12 Years Of Modi Govt: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, जनकल्याण और गरीबों के उत्थान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं. शुक्रवार (जून, 12,2026) को बलवीर रोड स्थित BJP के प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं लंबी उम्र की कामना की. उन्होंने कहा कि यह समय देश की सेवा, गरीब कल्याण और आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए समर्पित रहा है.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों जिम्मेदारियों को मिलाकर सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष भी पूरे करेंगे. उन्होंने कहा कि जनता ने 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीन बार प्रधानमंत्री मोदी को समर्थन देकर यह साबित किया है कि अब देश केवल नारों पर नहीं, बल्कि काम और विकास के आधार पर वोट देता है.
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं सिर्फ फाइलों और कागजों तक सीमित रह जाती थीं. कई परियोजनाओं का शिलान्यास तो होता था, लेकिन जनता को उनके पूरा होने का लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में योजनाओं की शुरुआत के साथ उन्हें समय पर पूरा करने पर भी ध्यान दिया जाता है. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक गरीबी हटाने के नारे दिए, जबकि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया.
उन्होंने कहा कि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए 4.31 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए गए. उनके अनुसार, अब सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लोगों तक पहुंचता है और भ्रष्टाचार पर रोक लगी है. उन्होंने कहा कि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान और 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है. जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक राम मंदिर के मुद्दे को टालती रही, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पूरा हुआ. उन्होंने कहा कि इससे देश की सांस्कृतिक आस्था और राष्ट्रीय गौरव को सम्मान मिला. धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है और देश की सुरक्षा में योगदान देने वाला हर पांचवां सैनिक उत्तराखंड से आता है. उन्होंने कहा कि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ पहले से ज्यादा मजबूत होकर जवाब देता है. सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को अपनी नई सुरक्षा नीति दिखाई है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद भी लगातार कम हो रहा है और विकास का विस्तार बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में देश में रोजाना करीब 11 किलोमीटर सड़क बनती थी, जबकि आज यह गति बढ़कर 34 किलोमीटर से अधिक हो गई है. उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन, अटल टनल, चेनाब ब्रिज और आधुनिक रेलवे स्टेशन नए भारत की पहचान बन रहे हैं. भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार भी बन चुका है. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव है. उनके मार्गदर्शन में राज्य में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं चल रही हैं. उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं ने उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक पर्यटन के नक्शे पर मजबूत पहचान दी है।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में अब तक 35 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं. वहीं आदि कैलाश यात्रा में पहले जहां पूरे साल में लगभग 500 श्रद्धालु आते थे, वहीं इस वर्ष अब तक 40 हजार से अधिक लोग पहुंच चुके हैं. उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर से राज्य की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2.54 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. एसडीजी इंडेक्स और निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखंड का पहला स्थान हासिल करना डबल इंजन सरकार की उपलब्धि है. मुख्यमंत्री ने कहा कि UPI, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार ने भारत को डिजिटल भुगतान में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल किया है. उन्होंने कहा कि जन-धन योजना के जरिए करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया. देश में एक राष्ट्र, एक कर व्यवस्था लागू हुई. कोविड काल में भारत ने स्वदेशी वैक्सीन बनाई और दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया.
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट, रेलवे आधुनिकीकरण और मेक इन इंडिया के तहत रक्षा उत्पादन में तेजी आई है. स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत इसका उदाहरण है. मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और विकसित भारत का लक्ष्य पूरा करेगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED