भास्कर न्यूज | सरायरंजन
अखिल भारतीय विधार्थी परिषद की सरायरंजन इकाई के द्वारा स्वामी विवेकानंद जयन्ती समारोह सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बथुआ बुजुर्ग के छात्र-छात्राओं द्वारा विवेकानंद संदेश यात्रा का आयोजन किया गया। सभी छात्र-छात्रा कतारबद्ध होकर संदेश यात्रा में सम्मिलित हुए। संदेश यात्रा के पश्चात विद्यालय के सभागार में स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह आयोजित किया गया।
स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार सुमन ने करते हुए उपस्थित छात्र-छात्राओं से स्वामी जी के विचारों को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया। मुख्य वक्ता एवं अभाविप उत्तर बिहार के प्रदेश सह-मंत्री श्री अनुपम कुमार झा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन-चरित्र पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि भारत और भारतीय संस्कृति को जानने और समझने के लिए केवल विवेकानंद की जीवनी का ही अध्ययन ही काफी है।वर्तमान युवा पीढ़ी को विवेकानंद के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक विश्वनाथ राम ने स्वामी विवेकानंद के जीवन के कई प्रेरणादाई प्रसंग का स्मरण कराया और उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता का उल्लेख किया। विवेकानंद जयंती समारोह को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व विभाग प्रमुख एवं विद्यालय के उच्चतर माध्यमिक शिक्षक रवींद्र मोहन कंठ,जंतु विज्ञान शिक्षक रतन कुमार, शशि कला,मो .कमरुल होदा,मो. साहब सदरी ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व परिषद कार्यकर्ता विजय कुमार चौरसिया ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनुराग आनंद ने किया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.