सिटी िरपोर्टर| बेगूसराय
मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के 4236 पदों पर बहाली के लिए 14 और 17 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की है। कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले के आठों परीक्षा केंद्रों को डिजिटल निगरानी तंत्र से जोड़ा गया है। अभ्यर्थियों की पहचान बायोमेट्रिक सत्यापन से होगी, परीक्षा कक्षों की गतिविधियों पर लाइव सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल को रोकने के लिए मोबाइल जैमर लगाए जाएंगे।
परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को कारगिल विजय सभा भवन में डीएम श्रीकांत शास्त्री ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नकल, प्रतिरूपण, फर्जी अभ्यर्थी अथवा किसी भी अनुचित साधन के प्रयोग की स्थिति में बिहार लोक परीक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई होगी।
डीएम ने बताया कि 14 एवं 17 जून को दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से तथा दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से केंद्र में प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन या किसी भी प्रकार का संचार उपकरण केंद्र के भीतर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। विशेष बात यह है कि अभ्यर्थियों को पेन भी साथ लाने की आवश्यकता नहीं होगी। ओएमआर शीट भरने के लिए पेन परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध कराया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को ई-प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी और उड़नदस्ता दलों की तैनाती की गई है। इंटरनेट आधारित लाइव सीसीटीवी निगरानी, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी रहेगी। परीक्षा संचालन की केंद्रीय मॉनिटरिंग के लिए समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06243-222835 जारी किया गया है।
भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.