पुरुष अंडर-18 हॉकी एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जापान के काकामिगाहारा में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की इस शानदार जीत के बाद इटारसी में हॉकी प्रशंसकों और खिलाड़ियों ने जम
यह जीत इटारसी के लिए बेहद खास है, क्योंकि इस भारतीय टीम में शहर के दो युवा खिलाड़ी अंश बहुतरा और गाजी खान खेल रहे हैं। अंश बहुतरा टीम में डिफेंडर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, वहीं गाजी खान फॉरवर्ड खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के चयन और टीम के फाइनल में पहुंचने से शहर के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
आखिरी मिनटों में पलटा मैच का पासा
सेमीफाइनल मैच में एक वक्त ऐसा था जब पाकिस्तान की टीम 48वें मिनट तक 3-2 से आगे चल रही थी। ऐसा लग रहा था कि मैच भारत के हाथ से निकल गया है, लेकिन अगले आठ मिनटों में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन वापसी की और एक के बाद एक लगातार तीन गोल दाग दिए। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 5-3 से जीतकर फाइनल का टिकट पक्का किया।
तीसरी बार खिताब जीतने पर नजरें
अब फाइनल के बड़े मुकाबले में भारत की टक्कर मेजबान देश जापान से होगी। भारतीय टीम ने तीसरी बार अंडर-18 हॉकी एशिया कप के फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले भारत साल 2001 में हुए पहले टूर्नामेंट का विजेता रहा था और साल 2016 में भी उसने यह खिताब जीता था। अब टीम इंडिया तीसरी बार इस ट्रॉफी को अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
पूरे जिले के लिए गर्व की बात
जिला हॉकी संघ के सचिव कन्हैया गुरयानी और राजेंद्र सिंह ‘रज्जू’ तोमर ने भारतीय टीम की इस कामयाबी पर बेहद खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह पूरे इटारसी और नर्मदापुरम जिले के लिए गर्व का पल है। इटारसी के दो खिलाड़ियों का भारतीय टीम में खेलना शहर की हॉकी परंपरा के लिए एक बड़ी सफलता है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.