Feedback
मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई और खरीद-फरोख्त करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल, तमंचे, कारतूस और नगदी बरामद की है. पुलिस आरोपी से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है. एसएसपी मेरठ के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई.
पुलिस के अनुसार, थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिजली बंबा बाईपास की ओर अवैध हथियार लेकर बेचने के लिए जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई.
यह भी पढ़ें: मेरठ: स्कूटी सवार मनचले की शर्मनाक हरकत कैमरे में कैद, गिरफ्तारी के बाद थाने में मांगता रहा माफी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नूर नगर कट से पहले कूड़ा गोदाम के पास घेराबंदी की. कुछ ही देर बाद पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसकी पहचान शाहिद उर्फ भूरा पुत्र यूसुफ उर्फ सूफे निवासी रशीदनगर, थाना ब्रह्मपुरी के रूप में हुई.
बरामदगी और पूछताछ
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक .32 बोर पिस्टल, दो .32 बोर तमंचे और एक .315 बोर तमंचा बरामद हुआ. इसके अलावा उसके पास से चार .32 बोर और तीन .315 बोर के जिंदा कारतूस भी मिले. पुलिस ने आरोपी के पास से तीन हजार रुपये नगद भी बरामद किए.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने ये हथियार शफीक उर्फ तांत्रिक हाफिज निवासी चमन कॉलोनी, थाना लिसाड़ी गेट से लिए थे. आरोपी इन हथियारों को आगे बेचने के लिए लेकर जा रहा था. इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ब्रह्मपुरी में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है.
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि हथियार तस्करी के नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क को उजागर करने का प्रयास किया जा रहा है.
एसपी सिटी मेरठ विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि अभियान के तहत अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस का लक्ष्य अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू