फरीदाबाद जिले के फरीदपुर गांव स्थित सेक्टर-78 की भूमिया कॉलोनी में जर्जर बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर के कारण स्थानीय लोग डर के साए में जी रहे हैं। कॉलोनी में लगे बिजली के एच-पोल खंभों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आ
कॉलोनी के कृष्ण कुमार ने बताया कि उनकी कॉलोनी में बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर के साथ एक एच-पोल बिजली का खंभा लगाया गया है, जिसमें काफी दरारें आ चुकी हैं। इसके अलावा कॉलोनी में ऐसे तीन एच-पोल खंभे हैं जो जर्जर अवस्था में खड़े हैं और कभी भी गिर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर फरवरी महीने में खेड़ी कला सब-डिवीजन के बिजली विभाग में लिखित शिकायत दी गई थी।
विभाग द्वारा शिकायत रिसीव भी कर ली गई थी, लेकिन इसके बावजूद अभी तक खंभों को बदलने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घरों के ऊपर से गुजर रही केबल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर खंभों के कारण आसपास रहने वाले लोगों में डर बना हुआ है। अगर समय रहते इन खंभों को नहीं बदला गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी की गली नंबर-5 में बिजली की केबल घरों के ऊपर से गुजर रही है, जिससे छोटे बच्चों और लोगों को करंट लगने का खतरा बना हुआ है।
लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि इन तारों को ऊंचाई पर किया जाए और जर्जर हो चुके खंभों को जल्द से जल्द बदला जाए।
टीम भेजकर कराया जाएगा निरीक्षण- SDO
वहीं मामले में खेड़ी कला सब-डिवीजन के एसडीओ सुनील कुमार चावला ने बताया कि फरीदपुर गांव में लोगों की शिकायत उन्हें मिली है और इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही टीम भेजकर मौके का निरीक्षण कराया जाएगा और जो भी खंभे खराब हालत में हैं, उन्हें बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.