Delhi Traffic Rules News: राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह अनुशासित और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संकेत दिए हैं कि अब ट्रैफिक चालान से बच निकलना आसान नहीं होगा और हर मामले का तय समय में निपटारा अनिवार्य होगा. यह पहल सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ डिजिटल सिस्टम को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.
नियम तोड़ने वालों पर कड़ा शिकंजा
नई व्यवस्था के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को अब एक व्यवस्थित और तय समयसीमा वाली प्रक्रिया से गुजरना होगा. सरकार का साफ संदेश है कि सड़कों पर लापरवाही के लिए अब कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी और हर उल्लंघन का हिसाब तय समय में पूरा किया जाएगा. नए नियमों के अनुसार अब चालान को सीधे कोर्ट में चुनौती नहीं दी जा सकेगी.
राज्य सरकार जल्द ही केंद्र द्वारा संशोधित केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1989 को लागू करने जा रही है. इन बदलावों के साथ चालान प्रक्रिया को और अधिक सख्त, पारदर्शी और डिजिटल रूप दिया जाएगा ताकि किसी भी तरह की ढिलाई या भ्रम की स्थिति खत्म हो सके.
सड़क पर आपकी सुरक्षा सर्वोपरि है। ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा महत्वपूर्ण सुधार लागू किए गए हैं।
ट्रैफिक सिस्टम अब और स्मार्ट, और पारदर्शी
🔹 चालान का निपटारा 45 दिनों में… pic.twitter.com/vXyOVInebv
बार-बार नियम तोड़ने वालों पर विशेष निगरानी
यदि कोई व्यक्ति एक वर्ष के भीतर पांच या उससे अधिक बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है तो उसे गंभीर श्रेणी में रखा जाएगा. ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन या अयोग्यता जैसी कार्रवाई की जा सकती है, जिससे लगातार नियम तोड़ने वालों पर सख्त नियंत्रण रखा जा सके.
चालान जारी करने का तरीका होगा पूरी तरह आधुनिक
नई प्रणाली के तहत चालान जारी करने की प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाया जाएगा. पुलिस या अधिकृत अधिकारी चालान को डिजिटल या फिजिकल दोनों रूपों में जारी कर सकेंगे. इसके अलावा कैमरों और ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए चालान स्वतः भी तैयार किए जाएंगे, जिससे मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और पारदर्शिता बढ़ेगी.
जिन लोगों का चालान कटेगा, उन्हें तीन दिनों के भीतर ऑनलाइन माध्यम से जानकारी दी जाएगी. वहीं फिजिकल नोटिस 15 दिनों के भीतर संबंधित व्यक्ति तक पहुंचा दिया जाएगा. इससे किसी भी व्यक्ति को जानकारी न मिलने का बहाना नहीं रहेगा.
ऑनलाइन रिकॉर्ड से बढ़ेगी पारदर्शिता
सभी चालानों का पूरा विवरण एक ऑनलाइन पोर्टल पर क्रमवार दर्ज किया जाएगा. इससे नागरिक अपनी स्थिति आसानी से देख सकेंगे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी. साथ ही वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे अपने लाइसेंस और आरसी में मोबाइल नंबर और पता अपडेट रखें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
Utility Latest News: ट्रैफिक चालान से लेकर बिजली बिल तक, नोएडा में इस दिन लगेगी लोक अदालत, खत्म करें अपने मुकदमे
45 दिनों की समयसीमा में करना होगा फैसला
चालान मिलने के बाद व्यक्ति के पास 45 दिनों का समय होगा. इस दौरान वह या तो चालान का भुगतान कर सकता है या फिर पोर्टल के माध्यम से दस्तावेजों के साथ उसे चुनौती दे सकता है. तय समय के भीतर कोई कदम नहीं उठाने पर चालान स्वतः स्वीकार मान लिया जाएगा.
चुनौती खारिज होने पर सीमित विकल्प
यदि शिकायत निवारण अधिकारी द्वारा चुनौती खारिज कर दी जाती है तो व्यक्ति के पास 30 दिनों के भीतर भुगतान करने या चालान की आधी राशि जमा कर कोर्ट जाने का विकल्प होगा. तय समयसीमा का पालन न करने पर चालान को अंतिम रूप से स्वीकार मान लिया जाएगा.
डिजिटल नोटिस और सख्त प्रतिबंधों का प्रावधान
समयसीमा पार होने पर संबंधित व्यक्ति को रोजाना इलेक्ट्रॉनिक नोटिस भेजे जाएंगे. यदि भुगतान नहीं किया जाता है तो वाहन से जुड़े सभी सरकारी कार्य रोक दिए जाएंगे. वाहन को पोर्टल पर ‘नॉट टू बी ट्रांजैक्टेड’ के रूप में चिन्हित कर दिया जाएगा, जिससे वह किसी भी प्रक्रिया में इस्तेमाल नहीं हो सकेगा.
IndiGo में पावर बैंक ब्लास्ट, आप न करें ये गलती वरना होगा नुकसान, पहले पढ़ लें फ्लाइट के नियम
वाहन जब्ती तक की कार्रवाई संभव
जरूरत पड़ने पर न्यायालय के आदेश के तहत पुलिस या अधिकृत अधिकारी वाहन को जब्त भी कर सकते हैं. अब सभी चालान वाहन के रजिस्टर्ड मालिक के नाम पर जारी होंगे और इसकी सूचना एसएमएस, ईमेल या अन्य माध्यमों से दी जाएगी.
सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात की दिशा में बड़ा कदम
सरकार का मानना है कि यह नई डिजिटल और समयबद्ध प्रणाली न केवल ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करेगी बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाने में मददगार साबित होगी. लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और समय पर चालान का निपटारा कर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.