चालक का सिर कटकर धड़ से अलग, दो अन्य गंभीर
श्रावस्ती जिले में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। साथ ही दो अन्य गंभीररूप से घायल हो गए। सुरक्षा रेलिंग से टकराने से युवक की सिर कटकर धड़ से अलग हो गया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी गांव निवासी राजू (27) पुत्र राम समुझ शनिवार देर शाम को बाइक से सुइयां बार्डर से होकर नेपाल से वापस अपने घर लौट रहा था। बाइक पर उसका बहनोई सीताराम (35) व एक अन्य रिश्तेदार सवार थे। सिरसिया थाना क्षेत्र के ककरदरी मार्ग पर खैरी तराई गांव के पास पहुंचते ही ई-रिक्शा को ओवरटेक करते ही बाइक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से जा टकराई। इस दौरान रेलिंग के उजड़े परत में टकराने से राजू का सिर कटकर धड़ से अलग हो गया।
महिला आरक्षण विधेयक पास न होना सीएम योगी ने बताया इतिहास में काला अध्याय, कहा- ‘भारत माता’ के सम्मान पर आघात
सीएम योगी ने कहा कि आज भारत के महान लोकतंत्र के इतिहास में एक काला अध्याय जुड़ गया। विपक्ष द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल को पारित न होने देना ‘भारत माता’ के सम्मान पर आघात है। देश की समूची मातृशक्ति के साथ धोखा है। उनके लोकतांत्रिक अधिकार का हरण है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन ने अपनी नारी विरोधी मानसिकता को दर्शाया है। देश की नारी शक्ति सब देख और समझ रही है। वह इस छल एवं अन्याय को याद रखेगी तथा समय आने पर इसका उत्तर भी देगी। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मातृशक्ति के सम्मान, गरिमा और अधिकारों की रक्षा तथा उनके सशक्तीकरण के लिए NDA गठबंधन के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
विषैले जीव के काटने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
श्रावस्ती जिले में फर्श पर सो रहे एक युवक को किसी विषैले जीव ने काट लिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
गिलौला थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी राम गोपाल साहू (30) पुत्र जमुना प्रसाद गांव के बाहर पिपरा चौराहे पर स्थित अपने नए मकान में शनिवार रात फर्श पर सो रहा था। इस दौरान रात में उसे किसी विषैले जीव ने काट लिया। चिल्लाने पर परिजन जग गए और आनन फानन में राम गोपाल को ले जाकर सीएचसी गिलौला में भर्ती कराया।
जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया। इस पर परिजन उसे लेकर मेडिकल कालेज बहराइच पहुंचे। जहां भर्ती कर इलाज शुरू हुआ। इलाज के दौरान राम गोपाल की मौत हो गई।
संविधान संशोधन विधेयक की हार राष्ट्र की नारी शक्ति के साथ विश्वासघात है: योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2029 तक विधानमंडलों में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने वाले संविधान संशोधन विधेयक के पारित न होने को देश में नारी शक्ति के साथ विश्वासघात करार दिया। संशोधन विधेयक शुक्रवार को संसद में पारित नहीं हो सका। आज सीएम योगी लखनऊ में बीजेपी मुख्यालय पर इससे जुड़ी प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा रवाना
यूपी के लखनऊ से आज सीएम योगी आदित्यनाथ सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत चयनित तीर्थयात्रियों को सोमनाथ यात्रा के लिए रवाना करेंगे। यह यात्रा 18 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है। उत्तर प्रदेश शासन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अन्य जिलों को भी निर्देश दिए हैं कि आयोजित इस यात्रा के तहत प्रत्येक जनपद से चयनित श्रद्धालुओं को सोमनाथ तीर्थ के दर्शन कराए जाएं। जनपदों के चयनित यात्री नोडल अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में यात्रा पर रवाना किए गए हैं।
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News