Feedback
जम्मू-कश्मीर के खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी और खुशखबरी वाली खबर है. केंद्र शासित प्रदेश में खेल कोटे के तहत 223 बेहतरीन खिलाड़ियों (एथलीटों) को अलग-अलग सरकारी पदों पर नौकरी के लिए चुना गया है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और खेल मंत्री सतीश शर्मा ने इन सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी है.
उन्होंने इस फैसले को खिलाड़ियों की मेहनत और उनकी खेल उपलब्धियों का सम्मान बताया है. साथ ही सरकार ने युवाओं को खेलों से जोड़ने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है.
मुख्यमंत्री सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
खेल मंत्री सतीश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने लिखा, ‘जम्मू-कश्मीर में खेल कोटे के तहत चुने गए सभी 223 शानदार खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई. मैं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को उनके अमूल्य सहयोग के लिए दिल से धन्यवाद देता हूं. मुख्यमंत्री खुद औपचारिक रूप से इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.’
खेल मंत्री ने आगे कहा कि यह फैसला इन एथलीटों के सफर में एक मील का पत्थर साबित होगा. हमारा मकसद जम्मू-कश्मीर के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है, ताकि खेल न सिर्फ उनकी पहचान बने, बल्कि एक सुरक्षित करियर का जरिया भी बने. उन्होंने राज्य के युवाओं से अपील की कि वे खेल को सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और देश निर्माण के एक गंभीर माध्यम के रूप में देखें.
उपराज्यपाल ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, ‘इन एथलीटों की उपलब्धियों, समर्पण और कड़ी मेहनत ने जम्मू-कश्मीर और पूरे देश का नाम रोशन किया है. मैं सभी चयनित उम्मीदवारों के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करता हूं.’
सरकार के इस कदम से जम्मू-कश्मीर के युवा खिलाड़ियों में भारी उत्साह है और उम्मीद की जा रही है कि इससे आने वाले समय में राज्य से और भी अधिक खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू