ganga expressway toll
UP Top News Today: गंगा एक्सप्रेसवे पर अब सफर करने वालों को टोल टैक्स का भुगतान करना होगा। यूपीडा के अधिकारियों के अनुसार गंगा एक्सप्रेवे पर गुरुवार मध्य रात्रि 12 बजे से टोल टैक्स वसूला जाएगा। यह वसूली अडाणी समूह द्वारा बनाए गए गंगा एक्सप्रेसवे के 80 फीसद हिस्से में होगी। जबकि आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा बनाए गए हिस्से में टोल टैक्स की वसूली शुक्रवार रात 12 बजे से शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 29 अप्रैल को हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया था। टोल टैक्स की वसूली 15 दिन बाद शुरू किए जाने का निर्णय किया गया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि नोएडा के जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान सेवाएं आगामी 15 जून से शुरू हो जाएंगी। सीएम ने कहा कि हवाई अड्डे की यह परियोजना उस क्षेत्र के बदलाव को दर्शाती है, जो कभी अपराध के लिए जाना जाता था। विमानन कंपनी इंडिगो और अकासा एयर ने हाल ही में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन करने की घोषणा की थी।
गंगा में स्नान कर रहे दो श्रद्धालुओं को गोताखोरों ने बचाया
गंगा में अस्थि विसर्जन करने के बाद स्नान कर रहे दो लोग गंगा के गहरे जल में डूबने लगे। तुरंत ही गोताखोरों ने उन्हें समय रहते बचा लिया। दिल्ली के रोहणी निवासी अशोक परिवार के साथ गंगा में अस्थि विसर्जन करने के लिए आए थे। अस्थि विसर्जन के उपरांत सभी लोग गंगा में स्नान करने लगे। तभी अशोक व एक अन्य गहरे जल में जाकर डूबने लगे। डूबने के दौरान बचाव के लिए वह चिल्लाने लगे। तभी गोताखोर भोलू केवट, शौराज केवट, पवन निषाद, रोहित निषाद ने तत्परता दिखाते हुए डूबने वाले दोनों लोगों को सकुशल बचा लिया।
सीएम ने नौतनवा व फरेंदा विधानसभा को दी 208 करोड़ की सौगात
महाराजगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नौतनवा आगमन पर जनपद को 208.40 करोड़ रुपये की 79 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र एवं टूलकिट वितरण कर आत्मनिर्भरता व सशक्तीकरण के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान किया। हेलीपेड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के नव निर्मित घर के गृह प्रवेश में शामिल होने पहुंचे। वहां से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। स्टालों का निरीक्षण किया। इसके बाद नौतनवा व फरेन्दा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कुल 171.52 करोड़ रुपये की लागत वाले 42 कार्यों का शिलान्यास व 36.88 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 37 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। विकास की इन कड़ियों से दोनों विधानसभा क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलेगी।
जुड़वा बेटियों की गवाही पर मां के हत्यारे पिता को उम्रकैद;शक के चलते मार डाला था
आगरा में पत्नी की हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी पति धर्मेद्र पाराशर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। पांच साल पुराने इस मामले में मृतका की जुड़वा बेटियों की गवाही फैसला आने में अहम साबित हुई।
पूरी खबर पढें
योगी के नए मंत्री हंसराज पर PM मोदी की अपील बेअसर; स्वागत में सैकड़ों गाड़ियां
वाराणसी में योगी सरकार में नए मंत्री बने हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत में भारी वाहन काफिला और बुलडोजर इस्तेमाल होने पर विवाद खड़ा हो गया। विपक्ष ने पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील का हवाला देकर भाजपा पर सवाल उठाए हैं।
पूरी खबर पढ़ें
IPS अंशिका वर्मा को सैल्यूट नहीं करना सिपाही को भारी पड़ा; मिली ये सजा
बरेली में पुलिस अनुशासन को लेकर एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना आंवला में वार्षिक निरीक्षण के दौरान गेट पर तैनात एक रिक्रूट सिपाही द्वारा आईपीएस (एसपी दक्षिणी) अंशिका वर्मा को सैल्यूट करते समय ‘जय हिंद’ नहीं बोलने पर उसे 15 दिन के लिए रिजर्व पुलिस लाइन भेज दिया गया।
पूरी खबर पढ़ें
स्कूल बनने तक चप्पल नहीं पहनूंगा; कानपुर में हाउस अरेस्ट हुए सपा विधायक का ऐलान
कानपुर में परमट प्राथमिक विद्यालय विवाद के बीच सपा विधायक अमिताभ बाजपेई को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया। विधायक ने कहा कि स्कूल बनने तक वह चप्पल नहीं पहनेंगे और साधारण जीवन बिताएंगे।
पूरी खबर पढ़ें
रामपुर विधायक का ई-रिक्शा वाला काफिला; 4 नए खरीदे, PM मोदी की अपील का बड़ा असर
रामपुर के भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने पीएम मोदी और सीएम योगी की अपील से प्रेरित होकर पेट्रोल-डीजल वाहन छोड़ ई-रिक्शा अपनाया है। उन्होंने चार ई-रिक्शा खरीदे और चार्जिंग के लिए सोलर प्लांट भी लगवाया है। अब इसी से ऑफिस और निरीक्षण कार्यों के लिए जाया करेंगे।
पूरी खबर पढ़ें
UP Top News Today: तालाब में नहाने गई दो सगी बहनों की डूब कर मौत
UP Top News Today: अयोध्या के खण्डासा थाना क्षेत्र अंतर्गत डूंडी अमानीगंज गांव में शुक्रवार को हादसे में दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी बब्लू रैदास की पुत्रियां नैनी (5 वर्ष) और सुनैनी (8 वर्ष) दोपहर करीब 12 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित पांडे तारा तालाब में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान दोनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बताया गया कि बड़ी बहन ने बचाने के लिए शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद एक युवक तुरंत तालाब में कूद पड़ा। किसी तरह दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया। तब तक गांव के काफी लोग भी मौके पर पहुंच चुके थे।
UP Top News Today: आगे बढ़ना है तो साइकिल ही ऑप्शन, बोले अखिलेश
UP Top News Today: पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और ऊर्जा संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को सपा चीफ अखिलेश यादव ने अलग ही अंदाज में लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल ही है।
प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया। जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है।’ अखिलेश ने इस कैप्शन के साथ एक कार्टून फोटो भी शेयर की। जिसमें अखिलेश यादव के कैरेटर जैसा सख्स साइकिल चलाते नजर आ रहा है और ऊपर लिखा है, ‘हमने तो पहले ही कहा है कि साइकिल से बेहतर कुछ नहीं!’
आगे बढ़ना है तो साइकिल ही ऑप्शन, बोले अखिलेश
UP Top News Today: सुलतानपुर-रायबरेली रोड पर हादस, बाइक सवार तीन युवकों की मौत
UP Top News Today: अमेठी के थाना मुंशीगंज क्षेत्र में गुरुवार देर रात सुलतानपुर-रायबरेली रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा शिवगंज गांव के पास रात करीब 10 बजे हुआ, जब एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, करन निवासी ग्राम पूरब दुवारा थाना मुंशीगंज जनपद अमेठी अपने रिश्तेदार अंकित तथा अर्जुन निवासी ग्राम घसीटी का पुरवा मजरे अमहट थाना कोतवाली नगर जनपद सुलतानपुर के साथ हीरो स्पलेंडर से टिकरी की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शिवगंज गांव के पास मुंशीगंज की ओर से आ रहे अज्ञात ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करन और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अर्जुन को 108 एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी भेंटुआ पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
UP Top News Today: ताज होटल में नाबालिग छात्रा के साथ पकड़ा गया दूसरे समुदाय का युवक
UP Top News Today: बहेड़ी में नैनीताल फोरलेन हाईवे पर स्थित होटल ताज में आईटीआई की छात्रा के साथ दूसरे समुदाय के युवक को पकड़ा है। किशोरी वाराणसी की रहने वाली है और यहां से आईटीआई कर रही है। पुलिस ने किशोरी के घर वालों को बुलाया है।
वाराणसी की रहने वाली किशोरी यहां से आईटीआई कर रही है। उसकी यहां के मुजाहिद नाम के युवक से जान पहचान हो गई। आरोप है कि मुजाहिद ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और उसे बहला फुसलाकर नैनीताल रोड डंडिया गांव स्थित होटल ताज में ले गया और रात भर वही रुका। सुबह करीब 5 बजे हिन्दू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल कार्यकर्ताओं के साथ होटल पहुंच गए। उन्होंने वहां हंगामा किया तो सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
UP Top News Today: शौहर ने बीवी की हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव, अगले दिन रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा थाने
UP Top News Today: यूपी के लखनऊ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां बुधवार देर रात लव अफेयर के शक में पति ने गला दबाकर पत्नी को मार डाला। इसके बाद इसके बाद ई-रिक्शा पर शव लादा और इंदिरा नहर किनारे झाड़ियों में फेंककर घर आकर सो गया। यहां तक कि अगले दिन गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने थाने भी पहुंच गया। हालांकि पूछताछ में पुलिस को शक हो गया। जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सारी बात उगल दी। अब पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
UP Top News Today: गोरखपुर के दो दिवसीय दौरे पर योगी
UP Top News Today: दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर आएंगे। दोपहर 3.25 बजे प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उसके बाद महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल गोड़धोइया नाले के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण करेंगे। इस परियोजना के जून माह में इसके लोकार्पण की तैयारियां चल रही हैं। करीब 9.25 किलोमीटर लंबे इस नाले के बन जाने से तकरीबन आधे महानगर को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
UP Top News Today: बलरामपुर में तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत
UP Top News Today: बलरामपुर जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तुलसीपुर रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान शोएब खान (20 वर्ष) पुत्र गुलाम मुस्तफा तथा अयूब खान (22 वर्ष) पुत्र गुलाम मुस्तफा निवासी लोकाहवा, महाराजगंज के रूप में हुई है। दोनों भाई किसी काम से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की जांघ की हड्डी टूट गई, जबकि चेहरे और शरीर पर भी गंभीर चोटें आई थीं।
UP Top News Today: सात अस्पतालों से जुड़े मिले 274 डॉक्टरों को नोटिस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) से संबद्ध अस्पतालों का विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। जांच में सामने आया कि 28 डॉक्टर ऐसे थे, जिनके नाम 15 से ज्यादा अस्पतालों से जुड़े हुए थे। वहीं 274 चिकित्सक ऐसे भी मिले, जिनके नाम सात से अधिक अस्पतालों में दर्ज थे। इस तीन दिनी सत्यापन प्रक्रिया में ऐसे सभी संबंधित चिकित्सकों को नोटिस जारी किए गए हैं। जांच में कई ऐसे मामले भी सामने आए जिनमें डॉक्टर पूर्व में किसी अस्पताल से जुड़े थे और वर्तमान में कहीं और हैं। मगर डाटा अपडेट न होने के कारण उनके नाम अभी भी पूर्व अस्पतालों में ही दर्ज हैं
UP Top News Today: पत्नी के अत्याचार से जीने की इच्छा नहीं…इंजीनियर ने की खुदकुशी
UP Top News Today: यूपी के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही जंगल में बुढ़िया माता मंदिर के पास गुरुवार की देर शाम कुशीनगर निवासी और मध्य प्रदेश की एक कंपनी में कार्यरत इंजीनियर की पेड़ से लटकती लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मरने से पहले उसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने पत्नी के उत्पीड़न से आहत होकर खुदुकशी करने का जिक्र किया है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पत्नी के अत्याचार से जीने की इच्छा नहीं…इंजीनियर ने की खुदकुशी
UP Top News Today: यूपी में आंधी-बारिश से 142 से अधिक लोगों की मौत
UP Top News Today: यूपी में बुधवार देर रात आई आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती स्थिति के साथ ही दक्षिण राजस्थान से आ रही पुरवा हवा की मदद से प्रदेश में 100 किमी की रफ्तार से आंधी चली। नतीजन बीते 48 घंटों में 142 से अधिक लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग की मानें तो आज कुछ और जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। वहीं, कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में आंधी-बारिश से 142 से अधिक लोगों की मौत
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play