Feedback
अरुणाचल प्रदेश में खराब मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. राज्य के केयी पान्योर जिले के पोटिन इलाके में भारी बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक के बीच भूस्खलन हो गया. इसमें एक जूनियर इंजीनियर की दर्दनाक मौत हो गई. दरअसल, फॉर्च्यूनर कार पर अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टान आ गिरी, जिससे वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना इतनी भयावह थी कि कार में सवार व्यक्ति को संभलने तक का मौका नहीं मिला. चट्टान सीधे गाड़ी की छत पर गिरी और देखते ही देखते लग्जरी एसयूवी मलबे में तब्दील हो गई. हादसे में जूनियर इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई.
यह हादसा उस समय हुआ, जब राज्य के कई हिस्सों में तेज गरज, बारिश और तूफान का असर देखा जा रहा था. लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ों की मिट्टी ढीली पड़ गई थी, जिससे भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं. पोटिन क्षेत्र में भी इसी वजह से पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गया.
यह भी पढ़ें: दार्जिलिंग में लगातार बारिश से भूस्खलन, अब तक नौ लोगों की मौत, मीरिक में ज्यादा नुकसान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे वाहन को निकाला गया. हालांकि, तब तक जूनियर इंजीनियर की जान जा चुकी थी.
हादसे की तस्वीरें बेहद भयावह हैं. विशाल चट्टान के नीचे फॉर्च्यूनर दब गई थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में भूस्खलन की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है.
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से बचने की अपील की है. साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं. फिलहाल मृतक जूनियर इंजीनियर की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू