सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : देशव्यापी उत्सव में शामिल होगा प्रतापगढ़, दीपनाथ महादेव मंदिर में होगा लाइव प्रसारण – Dainik Bhaskar

भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़
सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई को प्रदेशभर में ”सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” मनाया जाएगा। भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत राजस्थान के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और समारोह होंगे। गुजरात के सोमनाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित होने वाले मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण इन सभी शिवालयों में ऑनलाइन किया जाएगा।
प्रतापगढ़ जिले में इस ऐतिहासिक पर्व का साक्षी बनने के लिए शहर के प्राचीन दीपनाथ महादेव मंदिर को चुना गया है, जहां जिला प्रशासन और देवस्थान विभाग के समन्वय से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राजस्थान के 41 जिलों में विशेष आयोजन, नोडल अधिकारी नियुक्त : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कला एवं संस्कृति विभाग की उप शासन सचिव अनुराधा गोगिया को राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शासन सचिव शुचि त्यागी के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। देवस्थान विभाग ने 8 मई को आदेश जारी कर प्रदेश के सभी 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों की सूची जारी की है, जिसमें श्रीगंगानगर के सदाशिवजी मंदिर से लेकर जोधपुर के पातालेश्वर महादेव मंदिर तक शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर सुचारू व्यवस्था के लिए प्रभारी अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। प्रतापगढ़ के दीपनाथ महादेव मंदिर में 11 मई को विशेष आयोजन होगा।
देवस्थान आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर किया जा रहा है। जिले के श्रद्धालु स्थानीय मंदिर में पहुंचकर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक पर्व का हिस्सा बनने के लिए अपने निकटतम निर्धारित शिवालय में जरूर पहुंचें। यह आयोजन कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग तथा देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News