उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में अपनी कथा के दूसरे दिन बाबा बागेश्वर ने देश की अर्थव्यवस्था, राजनीति और नेताओं पर तीखी टिप्पणी की। 21 दिनों की कठिन साधना के बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री, एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज में लौट आए हैं।
बद्रीनाथ धाम में चल रही पांच दिवसीय सत्यनारायण कथा के दूसरे दिन बाबा बागेश्वर ने भक्तों को दिल खोलकर पैसे कमाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सब कमाओ, खूब कमाओ, ताकि जो भारत का रुपया डॉलर के मुकाबले घट रहा है, वो बढ़ जाए। बाबा ने मजाकिया लहजे में कहा कि काश हमारे भारत का रुपया इतना मजबूत हो कि अमेरिका वाले ट्रंप चच्चा 30 डॉलर दें, तब हम 1 रुपया दें।
बाबा बोले-साधना से लौटे तो कॉकरोच की पार्टी देखी
अपनी साधना से बाहर आने के बाद देश के हालातों पर बात करते हुए बाबा ने बिना नाम लिए राजनीतिक पार्टियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हम साधना से निकले तो भारत में बहुत कांड हुए, कॉकरोच निकला।
जिन कॉकरोचों से लोग डरते हैं, उनकी पार्टियां बनी हैं। बाबा ने कहा कि इससे यह सिद्ध होता है कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है और भारत के युवाओं के स्किल डेवलपमेंट की चिंता सरकार को होनी चाहिए।
नेताओं के चार्टर्ड पर रोक लगाने से पेट्रोल बचता
पीएम नरेंद्र मोदी की ओर देश में डीजल-पेट्रोल सीमित इस्तेमाल करने के आह्वान पर भी बाबा बागेश्वर ने अपनी राय रखी। उन्होंने दावा किया कि देश में सबसे ज्यादा डीजल उन्होंने ही बचाया है, क्योंकि पिछले एक महीने से वो किसी गाड़ी में बैठे ही नहीं हैं। बस एक दिन वो चेले की गाड़ी से देवतालाब गए थे, जिसमें उनका कोई लेना-देना नहीं था।
इसी बहाने बाबा ने वीआईपी कल्चर और नेताओं के खर्चों पर बड़ा हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता से तो प्रार्थना की गई कि डीजल-पेट्रोल कम जलाएं, लेकिन काश नेताओं के चार्टर्ड प्लेन यानी चीलगाड़ी पर भी रोक लगाई जाती, क्योंकि सबसे ज्यादा तेल तो उसी में फुंकता है।
बाबा ने मांग की कि देश का रुपया मजबूत करने के लिए 3 महीने के लिए नेताओं की सैलरी कट करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सब कुछ आम जनता ही करें? सरकार को भी इस बारे में सोचना चाहिए।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.