शहर
ठाणे में क्रेन गिरने से दो मजदूरों की मौत
ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शनिवार को निर्माणाधीन ’दहिसर-भायंदर लिंक रोड’ परियोजना स्थल पर एक क्रेन गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, भायंदर (पश्चिम) में अपराह्न 12:30 बजे “गैन्ट्री क्रेन कोस्टल गर्डर्स प्लेटफॉर्म” (जहां मजदूर काम कर रहे थे) अचानक गिर गया। इस घटना में रघुनाथ दास (38) और काना सिंह (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
भायंदर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक जितेंद्र कांबले ने कहा, “पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि क्रेन गिरने का सटीक कारण क्या था और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी। ’दहिसर-भायंदर लिंक रोड’ (डीबीएलआर) ’एलिवेटेड कोस्टल रोड’ परियोजना दहिसर (पश्चिम) और भायंदर (पश्चिम) को जोड़ती है।
बीएमसी ने कहा है कि यदि जांच में मजदूरों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच के लिए वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टिट्यूट के प्रोफेसरों की एक विशेषज्ञ टीम नियुक्त की गई है, जो जल्द ही रिपोर्ट सौंपेगी। प्रशासन यह भी जांच करेगा कि कार्यस्थल पर तय सुरक्षा नियम (SOP) का पालन किया गया था या नहीं।
बीएमसी ने स्पष्ट किया कि मजदूरों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी। सभी क्रेन, गैन्ट्री और अन्य मशीनों की थर्ड-पार्टी से दोबारा सुरक्षा जांच कराने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही, सभी प्रोजेक्ट्स में नियमित और सख्त सेफ्टी ऑडिट भी सुनिश्चित किए जाएंगे। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से … और देखें