केरू पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत घंटियाला में शुक्रवार को गांव के प्लॉट बाड़े में अचानक आग लग गई, जिससे हजारों रुपए का नुकसान हुआ। हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ से पशुधन और बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बिना उचित जांच किए बिजली लाइन में करंट छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। प्लॉट मालिक प्रकाश सिंह के बाड़े में लगी आग से वहां रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़े पशुधन और आसपास खेल रहे बच्चों की जान खतरे में पड़ गई थी।
घटना के दौरान प्लॉट मालिक प्रकाश सिंह ने अपनी जान जोखिम में डालकर पशुओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनके साथ पड़ोसी ओमप्रकाश मेघवाल, घेवरराम मेघवाल, अर्जुन सिंह राजपुरोहित और कल्याण सिंह राजपुरोहित ने भी आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया।
ग्रामीणों ने मिलकर तुरंत आग पर काबू पाया, जिससे आग को आसपास के अन्य मकानों और बाड़ों तक फैलने से रोक दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा नुकसान होने से बच गया।
सूचना मिलने पर केरू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और नुकसान का आकलन किया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष देखा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली लाइन चालू करने से पहले पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बिजली विभाग से भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.