Total Tv
totaltv.in
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और आईसीआईसीआई(ICICI) बैंक समेत कई बैंकों ने गुरुवार को प्रवासी भारतीयों (NRI) के लिए ऊंची ब्याज दरों की पेशकश करने वाली एक नई विदेशी मुद्रा प्रवासी (FCNR-बी) जमा योजना शुरू की।
NRI सावधि जमा (FD) की ब्याज दरों में ये बढ़ोतरी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा बैंकों के लिए 30 सितंबर तक विदेशी मुद्रा अदला-बदली खिड़की की घोषणा के कुछ ही दिन बाद आई है। रिजर्व बैंक के इस कदम से बैंकों को इन जमाओं पर वहन की जाने वाली मुद्रा की ‘हेजिंग’ लागत से प्रभावी रूप से राहत मिली है और उनके पास जमा दरों में वृद्धि करने की गुंजाइश बनी है। इस कदम का मकसद प्रवासी भारतीयों से विदेशी मुद्रा जमा आकर्षित करना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस जमा योजना के तहत करीब 60 से 70 अरब अमेरिकी डॉलर की विदेशी पूंजी भारत आने की संभावना है। RBI के इस कदम के बाद, ICICI बैंक ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि वो 11 जून से एनआरआई एफडी पर 6.50 प्रतिशत ब्याज की पेशकश कर रहा है।
SBI ने अमेरिकी डॉलर में तीन से पांच साल की अवधि वाली नई ‘SBI एडवांटेज FCNR (बी)’ जमा योजना शुरू की है। इस योजना में एक साल की लॉक-इन अवधि होगी। SBI के अनुसार, 10 लाख अमेरिकी डॉलर से ज्यादा के तीन से चार साल के जमा पर 5.50 प्रतिशत, चार से पांच साल की जमा पर 5.75 प्रतिशत और पांच साल की जमा पर छह प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी अपनी नई FCNR (बी) योजना के तहत अमेरिकी डॉलर, ब्रिटिश पाउंड, यूरो, ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और कनाडाई डॉलर में तीन से पांच साल की अवधि वाली जमाओं पर ब्याज दरें बढ़ाई हैं। नई दरों के तहत अमेरिकी डॉलर जमा पर अधिकतम छह प्रतिशत, ब्रिटिश पाउंड और ऑस्ट्रेलियाई डॉलर जमा पर 4.75 प्रतिशत, कनाडाई डॉलर जमा पर 5.15 प्रतिशत तथा यूरो जमा पर 3.75 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।
कोटक महिंद्रा बैंक ने कहा कि 11 जून से तीन से पांच साल की FCNR (बी) जमा पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर से कम की जमा के लिए छह प्रतिशत और इससे ज्यादा की जमा के लिए 6.15 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। वहीं HDFC बैंक ने भी 10 जून से तीन से पांच वर्ष की FCNR (बी) जमा पर ब्याज दर बढ़ाकर छह प्रतिशत कर दी है। ये दर 10 जून से 30 सितंबर, 2026 के बीच खोली गई जमाओं पर लागू होगी।
वहीं एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने अमेरिकी डॉलर में FCNR (बी) जमा पर अधिकतम ब्याज दर 5.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.10 प्रतिशत सालाना कर दी है। नई दरें 10 जून, 2026 से प्रभावी हैं। FCNR (बी) खाते NRI को विदेशी मुद्रा में भारत में धन जमा करने की सुविधा देते हैं। इन खातों पर मिलने वाला ब्याज और मूलधन विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव से सुरक्षित रहता है, इसलिए ये NRIनिवेशकों के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं।
Your email address will not be published.
About Us
Advertise With Us
Privacy Policy
Terms And Conditions
Contact Us