Feedback
बिहार की राजनीति में इन दिनों एक बयान सबसे ज्यादा चर्चा में है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा दिया गया “झोला उठाकर चले जाएंगे” वाला बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. पहली नजर में यह बयान एक साधारण राजनीतिक टिप्पणी लग सकता है, लेकिन इसके समय, संदर्भ और संदेश ने बिहार की राजनीति के केंद्र में ला खड़ा किया है.
ये बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में सरकारी बंगलों और सरकारी आवासों को लेकर विवाद चल रहा है. मंगलवार को मुजफ्फरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकारी आवास किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं होते और पद छोड़ने के बाद उन्हें खाली कर देना चाहिए. ये बयान राबड़ी यादव के संदर्भ में दिया गया था.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “जिस दिन मेरी पार्टी और नेता कहेंगे कि मेरा काम खत्म हो गया है, मैं अपना झोला उठाऊंगा और 24 घंटे के अंदर अपने निजी घर चला जाऊंगा.” उनका बयान सामने आते ही राजनीतिक हलकों में इसकी तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र के पुराने बयानों से होने लगी. प्रधानमंत्री मोदी कई मौकों पर खुद को फकीर बता चुके हैं.
वो यह भी कह चुके हैं कि किसी भी समय झोला उठाकर चल देंगे. उनके बयान को सत्ताके प्रति अनासक्ति दिखाने की राजनीतिक शैली के तौर पर देखा गया था. अब सम्राट चौधरी की टिप्पणी को भी उसी राजनीतिक संदेश से जोड़ा जा रहा है. इस बयान ने बिहार BJP के भीतर चल रही संभावित राजनीतिक चर्चाओं को भी नई हवा दे दी है.
राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से यह चर्चा चल रही है कि सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के फैसले से BJP के कुछ वरिष्ठ नेता पूरी तरह सहज नहीं थे. इन चर्चाओं में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा का नाम भी लिया जाता रहा है, जिन्होंने संगठन में लंबे समय तक काम करते हुए अपनी राजनीतिक पहचान बनाई है.
हालांकि, इन अटकलों के समर्थन में न तो कोई सार्वजनिक बयान सामने आया है और न ही पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक संकेत दिया गया है. इसके बावजूद बिहार BJP के कुछ तबकों में इस तरह की चर्चाएं लगातार जारी हैं. यही वजह है कि सम्राट चौधरी के बयान को कई राजनीतिक विश्लेषक केवल आवास विवाद तक सीमित नहीं मान रहे हैं.
मुख्यमंत्री बनने के बाद से सम्राट चौधरी की कार्यशैली भी लगातार चर्चा में रही है. प्रशासनिक मामलों में उनका अपेक्षाकृत आक्रामक और दबंग अंदाज कई बार सुर्खियां बटोर चुका है. खासतौर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और वरिष्ठ नौकरशाहों के खिलाफ हाल में हुई कार्रवाई ने सत्ता के गलियारों में हलचल पैदा की है.
दो IAS अधिकारियों के निलंबन समेत कई फैसलों को सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ का हिस्सा बताया है. सरकार का दावा है कि प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कठोर फैसले जरूरी हैं, लेकिन इससे नौकरशाही के भीतर भी नई बहस पैदा हो गई है. उनका मानना है कि जवाबदेही और प्रशासनिक दबाव के बीच संतुलन जरूरी है.
ऐसे माहौल में सम्राट चौधरी की झोला टिप्पणी को कुछ राजनीतिक विश्लेषक एक बड़े संदेश के रूप में भी देख रहे हैं. उनके मुताबिक यह बयान सम्राट चौधरी को एक अनुशासित, समर्पित और संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा रखने वाले नेता के रूप में प्रस्तुत करता है, जो आवश्यकता पड़ने पर सत्ता छोड़ने के लिए भी तैयार हैं.
इस विवाद का दूसरा राजनीतिक पहलू भी है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब राबड़ी देवी के सरकारी बंगले को लेकर विवाद लगातार सुर्खियों में है. विपक्षी पार्टी RJD NDA सरकार पर सरकारी आवासों के आवंटन में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगा रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री का बयान राजनीतिक नैरेटिव को प्रभावित करने वाला माना जा रहा है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भारतीय राजनीति में इस तरह के बयान अक्सर अपने तत्काल अर्थ से कहीं ज्यादा व्यापक संदेश देते हैं. कई बार ऐसी टिप्पणियां गठबंधन के भीतर मौजूद दबाव, संगठनात्मक समीकरणों या राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को लेकर अटकलों को भी जन्म देती हैं. हालांकि, NDA सरकार की अस्थिरता का कोई संकेत नहीं है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू