देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से 175 लोगों को लेकर भोपाल आ रहे एअर इंडिया के एक विमान को तकनीकी गड़बड़ी के चलते रविवार (26 अप्रैल) को प्राथमिकता के आधार पर राजा भोज एयरपोर्ट पर उतारा गया. हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि विमान दोपहर को 3 बजकर 20 मिनट पर भोपाल हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया.
178 यात्रियों की हुई थी बुकिंग
एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि विमान को भोपाल से मुंबई के लिए वापस लौटना था, लेकिन उड़ान रद्द कर दी गई. इस उड़ान के लिए 178 यात्रियों की बुकिंग हुई थी. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा संचालित भोपाल हवाई अड्डे ने एक बयान में कहा कि एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 633 ने मुंबई से भोपाल की उड़ान के दौरान हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को तकनीकी खराबी की सूचना दी.
तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल को किया गया एक्टिव
बयान में कहा गया है कि तत्काल सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल को सक्रिय कर दिया गया और एटीसी, विमानन कंपनी के जमीन पर मौजूद दल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और भोपाल हवाई अड्डे के अग्निशमन एवं बचाव दल के बीच समन्वय सुनिश्चित किया गया. हवाई अड्डा संचालक ने बताया कि 166 यात्रियों और चालक दल के 9 सदस्यों सहित 175 लोगों को लेकर विमान दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर भोपाल हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा.
तकनीकी खराबी के कारण उड़ान रद्द
बयान में कहा गया है कि एयरपोर्ट और विमानन कंपनी की टीमों द्वारा उड़ान चालक दल की आवश्यकताओं के अनुसार सभी आवश्यक सहायता और समर्थन दिा गया था. बयान में आगे कहा गया कि तकनीकी खराबी के कारण विमान को आगे उड़ान भरने के लायक नहीं पाया गया, लिहाजा एहतियात के तौर पर विमानन कंपनी ने विस्तृत निरीक्षण और मरम्मत के लिए वापसी उड़ान एआई-634 (भोपाल से मुंबई) को रद्द कर दिया.
ये भी पढ़ें
Weather Report: भीषण गर्मी से मिल सकती है राहत, वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बारिश-आंधी की संभावना, जानें कैसा रहेगा देश का मौसम
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.