अहमदाबाद से लंदन जा रहे एअर इंडिया विमान AI-171 के हादसे को आज एक साल पूरा हो गया है। सरकारी जांच एजेंसी AAIB ने मामले की जांच में बड़ी प्रगति की जानक …और पढ़ें
अहमदाबाद विमान हादसा।
एअर इंडिया AI-171 हादसे को एक साल पूरा।
सरकारी एजेंसी AAIB जांच में जुटी है।
जांच में मिली बड़ी प्रगति की खबर।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/अहमदाबाद। अहमदाबाद विमान हादसे को आज पूरे एक साल हो गए हैं। इंसाफ और सच के इंतजार में बैठे पीड़ित परिवारों के सब्र का बांध अब टूट रहा है। हर तरफ बस एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर इस तबाही की असली वजह क्या थी और जांच रिपोर्ट कब सामने आएगी? ऐसे में जनता के इसी आक्रोश और सुलगते सवालों के बीच, इस हादसे की परतें खंगाल रही सरकारी एजेंसी ‘विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो’ (AAIB) ने शुक्रवार को एक बड़ा बयान जारी किया है।
जांच ब्यूरो ने बताया है कि ब्लैक बॉक्स से लेकर विमान के तकनीकी सिस्टम की गहन जांच में टीम को बड़ी और महत्वपूर्ण कामयाबी मिली है, जो जल्द ही हादसे के काले सच से पर्दा उठाएगी। जांच एजेंसी ने साफ किया है कि वे इस दर्दनाक हादसे की तह तक जाने के लिए पूरी निष्पक्षता और वैज्ञानिक तरीकों से काम कर रहे हैं।
कहां तक पहुंची विमान हादसे की जांच?
जांच ब्यूरो AAIB ने बताया कि पिछले एक साल में जांच टीम ने हादसे से जुड़े हर पहलू की बेहद बारीकी और कड़ाई से जांच की है। विमान के सिस्टम, इंजन के हिस्सों और मेंटेनेंस (रखरखाव) के पुराने रिकॉर्ड्स को खंगाला गया है। ‘फ्लाइट रिकॉर्डर’ (ब्लैक बॉक्स) से मिले डेटा का गहरा विश्लेषण किया गया है।
अपने बयान में जांच ब्यूरो ने इस बात को भी साफ किया कि इस पूरी जांच में देश-विदेश के मान्यता प्राप्त प्रतिनिधियों, तकनीकी सलाहकारों और विमान क्षेत्र के विशेषज्ञों की मदद ली गई है, जिससे जांच में बड़ी प्रगति मिली है।
अब आगे क्या, कितना इंतजार?
बयान के मुताबिक, अब तक जितने भी सबूत और जांच के नतीजे सामने आए हैं, उनका आपस में मिलान करके एक मुकम्मल विश्लेषण किया जा रहा है। एजेंसी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो कुछ हिस्सों की और ज्यादा तकनीकी और विशेष जांच भी की जाएगी, ताकि अंतिम नतीजे पूरी तरह से प्रमाणित सबूतों और ठोस वैज्ञानिक आधार पर टिके हों।
इसके अलावा AAIB ने देश और दुनिया को भरोसा दिलाते हुए अपने बयान में कहा कि हम पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और कड़े नियमों के साथ इस जांच को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हादसे के हर छोटे-बड़े पहलू की जांच बेहद सावधानी से की जा रही है, ताकि जब अंतिम रिपोर्ट और सुरक्षा से जुड़े सुझाव सामने आएं, तो विमानन क्षेत्र से जुड़े हर व्यक्ति का उस पर पूरा भरोसा हो। हमारा अंतिम मकसद नागरिक उड्डयन को सुरक्षित बनाना है।
गौरतलब है कि पिछले साल 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट टेक-ऑफ के महज 32 सेकंड बाद क्रैश हो गई थी, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी। शुरुआती रिपोर्ट में पता चला था कि विमान के इंजन अचानक बंद हो गए थे, जिसके कारणों की अंतिम जांच अब आखिरी चरण में है।
यह भी पढ़ें- अहमदाबाद विमान हादसा: एक साल बाद भी अधर में न्याय, पीड़ित ने मांगी जांच में ईमानदारी और पारदर्शिता