राजधानी दिल्ली में सोमवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक होने जा रही है. ऐसे में विपक्षी दलों की इस अहम मीटिंग में उद्धव ठाकरे गुट शामिल होगा या नहीं, इस पर बड़ा अपडेट सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) की शिवसेना दिल्ली में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं होगी. उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और संजय राउत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होने संभावना है. वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले दिल्ली में बैठक में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगी.
इससे पहले हाल ही में शिवसेना यूबीटी के दिग्गज नेता संजय राउत ने कहा था कि विपक्षी इंडिया गठबंधन में कोई टूट नहीं है. शुक्रवार (5 जून) को राउत ने कहा कि डीएमके द्वारा दूरी बनाए रखने के बाद विपक्षी समूह को टीवीके के रूप में एक ‘वैकल्पिक मित्र’ मिल गया है.
बता दें कि विपक्षी गठबंधन को एक बड़ा झटका देते हुए, द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (डीएमके) ने हाल ही में कहा कि वह आठ जून को नयी दिल्ली में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक से दूर रहेगी, क्योंकि कांग्रेस उसमें भाग लेगी.
गौरतलब है कि पिछले महीने घोषित तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के परिणाम के बाद, द्रमुक ने कांग्रेस पर पीठ में छुरा घोंपने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया था, क्योंकि कांग्रेस ने अभिनेता से नेता बने विजय की नवगठित पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को सरकार गठन के लिए चुनाव के बाद समर्थन दिया था.
(खबर अपडेट की जा रही है)
वैभव परब एबीपी न्यूज़ पर महाराष्ट्र की राजनीति को बारिकी से समझाते हैं.
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.