Feedback
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के थाना जारचा क्षेत्र के खंडेरा गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां घर में अकेली सो रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की. विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, बीती रात बुजुर्ग महिला अपने घर में चारपाई पर सो रही थी. महिला का बेटा अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया हुआ था, जिसके चलते वह घर में अकेली थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 60 वर्षीय गजे सिंह करीब रात एक बजे दीवार कूदकर घर में घुस गया. बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था.
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में खौफनाक कांड… ड्यूटी पर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक से आए थे हमलावर
आरोप है कि घर में घुसने के बाद उसने बुजुर्ग महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसके मुंह पर काट लिया और छाती पर भी काटने का प्रयास किया. इतना ही नहीं आरोपी ने महिला के मुंह पर घूंसा भी मारा, जिससे उसका एक दांत टूट गया.
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी
घटना के दौरान बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया. इसके बाद घटना की जानकारी महिला के बेटे को दी गई.
परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया. बाद में पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.
जारचा थाना प्रभारी कैलाश नाथ ने बताया कि खंडेरा गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने नशे की हालत में जबरदस्ती करने की कोशिश की थी. परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गजे सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
घटना के बाद गांव में भी आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू