एक और दिवालिया कंपनी GVK एनर्जी लिमिटेड को बोली लगाकर अडानी ग्रुप ने अपने नाम कर लिया है. अडानी पावर ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे CCI यानी कंपटीशन कमीशन ऑफ इंडिया से इस सौदे की मंजूरी मिल गई है. कंपनी के मुताबिक 12 मई को ही CCI से GVK एनर्जी लिमिटेड (टारगेट) की 100% अधिग्रहण को मंजूरी मिल गई थी. इससे पहले दिवालिया हो चुकी JP Associates को अडानी ग्रुप नीलामी में खरीद चुका है.
दरअसल, CCI ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए अडानी पावर लिमिटेड को जीवीके एनर्जी लिमिटेड (GVK Energy) को पूरी तरह खरीदने (100% शेयर और मालिकाना हक) की मंजूरी दे दी है. जीवीके एनर्जी लिमिटेड भारी कर्ज के कारण वित्तीय संकट में थी. इसके समाधान के लिए ‘दिवाला एवं शोधन अक्षमता कानून’ (IBC, 2016) के तहत एक सरकारी प्रक्रिया (CIRP) चल रही थी. इसी प्रक्रिया के तहत अडानी पावर ने इस कंपनी को खरीदने की बोली जीती है.
अडानी पावर ने एक्सचेंज फाइलिंग को जानकारी दी है कि GVK Energy Limited को 6 मई, 2025 को कॉर्पोरेट इन्सॉल्वेंसी रिज़ॉल्यूशन प्रोसेस (CIRP) में शामिल किया गया था.
जीवीके एनर्जी लिमिटेड के बारे में
बता दें, GVK एनर्जी लिमिटेड जीवीके पावर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की एक सहायक कंपनी है. यह कंपनी अपनी एक और छोटी कंपनी (AHPL) के जरिए उत्तराखंड के श्रीनगर में 330 मेगावाट के हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट (जलविद्युत परियोजना) से पानी के जरिये बिजली बनाती है. इस प्रोजेक्ट की देखरेख का सारा काम यही कंपनी करती है.
इस सौदे का असर क्या होगा?
CCI ने इस सौदे को अपनी हरी झंडी दे दी है. इसके बाद अब GVK Energy पर पूरा नियंत्रण अडानी पावर का हो जाएगा. अडानी पावर, जो अब तक ज्यादातर कोयले से बिजली बनाती थी, उसे अब उत्तराखंड में पानी से बिजली बनाने वाला (हाइड्रो पावर) एक बड़ा प्रोजेक्ट मिल जाएगा. इससे अडानी ग्रुप का बिजली कारोबार और बड़ा हो जाएगा.
अडानी पावर लिमिटेड के बारे में
अडानी पावर भारत की निजी क्षेत्र की बिजली बनाने वाली बड़ी कंपनी है. यह मुख्य रूप से कोयले से बिजली (थर्मल पावर) बनाती है. इसके पावर प्लांट्स गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और तमिलनाडु जैसे राज्यों में फैले हैं. इसके पास गुजरात में एक 40 मेगावाट का सोलर (सौर ऊर्जा) प्लांट भी है. ये कंपनी शेयर बाजार में लिस्टेड है और इसका मार्केट कैप करीब 86 हजार करोड़ रुपये है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू