Feedback
सोमवती अमावस्या के दौरान तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तरी रेलवे के जम्मू डिवीजन ने कटरा और हरिद्वार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन अगले हफ्ते चलेगी.
रेलवे अधिकारी के अनुसार, 14 जून को शाम 6:15 बजे स्पेशल ट्रेन नंबर 04606 कटरा से रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन यानी 15 जून को सुबह 6:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी. वहीं, वापसी में 15 जून को शाम 5:20 बजे ट्रेन नंबर 04605 हरिद्वार से चलेगी और 16 जून को सुबह 7 बजे कटरा पहुंचेगी.
रेलवे के मुताबिक, ये ट्रेन पूरी तरह आरक्षित (रिजर्व) स्पेशल ट्रेन होगी. जो सिर्फ एक ही राउंड ट्रिप चलाई जाएगी. ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर क्लास, जनरल कोच, एसी थ्री टियर और एसी टू टियर की सुविधा होगी.
ट्रेन रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें शहीद कैप्टन तुषार महाजन, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की शामिल हैं.
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कटरा-हरिद्वार ट्रेन सर्विस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह जम्मू, हीरानगर और कठुआ के लोगों के लिए अच्छी खबर है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में कोई भी महत्वपूर्ण मांग अनसुनी नहीं की गई है. बता दें कि डॉ. जितेंद्र सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर विशेष ट्रेन चलाने का अनुरोध किया था. पत्र में उन्होंने प्रेम नाथ डोगरा के हवाले से कहा कि 14 जून को जम्मू से हरिद्वार और 15 जून को हरिद्वार से जम्मू के लिए विशेष ट्रेन चलाए जाने की मांग की गई थी, जिससे स्थानीय श्रद्धालु सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार की यात्रा कर सकें.
Details of Special Train between #Katra #Jammu and #Haridwar on 14, 15 June 2026. https://t.co/N0LmAv9Xx0 pic.twitter.com/PpJy0345R7
वहीं, जम्मू के वरिष्ठ डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने बताया कि सोमवती अमावस्या के दिन त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत बढ़ जाती है. इस दिन देशभर से लाखों भक्त दर्शन करने आते हैं. इसलिए यात्रियों की सुविधा के लिए और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है.
उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे तुरंत टिकट बुक करा लें और बिना वैध टिकट के यात्रा न करें. टिकट उपलब्धता और आरक्षण की जानकारी के लिए यात्री 139 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. यह स्पेशल ट्रेन सर्विस सोमवती अमावस्या पर वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू