आगरा. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन अब अपराधियों और संदिग्धों के लिए ‘नो एंट्री’ जोन बनने जा रहा है। स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को नेक्स्ट लेवल पर ले जाते हुए नया सेंट्रलाइज्ड सर्विलांस सिस्टम शुरू कर दिया गया है। पूरे स्टेशन परिसर को 200 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया है, जो न सिर्फ देखेंगे बल्कि संदिग्धों की ‘बातें’ भी सुन सकेंगे।
आवाज भी सुनेंगे कैमरे!
कैंट स्टेशन से रोजाना करीब 25 हजार मुसाफिर गुजरते हैं और 300 से ज्यादा ट्रेनों की आवाजाही होती है। अभी तक स्टेशन के कई कोने कैमरों की नजर से दूर थे, लेकिन डीआरएम गगन गोयल के निर्देश पर अब चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। पीआरओ संजय कुमार ने बताया कि इन कैमरों की खासियत यह है कि इनमें ऑडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा भी है, जिससे कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी रियल टाइम में गतिविधियों को सुनने के साथ मॉनिटर भी कर सकेंगे।
दो महीने में तैयार हुआ ‘जाल’
रेलवे की तकनीकी टीम पिछले दो महीने से इस सिस्टम को फिट करने में जुटी थी। अब वेटिंग हॉल, प्लेटफॉर्म के आखिरी छोर और पार्किंग एरिया जैसे डार्क स्पॉट्स को भी फुटेज के दायरे में ले लिया गया है। इससे चोरी, जहरखुरानी और अवैध वेंडिंग जैसी घटनाओं पर लगाम कसना आसान हो जाएगा।
कैंट स्टेशन की नई सुरक्षा
200 नए और हाई-टेक कैमरों से लैस हुआ आगरा कैंट स्टेशन।
एक ही जगह से पूरे स्टेशन की होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग।
कैमरे अब सिर्फ देखेंगे नहीं, संदिग्धों की आवाजें भी रिकॉर्ड करेंगे।
अब स्टेशन का कोई भी कोना सुरक्षा की नजर से नहीं बचेगा।
25 हजार डेली पैसेंजर्स के लिए अब सफर होगा और भी सुरक्षित।
Copyright © 2026. All Rights Reserved