Who is IPS Vinayak Gopal Bhosale: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में इन दिनों एक युवा आईपीएस अधिकारी विनायक गोपाल भोंसले की खूब चर्चा हो रही है. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह भारी फोर्स के साथ सीधे गैंगस्टर के घर पहुंच गए और उसे खूब गुस्से में कानून का संदेश दिया. ये वीडियो करीब 50 मिनट लंबा है. इस वीडियो में एसपी सिटी का अलग ही अंदाज देखने को मिल रहा है.
हाल ही में एसपी सिटी का कार्यभार संभालने वाले 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी विनायक गोपाल भोसले अपनी अलग कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग को लेकर लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. कम समय में ही उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर अपनी गंभीरता और जनता के साथ सीधे संवाद करने के अंदाज से अलग पहचान बना ली है.
महाराष्ट्र के पुणे से ताल्लुक रखने वाले विनायक गोपाल भोसले को तेजतर्रार और अनुशासनप्रिय अधिकारी माना जाता है. मेरठ जैसे संवेदनशील जिले में उनकी तैनाती के बाद पुलिस विभाग में भी नई ऊर्जा देखने को मिल रही है. शहर में लगातार हो रहे निरीक्षण, अचानक चेकिंग और फील्ड में सक्रिय मौजूदगी के कारण वे चर्चा का केंद्र बने हुए हैं.
भोसले की सबसे बड़ी खासियत ये मानी जा रही है कि वे सिर्फ ऑफिस तक सीमित नहीं रहते, बल्कि खुद सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लेते हैं. कई बार उन्हें देर रात बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीम के साथ गश्त करते देखा गया है और इस बार तो वह खुद ही एक गैंगस्टर के घर पहुंच गए.
दरअसल, बुधवार (27 मई) को पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला था. इसी दौरान एसपी सिटी पुलिस फोर्स के साथ गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचे. बताया जा रहा है कि मौके पर सलमान मौजूद नहीं था, लेकिन उसके परिवार के लोगों से पुलिस अधिकारियों ने सीधे बातचीत की. इस दौरान विनायक भोंसले ने बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने भी माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई होगी.
वीडियो में एसपी सिटी ये कहते दिखाई दे रहे हैं कि अपराध के दम पर बनाई गई आलीशान संपत्ति भी कुर्क की जा सकती है. उन्होंने परिवार वालों से कहा कि अपने भाई को समझा दें कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को अब कोई राहत नहीं मिलेगी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और कानून अपना काम करेगा.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बकरीद की नमाज के बाद कुछ शरारती तत्वों ने नारेबाजी और माहौल बिगाड़ने कोशिश की. इसी के बाद पुलिस ने पहले से चिन्हित लोगों की लिस्ट तैयार की और उन पर निगरानी बढ़ा दी. फ्लैग मार्च का मकसद भी लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देना था.
विनायक गोपाल भोंसले इससे पहले भी अपने अलग अंदाज के कारण चर्चा में रह चुके हैं. कुछ समय पहले सेंट्रल मार्केट में धरने पर बैठी महिलाओं के बीच पहुंचकर उन्होंने खुद को ‘विनायक भैया’ बताते हुए भरोसा दिलाया था कि पुलिस हर वक्त उनके साथ है. वहीं, एक और वीडियो में वो हत्या पीड़िता की बच्चियों से बात करते और उनकी पढ़ाई के बारे में पूछते दिखाई दिए थे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED