सोमनाथ स्वाभिमान का उत्सव आज, शिखरबंद महादेव मंदिर में होगा अभिषेक, पीएम का संबोधन होगा लाइव – Dainik Bhaskar

सिटी रिपोर्टर | बीकानेर
सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा देश की आजादी के बाद उसके ऐतिहासिक पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार (11 मई) को देश भर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार, बीकानेर के प्रसिद्ध राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार शिखरबंद महादेव मंदिर को इस राष्ट्रीय उत्सव का मुख्य केंद्र बनाया गया है। यहां सुबह से विशेष धार्मिक अनुष्ठान और महाआरती का भव्य आयोजन होगा।
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि बीकानेर में इस पर्व को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य आयोजन के तहत शिखरबंद महादेव और लालेश्वर महादेव मंदिर परिसर को फूलों की आकर्षक रंगोली, रोशनी और भगवान शिव की सजीव झांकियों से सजाया गया है। दोनों ही प्रमुख मंदिरों में बड़ी एलईडी स्क्रीन्स लगाई गई हैं, ताकि श्रद्धालु गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन (सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक) को सीधे सुन और देख सकें।
बीकानेर में आज के प्रमुख कार्यक्रम और समय: सुबह 08:15 से 10:15 बजे: पांच पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का विशेष जलाभिषेक और पूजा-अनुष्ठान। सुबह 10:15 बजे: सामूहिक महाआरती, शिव स्तुति और श्रद्धालुओं को विशेष प्रसाद का वितरण। सुबह 9 से दोपहर 12 बजे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण (एलईडी स्क्रीन के जरिए)। विशेष प्रदर्शन: दोनों मंदिरों में देवस्थान विभाग द्वारा सोमनाथ स्वाभिमान विशेष पुस्तिका का प्रदर्शन और श्रद्धालुओं में निशुल्क वितरण किया जाएगा।
^सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर बीकानेरवासियों में भारी उत्साह है। शिखरबंद और लालेश्वर महादेव मंदिर में एलईडी स्क्रीन लगाने के साथ-साथ भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी, छाया और बैठक की पूरी व्यवस्था की गई है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में शहर के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्धजन शामिल होंगे। – गौरव सोनी, सहायक आयुक्त, देवस्थान विभाग, बीकानेर
बीकानेर का शिखरबंद और लालेश्वर महादेव मंदिर ही क्यों चुना गया? देवस्थान विभाग के अधीन आने वाले बीकानेर के ये दोनों मंदिर अंचल की गहरी धार्मिक आस्था के केंद्र हैं। इन मंदिरों में बीकानेर रियासतकाल से ही विशेष पूजा-पद्धति चली आ रही है। आज इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय पर्व के माध्यम से बीकानेर के ये शिवालय सीधे सोमनाथ के गौरवमयी इतिहास और सांस्कृतिक पुनरुत्थान की कड़ी से जुड़ रहे हैं।
राजस्थान के 41 जिलों के शिवालयों में होंगे अनुष्ठान देवस्थान विभाग और संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आज प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इसका राज्य स्तरीय मुख्य समारोह जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर में होगा, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिरकत करेंगे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News