रिंकू सिंह ने मंगेतर प्रिया सरोज संग काशी विश्वनाथ मंदिर में टेका माथा, अयोध्या भी जाएंगे
UP Live News: धार्मिक नगरी काशी में भारतीय क्रिकेट टीम और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह तथा मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार तथा देश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और सफलता की कामना की। रिंकू सिंह के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही उन्हें देखने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उनके आगमन को देखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा, ताकि दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
क्रिकेटर रिंकू सिंह जैसे ही मंदिर पहुंचे, लोगों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। प्रशंसकों में उनके साथ फोटो खिंचवाने और एक झलक पाने की उत्सुकता साफ दिखाई दी। दर्शन-पूजन के बाद रिंकू सिंह ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और हाथ मिलाकर सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। वह प्रशंसकों के साथ जगह-जगह सेल्फी खिंचवाते और हाथ मिलाते सहज अंदाज में दिखे।
उधर, संसद में महिला आरक्षण बिल विपक्ष द्वारा पारित न होने देने को लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में आज भाजपा सड़क पर उतरी। 5 काली दास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर सिविल हॉस्पिटल होते हुए हजरतगंज और वहां से विधानभवन तक महिलाओं का जनाक्रोश मार्च निकला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को संबोधित कर इसकी शुरुआत की। रास्ते भर महिला सपा-कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाते हुए आगे बढ़ती रहीं। विधानभवन के पास पहुंचकर यात्रा संपन्न हुई।
कंगना की वकील ने जवाब को मांगा समय, 30 को न पारित करें आदेश
सांसद व फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के विरुद्ध दायर परिवाद में नया मोड़ आया है। कंगना रनौत की अधिवक्ता सुधा प्रधान ने वरिष्ठ अधिवक्ता अनसूया चौधरी के माध्यम से मंगलवार को कोर्ट में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इसमें 30 अप्रैल को आदेश पारित न करने और तीन अप्रैल को प्रस्तुत अतिरिक्त दस्तावेजों पर जवाब दाखिल करने के लिए समुचित अवसर देने की मांग की गई।
डंपर की टक्कर से दंपति की मौत, मासूम की बची जान
शाहजहांपुर से शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दंपति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि तीन माह की बच्ची बच गई। हादसा कर पिकअप भाग निकला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम गहवरा मजरा रजुआपुर निवासी सीताराम ने बताया कि सोमवार को 22 वर्षीय उनके भाई सियाराम पत्नी नीलम और तीन माह की बच्ची संग बाइक से शाहजहांपुर के नथीनगला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। मंगलवार को लौटते समय फतेहपुर मोड़ से करीब 200 मीटर पहले सर्विस रोड के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। लोगों के मुताबिक, गाय लदी तेज रफ्तार पिकअप डाला ने सामने से टक्कर मारी। इससे सियाराम और नीलम की मौके पर मौत हो गई। हादसे के दौरान उनकी तीन माह की बच्ची हाथ से छूटकर दूर जा गिरी। स्थानीय लोगों ने बच्ची को सुरक्षित उठा लिया। इससे उसकी जान बच गई।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की प्रवेश परीक्षा आठ और 15 जून को होगी
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 20 अप्रैल से छह जून तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत जेईई और नीट के लिए प्रवेश परीक्षा एवं काउंसलिंग आठ जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, एनडीए, सीडीएस एवं अन्य परीक्षाओं के लिए प्रवेश परीक्षा 15 जून को इसी समयावधि में कराई जाएगी। परीक्षा परिणाम 19 जून को घोषित किया जाएगा, जबकि कोचिंग सत्र एक जुलाई से शुरू करने का प्रस्ताव है।
नहाने गई दो किशोरियों की राप्ती नदी में डूबकर मौत
श्रावस्ती जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। नहाने गई दो किशोरियों की राप्ती नदी में डूबकर मौत हो गई। घंटों तलाश के बाद दोनों का शव बाहर निकाला गया जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिले के सोनवा थाना क्षेत्र स्थित नरायनपुर गांव निवासी अंशु देवी (11) पुत्री धर्मराज सोनकर व गुलशना (14) पुत्री छोटकऊ आज दोपहर में नहाने के लिए राप्ती नदी में गई थी। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। दोनों किशोरियों को डूबता देख आस पास मौजूद लोग बचाने के लिए दौड़े लेकिन तब तक दोनों पानी में डूबकर लापता हो गई। सूचना परिजनों को दी गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। साथ ही गांव के ही गोताखोर किशोरियों की तलाश करने लगे। घंटो तलाश के बाद दोनों किशोरियों का शव बरामद कर लिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि दोनों परिवार के लोग कई सालों से राप्ती नदी के दूसरी तरफ खेत में घर बनाकर रहते थे। घर के पास ही राप्ती नदी बह रही है। दोपहर में दोनों परिजनों को बिना बताए घर से नहाने के लिए राप्ती नदी पहुंच गई और नहाते समय यह हादसा हो गया।
आर्केस्ट्रा में मन पसन्द गीत बजाने को लेकर विवाद, तीन बाइक व झोपड़ी फूंकी
देवरिया के खुखुन्दू थाना क्षेत्र के पकड़ी ओझा गांव में सोमवार की देर रात आर्केस्ट्रा में मनपसंद गीत बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस बीच किसी ने झोपड़ी में आग लगा दी। इससे तीन बाइक व झोपड़ी जलकर राख हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना क्षेत्र के पकड़ी ओझा उर्फ ओझवलिया गांव में अशोक पाठक के बेटे का उपनयन संस्कार सोमवार को था। दिन में उपनयन के बाद रात को भोजन व आर्केस्ट्रा की व्यवस्था था। आर्केस्ट्रा के दौरान मनपसन्द गीत बजाने को लेकर युवकों में विवाद हो गया। कहा सुनी के बाद मारपीट शुरू हो गयी। गांव के लोगों ने समझा बुझाकर किसी तरह मामले को शांत करा दिया। कुछ देर बाद कुछ मनबढ़ युवकों ने गांव के बाहर स्थित अशोक की झोपड़ी में आग लगा दी। जब तक लोग पहुंचते आग फैल गयी तथा झोपड़ी व उसमें रखीं तीन बाइकें जलकर राख हो गयी। एक बाइक अशोक व दो उनके रिश्तेदारों की थीं। आग से एक चौकी, चारपाइयां और एक ठेला भी जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यूपी में मुकाबला एकतरफा नहीं, अखिलेश के पक्ष में कुमार विश्वास क्या बोल गए? खूब हो रही चर्चा
कवि कुमार विश्वास ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि यूपी का चुनावी मुकाबला एकतरफा नहीं है। विश्वास के अनुसार, अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव में जो सफलता हासिल की है, उसका प्रभाव विधानसभा चुनाव में और भी ज्यादा शक्तिशाली तरीके से दिखेगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें
स्मार्ट प्रीपेड मीटर के कटे कनेक्शन वालों को बड़ी राहत, योगी सरकार ने दिया यह निर्देश
योगी सरकार ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। रिचार्ज या पैसा जमा करने के बाद भी स्मार्ट मीटर का कनेक्शन चालू नहीं होता है, तो अब अधिशासी अभियंता (XEN) अपने स्तर से इसे तुरंत शुरू कर सकेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें
दाढ़ी रखने, जूड़ा न बनाने पर जुर्माना, यूपी के प्रतिष्ठित संस्थान में कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश
लखनऊ के लोहिया संस्थान में कर्मचारियों के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है। जूड़ा न बनाने वाली महिला कर्मियों और दाढ़ी रखने वाले पुरुष कर्मियों पर 200 रुपये का जुर्माना लगेगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें
महिला आरक्षण: लखनऊ में योगी के साथ आक्रोश मार्च पर निकला महिलाओं का हुजूम, मंत्रियों का जमावड़ा
लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मंगलवार सुबह महिलाओं ने विशाल जनाक्रोश मार्च निकला। 5 कालिदास मार्ग से विधानसभा तक निकले इस मार्च में हजारों महिलाओं के साथ ही यूपी में भाजपा के सभी सहयोगी दलों के नेता और मंत्री भी शामिल हुए।
पूरी खबर यहां पढ़ें
आपराधिक केस में नौकरी गई तो क्या बरी हो जाने से वापस मिल जाएगी? हाई कोर्ट ने साफ की स्थिति
न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि दोनों कार्यवाहियों में आरोप, साक्ष्य और गवाह समान हों और न्यायालय द्वारा ‘सम्मानपूर्वक बरी’ किया गया हो, तो स्थिति अलग हो सकती है। लेकिन यदि बरी होना केवल संदेह का लाभ या गवाहों के मुकर जाने के कारण हुआ हो, तो विभागीय कार्रवाई पर उसका प्रभाव नहीं पड़ता।
पूरी खबर यहां पढ़ें
UP Weather: दक्षिण-पश्चिमी हवाओं से भीषण गर्मी की चपेट में यूपी, प्रयागराज-वाराणसी में हीट वेव
प्रयागराज, वाराणसी और बहराइच में हीट वेव यानी लू चली। बाराबंकी, सुलतानपुर और शाहजहांपुर भी इस स्थिति के काफी करीब रहे। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर लू चलने और वेस्ट यूपी में ऊष्ण रात की संभावना जताई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें
‘जो किया वो भुगतो’, जुड़वा बेटियों के कातिल से पिता-बड़े भाई ने मुंह मोड़ा; फूट-फूट कर रोई रेशमा
पुलिस ने रेशमा को जगाया और उसे जुड़वा बेटियों के कत्ल की जानकारी हुई तो उसने सबसे पहले शशिरंजन के बड़े भाई राजीव मिश्रा को फोन कर पूरी घटना बताई। राजीव ने पिता शेखर मिश्रा को पूरी जानकारी दी। इस पर उन्होंने कहा जैसा किया वैसा भुगते।
पूरी खबर यहां पढ़ें
यूपी के इस कॉलेज के 30 शिक्षकों-कर्मचारियों पर लगे धर्मांतरण के आरोप से हड़कंप, फर्जी निकले दस्तखत
इस कॉलेज के 30 शिक्षकों और कर्मचारियों पर धर्मान्तरण समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए गए थे। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी नियुक्त की। कमेटी ने पत्रों में दिए गए मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क किया। पता चला कि उसके नाम का दुरुपयोग किया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें
ससुर की मौत के 6 महीने बाद बहू बोली-साहब मैंने प्रेमी के कहने पर उन्हें जहर देकर मार डाला; जानें फिर
जब महिला ने ससुर को जहर देकर मारने की बात कही तो पुलिस हैरान रह गई। अब तक इस मामले में हत्या का कोई संदेह सामने नहीं आया था। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी अंतरात्मा उसे लगातार कचोट रही थी, इसलिए सच्चाई उजागर करने का फैसला किया।
पूरी खबर यहां पढ़ें
महिला आरक्षण बिल पर सीएम योगी की अगुवाई में जनाक्रोश यात्रा
संसद में महिला आरक्षण बिल विपक्ष द्वारा पारित न होने को लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में आज बीजेपी सड़क पर उतरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 5 काली दास मार्ग से सिविल हॉस्पिटल होते हुए हजरतगंज और वहां से विधानभवन तक महिलाओं का जनाक्रोश यात्रा (पदयात्रा) निकाला जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को संबोधित कर इसकी शुरुआत की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play